SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पत्नी-बेटी से मनमुटाव... राहुल बना हैवान! 4 कत्ल के बाद मंदिर-मंदिर भटका, फिर आत्महत्या का सोचा

Kardhani Murder Case: जयपुर के करधनी इलाके में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी राहुल झा का पत्नी और बड़ी बेटी से विवाद चल रहा था. वारदात के बाद वह मोबाइल घर पर छोड़कर निकल गया और कई मंदिरों में गया. पुलिस ने खाटूश्यामजी और रींगस में उसकी तलाश करते हुए उसे हिरासत में लिया. पूछताछ में राहुल ने हत्या के बाद आत्महत्या के बारे में सोचने की बात भी बताई है. पुलिस अब आरोपी के बयानों की तस्दीक कर रही है.

Reported By Vishnu Prakash Sharma Written By Ansh Raj
Published: Sep 15, 2026, 07:43 AM IST | Updated: Sep 15, 2026, 07:44 AM IST
Image Credit: Kardhani Murder Case
Join

Jaipur Murder Case: जयपुर के करधनी थाना इलाके की गोविंद वाटिका में एक ही परिवार की चार हत्याओं के मामले में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतकों का पिता और पति राहुल झा है. आरोप है कि राहुल ने अपनी पत्नी गीता झा और तीन बेटियों की हत्या कर दी. पुलिस की शुरुआती जांच में पत्नी और बड़ी बेटी से चल रहा मनमुटाव हत्या की वजह सामने आया है.


घर में मिलीं पत्नी और तीन बेटियों की लाशें
गोविंद वाटिका स्थित घर में शुक्रवार सुबह तक परिवार के छह सदस्य मौजूद थे. इसके बाद घर में चार शव मिले. ग्राउंड फ्लोर पर तीन बेटियों के शव पड़े थे, जबकि पहली मंजिल पर उनकी मां गीता झा का शव मिला. मौके पर खून बिखरा हुआ था. घटना की जानकारी परिवार के बुजुर्ग सदस्य लक्ष्मीनाथ झा को हुई, जिसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. जांच के दौरान पुलिस को राहुल पर शक हुआ. राहुल घर से गायब था, जबकि उसका मोबाइल घर पर ही मिला. पुलिस के मुताबिक घटना के बाद वह अपने बुजुर्ग पिता को चाय बनाकर पिलाकर घर से निकला था.


मोबाइल घर पर छोड़ा, पुलिस को चकमा देने की कोशिश
पुलिस के अनुसार राहुल ने अपना मोबाइल जानबूझकर घर पर छोड़ दिया था, ताकि उसकी लोकेशन आसानी से ट्रेस न हो सके. शुरुआती जांच में हत्या के पीछे कर्ज की आशंका भी जताई गई थी, लेकिन आगे की पूछताछ और जांच में मामला पारिवारिक विवाद की तरफ बढ़ा. पुलिस ने राहुल की तलाश के लिए कई टीमें लगाईं. शनिवार को उसकी सूचना देने वाले पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था.


पत्नी और बड़ी बेटी से चल रहा था विवाद
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक राहुल की अपनी पत्नी और बड़ी बेटी नंदिनी से कुछ मुद्दों को लेकर अनबन चल रही थी. पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसे लगता था कि उसकी पत्नी बड़ी बेटी को सही रास्ता नहीं दिखा रही है और इसका असर छोटी बेटियों पर भी पड़ रहा है. पुलिस के अनुसार राहुल को शक था कि बड़ी बेटी का किसी युवक से अफेयर है और वह रात में उससे मिलने घर आता है. वह अपनी पत्नी से बेटी को समझाने के लिए कहता था, लेकिन पत्नी बेटी का पक्ष लेती थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था. पुलिस के मुताबिक राहुल ने बताया कि बड़ी बेटी अक्सर परिचितों के साथ बाहर जाती थी. हाल ही में वह एक परिचित युवक के साथ कांवड़ लेकर भी आई थी. राहुल ने उसे अनजान लोगों के संपर्क से दूर रहने के लिए कई बार समझाया था.

