SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

झुंझुनूं में BJP का टिकट फॉर्मूला तैयार: 10 अक्टूबर तक आवेदन, फिर हर वार्ड से 3 नामों का पैनल

Jhunjhunu News: झुंझुनूं में पंचायती राज चुनाव को लेकर BJP ने टिकट चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है. 10 अक्टूबर तक आवेदन लिए जाएंगे. इसके बाद हर वार्ड से तीन दावेदारों का पैनल बनेगा, जिसमें सर्वे रिपोर्ट और जीत की संभावना को भी महत्व दिया जाएगा.

Written By Sandhya Yadav
Published: Oct 07, 2026, 05:20 PM IST | Updated: Oct 07, 2026, 05:23 PM IST
Image Credit: झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू के कार्यालय में टिकट को लेकर रायशुमारी हुई.
Join

Jhunjhunu News: झुंझुनूं में पंचायती राज चुनाव को लेकर भाजपा ने टिकट चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है. झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र में जिला परिषद और पंचायत समिति वार्डों के लिए संभावित उम्मीदवारों से आवेदन लिए जा रहे हैं. इसी सिलसिले में झुंझुनूं से भाजपा विधायक राजेंद्र भांबू के कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में दावेदारों से आवेदन लेने के साथ टिकट को लेकर रायशुमारी भी की गई.

विधायक भांबू के कार्यालय में हुई बैठक
बैठक में झुंझुनूं और चिड़ावा पंचायत समिति के वार्डों के साथ जिला परिषद वार्डों को लेकर चर्चा हुई. संभावित उम्मीदवारों ने अपने टिकट आवेदन विधायक राजेंद्र भांबू को सौंपे. खास बात यह रही कि विधायक भांबू ने सभी आवेदनों की जानकारी खुद अपनी डायरी में नोट की.

इस दौरान टिकट के दावेदार और उनके समर्थक विधायक के सामने अपने-अपने दावे रखते नजर आए. दावेदारों ने अपने राजनीतिक जनाधार, क्षेत्र में पकड़ और चुनाव जीतने की संभावनाओं को लेकर अपना पक्ष रखा. साथ ही चुनाव में किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाना है, इस पर भी चर्चा हुई.

10 अक्टूबर तक लिए जाएंगे आवेदन
विधायक राजेंद्र भांबू ने बताया कि करीब 10 अक्टूबर तक सभी इच्छुक दावेदारों से आवेदन लिए जाएंगे. इसके बाद 11 और 12 अक्टूबर तक आवेदन करने वाले संभावित उम्मीदवारों को उनके समर्थकों के साथ दोबारा बुलाया जाएगा.

इस दौरान पार्टी की ओर से कराए जा रहे सर्वे की रिपोर्ट भी सामने आने की संभावना है. संयोजक, प्रभारी और अन्य टीमें अलग-अलग स्तर पर दावेदारों की जीत की संभावनाओं को लेकर सर्वे कर रही हैं.

हर वार्ड के लिए बनेगा तीन नामों का पैनल
विधायक भांबू ने बताया कि सभी आवेदनों को सूचीबद्ध करने के बाद प्रत्येक वार्ड के लिए तीन-तीन दावेदारों का पैनल तैयार किया जाएगा. इसके बाद प्रदेश संगठन की ओर से नियुक्त प्रभारी और सह-प्रभारियों के साथ चर्चा कर पैनल को अंतिम रूप दिया जाएगा. तैयार पैनल प्रदेश संगठन को भेजा जाएगा. इसके बाद पार्टी स्तर पर टिकट को लेकर अंतिम निर्णय होगा. ऐसे में आने वाले दिनों में टिकट के दावेदारों की सक्रियता और बढ़ने के आसार हैं.

झुंझुनूं में 19 और चिड़ावा में 8 वार्ड
विधायक ने बताया कि झुंझुनूं पंचायत समिति में 19 वार्ड और चिड़ावा पंचायत समिति में 8 वार्ड हैं. लगभग सभी वार्डों से अभी तक औसतन दो से तीन आवेदन प्राप्त हुए हैं. जिला परिषद सदस्य पदों को लेकर भी पार्टी स्तर पर रायशुमारी की जा रही है.

जिला भाजपा कार्यालय में भी हुई बैठक
इस बैठक से पहले जिला भाजपा कार्यालय में प्रदेश संगठन के संभाग सह प्रभारी मोतीलाल मीणा, जिला प्रभारी कमल सिखवाल, जनप्रतिनिधियों, संयोजकों और प्रभारियों की बैठक हुई. इसमें जिला परिषद और पंचायत समिति के संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा की गई.

बैठक में सर्वे और टिकट चयन की रणनीति को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया. भाजपा की प्रक्रिया से साफ है कि टिकट के लिए केवल आवेदन को आधार नहीं बनाया जाएगा. दावेदार की जीत की संभावना, सर्वे रिपोर्ट और संगठन की राय को भी महत्व दिया जाएगा. अब 10 अक्टूबर तक आवेदन लेने और इसके बाद पैनल तैयार करने की प्रक्रिया पर नजर रहेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES