सास को देखने अस्पताल पहुंचा था दामाद, साले ने चाकू घोंपकर कर दी जीजा की हत्या, जानें वजह
कोटा के भारत विकास परिषद अस्पताल में पारिवारिक विवाद के बाद साले ने चाकू मारकर जीजा मौलिक जैन की हत्या कर दी. ICU के बाहर हुई वारदात में पुलिस ने आरोपी कपिल जैन को डिटेन किया है.
राजस्थान के कोटा शहर में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. दादाबाड़ी थाना क्षेत्र स्थित भारत विकास परिषद अस्पताल में गुरुवार सुबह एक सर्राफा कारोबारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. कारोबारी अपनी पत्नी के साथ अस्पताल में भर्ती सास से मिलने पहुंचे थे. इसी दौरान उनके साले से किसी पारिवारिक मामले को लेकर विवाद हो गया. कहासुनी इतनी बढ़ी कि साले ने चाकू से जीजा के सीने पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई. अस्पताल के दूसरे माले पर ICU के बाहर हुई इस वारदात से परिसर में सनसनी फैल गई. पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है.
सास से मिलने अस्पताल पहुंचे थे मौलिक जैन
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान तलवंडी निवासी मौलिक जैन (39) के रूप में हुई है. वह गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी पत्नी के साथ भारत विकास परिषद अस्पताल पहुंचे थे. उनकी सास बुधवार रात बाइक से गिरकर घायल हो गई थीं. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मौलिक अपनी सास का हालचाल जानने के लिए अस्पताल आए थे. इसी दौरान वहां मौजूद उनके साले कपिल जैन से विवाद हो गया.
पैसों को लेकर लंबे समय से चल रही थी अनबन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौलिक जैन और उनके साले कपिल जैन के बीच लंबे समय से पैसों को लेकर अनबन चल रही थी. इस मामले में पहले भी कई बार दोनों के बीच विवाद हो चुका था. परिजनों ने बैठकर कई बार समझौता कराने का प्रयास भी किया था, लेकिन इसके बावजूद आपसी तनाव खत्म नहीं हुआ. गुरुवार को अस्पताल में हुई कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया.
यह भी पढे़ं- सिरोही में लव मैरिज का खौफनाक अंजाम! गर्भवती पत्नी के सामने पति को कुल्हाड़ी और तलवार से काट डाला
सीने पर चाकू से किया वार, मौके पर मौत
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर कपिल जैन ने चाकू निकालकर मौलिक के सीने पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण मौलिक की मौके पर ही मौत हो गई. अस्पताल के दूसरे माले पर ICU के बाहर हुई इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. सूचना मिलने पर दादाबाड़ी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी साले कपिल जैन को डिटेन कर लिया है.
अस्पताल के CCTV कैमरे बंद होने की जानकारी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वारदात के समय अस्पताल के CCTV कैमरे बंद थे. ऐसे में पुलिस घटनाक्रम की पुष्टि के लिए अन्य साक्ष्य जुटा रही है. साथ ही मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं, ताकि घटना की पूरी जानकारी सामने आ सके.
यह भी पढे़ं- जयपुर में खूनी खेल: फॉर्च्यूनर को कैम्पर से मारी टक्कर, फिर कुल्हाड़ी से काटकर हिस्ट्रीशीटर की हत्या
दो छोटी बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
इस घटना से मौलिक जैन का परिवार गहरे सदमे में है. उनकी दो छोटी बेटियां हैं, जिनमें एक की उम्र चार साल और दूसरी की एक साल है. परिवार के लिए यह घटना बड़ा दुख बनकर सामने आई है. पुलिस ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
Reporter- Rahul Joshi