ये भी पढ़ें- बड़ी बेटी के Affair से नाराज था राहुल: बच्चियों का साथ देती थी मां, इसलिए कर दी हत्या 

छोटी बेटियों को भी क्यों बनाया निशाना?
पुलिस की प्रथमदृष्टया जांच के अनुसार राहुल पत्नी और बड़ी बेटी की हत्या की योजना बना रहा था. पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसके दिमाग में यह बात थी कि अगर दोनों की हत्या के बाद वह जेल चला गया तो छोटी बेटियों की देखभाल कौन करेगा. पुलिस के मुताबिक इसी सोच के चलते उसने छोटी बेटियों को भी मार डाला. वहीं अपने बुजुर्ग पिता को उसने जीवित छोड़ा. पूछताछ में राहुल ने कथित तौर पर बताया कि पिता को पेंशन मिलती है और उसका बड़ा भाई उनकी देखभाल कर लेगा.


हत्या के बाद मंदिर-मंदिर भटका राहुल
पुलिस के मुताबिक पत्नी और बेटियों की हत्या के बाद राहुल घर से करीब 800 रुपये लेकर निकला. वह ई-रिक्शा से झोटवाड़ा कांटा स्थित हनुमान मंदिर पहुंचा और करीब डेढ़ घंटे वहां बैठा रहा. इसके बाद अंबाबाड़ी स्थित माताजी मंदिर गया और कुछ समय वहां बिताया. इसके बाद वह पापड़ वाले हनुमानजी के दर्शन करने पहुंचा और फिर खाटूश्यामजी चला गया. पुलिस के अनुसार राहुल अक्सर खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जाता था. पड़ोसियों से मिली इसी जानकारी ने पुलिस की जांच में मदद की.


खाटूश्यामजी के CCTV से रींगस तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने खाटूश्यामजी में CCTV फुटेज खंगाले तो राहुल वहां दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन और मूवमेंट का पीछा किया. जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम को राहुल के रींगस में होने की जानकारी मिली. डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक पुलिस टीम रींगस पहुंची और राहुल को हिरासत में लेकर जयपुर लाई. इसके बाद उससे पूछताछ शुरू की गई.


होटल में रुका, पैसे खत्म हुए तो अंगूठी बेची
पूछताछ में सामने आया कि 11 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे घर से निकलने के बाद राहुल खाटूश्यामजी पहुंचा था. वहां उसने एक होटल में कमरा लिया. कुछ समय बाद होटल में खर्च करने के लिए उसके पैसे खत्म हो गए. पुलिस के अनुसार राहुल ने अपनी चांदी की अंगूठी बेचकर पैसे जुटाने की कोशिश की, लेकिन होटल संचालक ने अंगूठी के बदले पैसे देने से इनकार कर दिया. बाद में उसने अंगूठी करीब 350 रुपये में बेच दी. इसके बाद वह होटल छोड़कर रींगस चला गया, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया.


क्राइम सीरियल देखकर बनाई बचने की रणनीति?
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह अक्सर क्राइम पेट्रोल जैसे सीरियल देखता था. बेटी के घर छोड़कर जाने के मामलों में पुलिस किस तरह तलाश करती है, इसकी जानकारी भी उसे थी. इसी वजह से उसने पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल घर पर छोड़ दिया. हालांकि पुलिस ने CCTV और अन्य जांच के आधार पर उसके मूवमेंट का पता लगा लिया. पूछताछ में राहुल ने हत्या के बाद पाप का प्रायश्चित करने के लिए मंदिर जाने और आत्महत्या के बारे में सोचने की बात भी बताई है. इन दावों और आरोपी के बयानों की पुलिस अब तस्दीक कर रही है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES