'चाय बेचने वाला PM, किसान का बेटा CM': वंशवाद पर किरोड़ी लाल मीणा का बड़ा बयान
राजस्थान में परिवारवाद पर मुरारी लाल मीणा के बयान से सियासत गरमा गई है. कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने पलटवार करते हुए कहा कि काबिलियत हो तो किसान का बेटा भी नेता और मुख्यमंत्री बन सकता है.
राजस्थान में पंचायत चुनाव के बीच परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति को लेकर नई बहस छिड़ गई है. दौसा से कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा के किसान के बेटे के किसान, नेता के बेटे के नेता और IAS के बेटे के IAS बनने वाले बयान पर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और किसान का बेटा राजस्थान का मुख्यमंत्री बन सकता है, तो किसान का बेटा नेता भी बन सकता है. जिसके अंदर काबिलियत है, वह किसी भी पद तक पहुंच सकता है. किरोड़ी लाल मीणा ने यह बात पंचायत चुनाव के प्रचार के दौरान दौसा जिले के सिकराय क्षेत्र में कही.
मुरारी लाल मीणा ने क्या कहा था?
कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा ने शनिवार को सिकराय क्षेत्र में आयोजित एक चुनावी सभा में परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति को लेकर बयान दिया था. उन्होंने कहा था, “किसान का बेटा खेती नहीं करेगा तो और कौन करेगा, नेता का बेटा नेतागिरी नहीं करेगा तो और कौन करेगा, IAS का बेटा IAS क्यों नहीं बनेगा, बनेगा.”
उनके इस बयान के बाद राजनीति में परिवारवाद को लेकर बहस शुरू हो गई. सोशल मीडिया पर भी लोग इस बयान पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. खास बात यह है कि मुरारी लाल मीणा पहले यह कहते रहे हैं कि जब तक किसान का बेटा नीति निर्माण तक नहीं पहुंचेगा, तब तक किसानों का भला नहीं होगा. ऐसे में उनके नए बयान को लेकर चर्चा और तेज हो गई है.
किरोड़ी लाल मीणा ने दिया जवाब
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सांसद के बयान को खारिज करते हुए कहा कि राजनीति में आगे बढ़ने के लिए परिवार नहीं, बल्कि काबिलियत मायने रखती है. उन्होंने कहा कि चाय बेचने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और किसान का बेटा राजस्थान का मुख्यमंत्री बन सकता है, तो किसान का बेटा नेता क्यों नहीं बन सकता?
यह भी पढ़ें - शेखावाटी हेरिटेज समिट में CM भजनलाल का ऐलान, बोले- हवेलियों के मूल स्वरूप का होगा संरक्षण
उनका कहना था कि किसी व्यक्ति में योग्यता और मेहनत करने की क्षमता है, तो वह किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है. उनके इस बयान को मुरारी लाल मीणा की परिवारवाद संबंधी टिप्पणी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है.
कौन हैं किरोड़ी लाल मीणा और मुरारी लाल मीणा?
डॉ. किरोड़ी लाल मीणा राजस्थान की राजनीति के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं. वह बीजेपी से जुड़े हैं और राज्य सरकार में कृषि मंत्री हैं. वह पूर्वी राजस्थान, खासकर दौसा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय राजनीति के लिए जाने जाते हैं.
वहीं, मुरारी लाल मीणा कांग्रेस के नेता और दौसा से सांसद हैं. वह भी दौसा क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं. पंचायत चुनाव के दौरान उनके परिवारवाद संबंधी बयान और उस पर किरोड़ी लाल मीणा के जवाब ने दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी को चर्चा में ला दिया है.
Reporter - Laxmi Sharma