कोटा डिप्टी मेयर बनते ही विवेक राजवंशी का बड़ा बयान, कहा- कांग्रेस मैदान छोड़कर भाग गई
कोटा नगर निगम में बीजेपी के विवेक राजवंशी निर्विरोध डिप्टी मेयर चुने गए हैं. उनके अलावा किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा. कांग्रेस ने चुनाव का बहिष्कार करते हुए अपना प्रत्याशी नहीं उतारा. निर्विरोध चुने जाने के बाद राजवंशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह मैदान छोड़कर भाग गई.
Kota Deputy Mayor Election 2026: राजस्थान के कोटा नगर निगम में डिप्टी मेयर पद पर बीजेपी के विवेक राजवंशी निर्विरोध चुने गए हैं. डिप्टी मेयर पद के लिए भाजपा की ओर से विवेक राजवंशी का ही नामांकन दाखिल हुआ था. कांग्रेस ने चुनाव में प्रत्याशी नहीं उतारा और चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया था.
मेयर अनुसुईया गोस्वामी और वरिष्ठ पार्षद गोपालराम मंडा ने विवेक राजवंशी के नाम का नामांकन दाखिल करावाया था. इस दौरान बीजेपी के विधायक और सभी पार्षद एकजुट नजर आए थे. नामांकन के बाद विवेक राजवंशी ने कहा कि सभी मिलकर काम करेंगे.
'कांग्रेस मैदान छोड़कर भाग गई'
नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के लिए विवेक राजवंशी के नाम पर मुहर लगने के बाद उन्होंने शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं सामने रखी हैं. विवेक राजवंशी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी और आमजन व कार्यकर्ता सीधे उनसे मिलकर अपनी समस्याएं बता सकेंगे. अभी राष्ट्रीय दशहरा मेला उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसकी तैयारियां तत्काल शुरू करने और मेले में आने वाले लोगों को बेहतर व्यवस्थाएं देने पर जोर रहेगा.
इसके साथ ही कोटा को ग्रीन और क्लीन बनाने, सफाई व्यवस्था मजबूत करने और शहर में हरियाली बढ़ाने की बात कही है. राजवंशी ने दावा किया कि आने वाले एक साल में कोटा की सफाई और व्यवस्थाओं में बदलाव दिखाई देगा. वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी विचारधारा खो चुकी है और हार के डर से मैदान छोड़कर भाग खड़ी हुई. राजवंशी ने बताया कि कोटा नगर निगम में उनका लगभग 27 साल का अनुभव है और वे इसी अनुभव के आधार पर बेहतर शासन और प्रशासन चलाने की कोशिश करेंगे.
विवेक राजवंशी के नामांकन के दौरान बीजेपी के विधायक और पार्टी के पार्षद एक जगह मौजूद रहे थे. वीडियो में राजवंशी ने सभी से एकजुट रहकर कोटा के विकास के लिए काम करने की बात कही. वहीं, बीजेपी की ओर से निर्विरोध निर्वाचन के बाद आज ही पदभार ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः मेयर बनते ही 'अनुसुईया गोस्वामी' ने 'ओम बिरला' के आवास की चौखट पर टेका मत्था, दंडवत प्रणाम का वीडियो वायरल
एक दिन पहले अनुसुईया गोस्वामी बनी थीं मेयर
कोटा में मेयर पद पर भाजपा की अनुसुईया गोस्वामी के निर्वाचन के बाद अब डिप्टी मेयर पद भी बीजेपी के खाते में चला गया है. अनुसुईया गोस्वामी को बीजेपी ने आखिरी समय में वार्ड 98 से पार्षद रहते हुए मेयर पद का प्रत्याशी घोषित किया था. इससे पहले वे बीजेपी संगठन में सक्रिय रही हैं और कोटा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं. मेयर अनुसुईया गोस्वामी ने विवेक राजवंशी को उम्मीदवार बनाए जाने पर कहा कि वे उनके लिए बड़े भाई समान हैं और पार्टी को उन पर पूरा भरोसा है.
दोनों पदों पर भाजपा का दबदबा
कोटा नगर निगम में अब मेयर अनुसुईया गोस्वामी और डिप्टी मेयर विवेक राजवंशी की जोड़ी के सामने शहर के विकास, साफ-सफाई और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर काम करने की जिम्मेदारी होगी.
Report- Samkit Jain