App

दर्शन करने जा रहे हैं कैलादेवी: जाने से पहले पढ़ लें रूट, पार्किंग और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Karauli News: कैलादेवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि मेले की शुरुआत हो गई है. 20 अक्टूबर तक चलने वाले मेले में करीब 250 पुलिसकर्मी और 300 से अधिक CCTV कैमरों से निगरानी होगी. श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा और दिव्यांगों हेतु ट्राईसाइकिल की सुविधा की गई है.

दर्शन करने जा रहे हैं कैलादेवी: जाने से पहले पढ़ लें रूट, पार्किंग और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Image Credit: कालीसिंध नदी के घाटों पर भी विशेष इंतजाम.

Karauli News: प्रसिद्ध कैलादेवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि मेले की शुरुआत विधिविधान के साथ हो गई है. मेले के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचे और धोक लगाकर अपनी मनौती मांगी. यह मेला 20 अक्टूबर तक चलेगा. इस दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने सुरक्षा, यातायात, सफाई और दूसरी जरूरी सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.

नवरात्रि में होंगे विशेष पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजन
राज ऋषि प्रकाश जती ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अनुष्ठान किए जाएंगे. इस दौरान 101 दुर्गा सप्तशती और 108 भैरव स्तोत्र का पाठ होगा. इसके साथ ही दुर्गा भागवत का आयोजन भी किया जा रहा है. नवरात्रि के सभी दिनों में कन्या पूजन की परंपरा निभाई जाएगी और कन्याओं को भोजन कराया जाएगा. मंदिर में होने वाले इन धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है.

जिला कलेक्टर और एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
मेले की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा मंदिर परिसर पहुंचे. उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली. वहीं, पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने कानून व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक प्रदीप द्विवेदी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी दी.

सुरक्षा के लिए 250 पुलिसकर्मी और 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 250 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है. इसके अलावा जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों को भी तैनात किया है, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके.

कालीसिंध नदी के घाटों पर भी विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कालीसिंध नदी के घाटों पर सफाई और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. यहां गोताखोरों की व्यवस्था भी की गई है. मंदिर आने वाले लोगों के लिए पेयजल, साफ-सफाई, विश्राम स्थल और पार्किंग की सुविधा पर ध्यान दिया गया है. प्रवेश और निकास मार्गों के साथ कतार व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने की तैयारी की गई है.

दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए ट्राईसाइकिल की सुविधा
मेले में दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई है. इसके साथ ही चिकित्सा सेवाओं, एंबुलेंस और आपातकालीन व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. मंदिर ट्रस्ट के करीब 200 कर्मचारी मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं को संभाल रहे हैं.

सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश
जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का जोर सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बनाए रखने पर है, ताकि 20 अक्टूबर तक चलने वाले नवरात्रि मेले में आने वाले भक्तों को माता के दर्शन करने में किसी तरह की दिक्कत न हो.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More