SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

85 साल पुरानी शैक्षणिक विरासत पर संकट! पूर्व छात्रों का ऐलान- किसी कीमत पर नहीं बिकने देंगे सेठ मोतीलाल कॉलेज की जमीन

झुंझुनूं के 85 साल पुराने सेठ मोतीलाल कॉलेज की जमीन बेचने की चर्चाओं पर पूर्व छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया है. कॉलेज बचाओ एवं बढ़ाओ समिति ने बैठक कर कहा कि आर्थिक संकट होने पर समाज मदद करेगा, लेकिन कॉलेज की जमीन किसी कीमत पर नहीं बिकने दी जाएगी.

Reported By Sandeep Kedia Written By Ansh Raj
Published: Nov 15, 2026, 17:20 IST | Updated: Nov 15, 2026, 17:22 IST
Image Credit: Seth Motilal College
Join

शेखावाटी की शैक्षणिक पहचान माने जाने वाले सेठ मोतीलाल कॉलेज की जमीन बेचने की चर्चाओं ने शहर में हलचल मचा दी है. करीब 85 साल पुराने इस शिक्षण संस्थान की जमीन को लेकर सामने आ रही जानकारियों के बाद कॉलेज के पूर्व छात्र और शहर के प्रबुद्धजन एकजुट हो गए हैं. कॉलेज बचाओ एवं बढ़ाओ समिति की बैठक में पूर्व छात्रों ने साफ कहा कि किसी भी कीमत पर कॉलेज की जमीन नहीं बिकने दी जाएगी. उनका कहना है कि यदि कॉलेज प्रबंधन आर्थिक संकट से जूझ रहा है तो पूरा झुंझुनूं समाज आर्थिक मदद के लिए तैयार है, लेकिन संस्थान की जमीन बेचने का रास्ता स्वीकार नहीं होगा.

कॉलेज बचाओ एवं बढ़ाओ समिति की बैठक में साझा की जानकारियां

कॉलेज की जमीन को लेकर उठे विवाद के बीच आयोजित बैठक में समिति के सदस्यों ने अब तक हुई कार्रवाई और प्राप्त जानकारियां साझा कीं. बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि यह केवल जमीन का मामला नहीं है, बल्कि झुंझुनूं की शैक्षणिक विरासत और हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा सवाल है.

पूर्व छात्रों ने शहरवासियों से भी इस अभियान में शामिल होने की अपील की. समिति अब अधिक से अधिक पूर्व छात्रों और जागरूक नागरिकों को जोड़कर कॉलेज की संपत्ति बचाने के लिए जनसमर्थन जुटाने की तैयारी कर रही है.

85 साल पहले सेठ मोतीलाल ने की थी संस्थान की स्थापना

कॉलेज के पूर्व छात्र परमेश्वरलाल हलवाई ने कहा कि सेठ मोतीलाल जी ने करीब 85 साल पहले लोककल्याण की भावना और दूरदर्शी सोच के साथ इस संस्थान की स्थापना की थी. आज इस विरासत को बचाना केवल ट्रस्टियों और कॉलेज प्रबंधन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे जिले के नागरिकों और जिला प्रशासन का भी नैतिक दायित्व है.

उन्होंने कहा कि शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण के दौर में पुरानी शिक्षण संस्थाएं धीरे-धीरे अपना अस्तित्व और गौरव खो रही हैं. गोयनका सागर का उदाहरण देते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि कभी विशाल रहे जलाशय की जमीन कम हो गई तो आखिर पुरानी संस्थाओं की जमीनें लगातार कम क्यों होती जा रही हैं? उन्होंने स्पष्ट किया कि सेठ मोतीलाल कॉलेज के साथ ऐसा किसी भी हाल में नहीं होने दिया जाएगा.

हलवाई ने ट्रस्टियों और प्रबंधन से अपील की कि वे संकट की इस घड़ी में धैर्य और पारदर्शिता के साथ आगे आएं. कॉलेज का पुराना गौरव लौटाने के लिए एक सुनियोजित योजना बनाई जाए. उन्होंने कहा कि यह संगठन किसी एक गुट या कुछ व्यक्तियों का नहीं, बल्कि पूरे झुंझुनूं समाज का है.

तीन पीढ़ियों का परिवार कॉलेज से जुड़ा, अब जमीन बचाने की मुहिम

पूर्व छात्र मनीष बगड़िया ने कहा कि कॉलेज की जमीन बेचने के प्रयासों की चर्चा सामने आने से उन्हें गहरा दुख हुआ. उन्होंने बताया कि उनके पिता ने इसी कॉलेज में पढ़ाई की थी. उन्होंने खुद यहां से स्नातक किया और अब उनके बेटे ने भी इसी संस्थान से शिक्षा प्राप्त की है. इस तरह उनका परिवार तीन पीढ़ियों से कॉलेज से जुड़ा हुआ है.

बगड़िया ने बताया कि रानी सती मंदिर के सामने उनकी दुकान है. देश-विदेश में कारोबार करने वाले कॉलेज के कई पूर्व छात्र जब झुंझुनूं आते हैं तो मंदिर दर्शन के साथ इस कॉलेज के प्रति भी अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं. उनके लिए यह संस्थान सिर्फ पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और सफलता की बुनियाद रहा है.

उन्होंने कहा कि कॉलेज ने हजारों विद्यार्थियों का भविष्य बनाया है और आने वाली पीढ़ियों को भी शिक्षा देने का काम जारी रहना चाहिए. इसलिए इसकी जमीन और संपत्ति को बचाना पूरे समाज की जिम्मेदारी है.

आर्थिक परेशानी है तो समाज करेगा मदद

मनीष बगड़िया ने कॉलेज प्रबंधन को भरोसा दिलाया कि यदि संस्थान के संचालन में आर्थिक परेशानी है तो झुंझुनूं का समाज आर्थिक सहयोग देने के लिए तैयार है. प्रशासनिक समस्या है तो उसमें भी सभी लोग साथ खड़े होंगे. उन्होंने कहा कि ट्रस्टियों को समाज से मदद लेने में किसी तरह की झिझक नहीं होनी चाहिए.

पूर्व छात्रों का कहना है कि कॉलेज की समस्याओं का समाधान बातचीत और सामूहिक सहयोग से निकाला जा सकता है. आर्थिक या प्रशासनिक दिक्कतों के कारण संस्थान की जमीन बेचने की नौबत नहीं आनी चाहिए. कॉलेज की संपत्ति कम करने के बजाय उसे आगे बढ़ाने की जरूरत है.

पूर्व छात्रों से जुड़ने की अपील, प्रबंधन के रुख पर नजर

बैठक से निकला संदेश साफ है कि पूर्व छात्र और शहर के प्रबुद्धजन अब कॉलेज की जमीन को लेकर उठे सवालों को केवल चर्चा तक सीमित नहीं रखना चाहते. समिति का प्रयास है कि अधिक से अधिक पूर्व छात्रों और नागरिकों को इस अभियान से जोड़ा जाए, ताकि संस्थान की संपत्ति और शैक्षणिक पहचान को सुरक्षित रखा जा सके.

अब सभी की निगाहें कॉलेज प्रबंधन और ट्रस्टियों के रुख पर टिकी हैं. पूर्व छात्रों ने एक बार फिर दोहराया कि समाज हर तरह की आर्थिक और प्रशासनिक मदद के लिए तैयार है, लेकिन सेठ मोतीलाल कॉलेज की जमीन किसी कीमत पर बेचने नहीं दी जाएगी.

इस मौके पर नितिन नारनौली, अंजनी जालान, सुरेंद्र अग्रवाल चिड़ावावाला, गणेश तिवाड़ी, राकेश सहल सहित अन्य लोग मौजूद रहे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संदीप केडिया झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे के निवासी और वरिष्ठ पत्रकार हैं. वे पिछले करीब 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा वर्ष 2015 से Zee Media से जुड़े हुए हैं. उन्होंने VMOU Kota से बीजेएमसी और एमजेएमसी की पढ़ाई की है. संदीप केडिया को झुंझुनूं जिले की पत्रकारिता के मजबूत और भरोसेमंद नामों में गिना जाता है. राजस्थान सरकार के अधिस्वीकृत पत्रकारों की सूची में 2013 से शामिल संदीप केडिया को प्रिंट और सोशल मीडिया का भी अच्छा खासा अनुभव है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES