खाटू श्याम जी मेले के लिए रेलवे के खास इंतजाम: 13 स्पेशल ट्रेनें, 39 ट्रिप और रींगस स्टेशन पर मिलेंगी ये सुविधाएं
खाटूश्यामजी के देवउठनी एकादशी मेले को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने रींगस रेलवे स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 13 स्पेशल ट्रेनों की 39 ट्रिप संचालित की जा रही हैं. स्टेशन पर 3 अतिरिक्त टिकट काउंटर और 8 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं.
देवउठनी एकादशी मेले के मौके पर रेलवे प्रशासन ने रींगस रेलवे स्टेशन पर विशेष इंतजाम किए हैं. एक तरफ जहां रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं में विस्तार किया है. वहीं, श्रद्धालुओं के आसान आवागमन के लिए स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है. साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ाई गई है.
खाटूश्यामजी में आयोजित होने वाले देवउठनी एकादशी मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधाओं के लिए उत्तर-पश्चिम रेलवे द्वारा रींगस रेलवे स्टेशन पर विशेष तैयारियां की गई हैं. मेले के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ की संभावना को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है.
13 स्पेशल ट्रेन की सुविधा
13 स्पेशल ट्रेनों की कुल 39 ट्रिप संचालित की जा रही हैं. रींगस से रेवाड़ी, जयपुर, फुलेरा और दिल्ली की ओर ये ट्रेनें चलाई जा रही हैं. इन ट्रेनों के संचालन से खाटूश्यामजी आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल रही है. यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए रींगस स्टेशन पर 3 अतिरिक्त टिकट काउंटर स्थापित किए गए हैं. स्टेशन पर 8 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन भी लगाई गई हैं. इन मशीनों से यात्री स्वयं टिकट ले सकते हैं. टिकट काउंटरों पर अधिक भीड़ होने की स्थिति में अतिरिक्त मोबाइल यूटीएस टिकट मशीनों के माध्यम से भी टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है.
यह भी पढ़ेंः Khatu Shyam Ji
ये स्पेशल ट्रेनें हो रही संचालित
04747 हिसार-रींगस अनारक्षित 19 से 21 नवंबर तक सुबह 9:55 बजे चलेगी
04748 रींगस-हिसार अनारक्षित 19 से 21 नवंबर तक शाम 5:50 बजे चलेगी
04472 दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस अनारक्षित 19 से 21 नवंबर तक शाम 7:10 बजे चलेगी
04471 रींगस-दिल्ली सराय रोहिल्ला अनारक्षित 19 से 22 नवंबर तक रात 2 बजे चलेगी
04474 दिल्ली सराय-ढेहर का बालाजी (जयपुर) अनारक्षित 19 व 20 नवंबर को रात 11:55 बजे चलेगी
04473 ढेहर का बालाजी(जयपुर)-दिल्ली सराय अनारक्षित 19 से 21 नवंबर तक सुबह 6:50 बजे चलेगी
04747 हिसार-रींगस अनारक्षित 19 से 22 नवंबर तक सुबह 9:55 बजे चलेगी
04748 रींगस-हिसार अनारक्षित 19 से 22 नवंबर तक शाम 5:50 बजे चलेगी
04745 कुरुक्षेत्र-फुलेरा अनारक्षित 19 से 21 नवंबर तक रात 11:30 बजे चलेगी
04746 फुलेरा-कुरुक्षेत्र अनारक्षित 19 से 22 नवंबर तक सुबह 9:50 बजे चलेगी
मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए वाणिज्यिक विभाग के अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है. सुरक्षा के लिहाज से रेलवे सुरक्षा बल के अतिरिक्त जवान लगाए गए हैं. स्टेशन परिसर एवं यात्रियों की गतिविधियों पर मेला अवधि के दौरान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. इसके लिए वार रूम तथा मुख्यालय स्तर पर यात्री सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके. रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे प्रशासन का सहयोग करें.