SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

12 से 15 साल की बच्चियों को जिस्म फरोशी के धंधे में धकेल रहे थे परिजन! स्पाई कैमरे से पकड़ा देह व्यापार का खेल, 2 STD से पीड़ित

झालावाड़ के भवानीमंडी क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा कर 6 नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू किया. मामले में परिजन और दलालों समेत 5 आरोपी गिरफ्तार हुए. 5 बालिकाओं के बार-बार शोषण के साक्ष्य मिले, जबकि 2 STD से पीड़ित पाई गईं.

Written By Ansh Raj
Published: Nov 06, 2026, 05:11 PM IST | Updated: Nov 06, 2026, 05:12 PM IST
Image Credit: Jhalawar Crime News
Join

राजस्थान के झालावाड़ में नाबालिग बालिकाओं से देह व्यापार कराने के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. पुलिस ने भवानीमंडी थाना क्षेत्र की चिह्नित बस्तियों में कार्रवाई कर 6 नाबालिग बालिकाओं को रेस्क्यू कराया है. इस मामले में पीड़ित बालिकाओं के परिवारजन, पड़ोसी और रिश्तेदारों सहित 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, 2 अन्य लोगों को भी डिटेन किया गया है. जांच में 5 बालिकाओं के साथ बार-बार यौन शोषण किए जाने के साक्ष्य मिले हैं. वहीं, 2 बालिकाएं यौन संचारित रोग (STD) से पीड़ित पाई गई हैं.

7 अक्टूबर को मिली थी गोपनीय शिकायत

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मुताबिक, 7 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय में एक गोपनीय शिकायत मिली थी. इसमें बताया गया था कि भवानीमंडी क्षेत्र की बाछड़ा समुदाय की बस्तियों में कुछ परिवार अपनी ही नाबालिग बेटियों को देह व्यापार में धकेल रहे हैं. ग्राहकों से मिलने वाली रकम परिजन और दलाल आपस में बांटते थे. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष श्रोत्रिय के नेतृत्व में विशेष जांच दल बनाया गया.

स्पाई कैमरे से जुटाए सबूत, 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने दी दबिश

पुलिस ने डिकॉय ऑपरेशन चलाकर स्पाई कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों के वीडियो और डिजिटल साक्ष्य जुटाए. इसके बाद 3 नवंबर 2026 को 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने चिह्नित स्थानों पर एक साथ दबिश दी. इस कार्रवाई में 6 नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया. टीम में सादा कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं.

वीडियो में परिजन और दलालों की भूमिका आई सामने

पुलिस के अनुसार, डिकॉय ऑपरेशन के दौरान रिकॉर्ड किए गए वीडियो में रेस्क्यू की गई 3 बालिकाएं दिखाई दीं. वीडियो में परिजनों और दलालों की ओर से ग्राहकों से 10 से 20 मिनट के अनैतिक कृत्य के बदले रकम मांगने और अन्य कम उम्र की बच्चियों को ग्राहकों के सामने पेश करने के दृश्य रिकॉर्ड हुए.

5 बालिकाओं के शोषण की पुष्टि, 2 STD से पीड़ित

मेडिकल परीक्षण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 6 में से 5 बालिकाओं के साथ बार-बार देह शोषण किए जाने की पुष्टि हुई है. एक बालिका के मामले में जांच जारी है. वहीं, 2 बालिकाएं STD से पीड़ित मिलीं. उनका विशेषज्ञों की निगरानी में उपचार और टीकाकरण शुरू कराया गया है.

5 आरोपी गिरफ्तार, 3 दिन के रिमांड पर

पुलिस ने हीरा बाई (34), धापू बाई (35), रोड़ी बाई (32), छानमल (48) और पप्पू (22) को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. बालिकाओं का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया. समिति के आदेश पर सभी को बालिका गृह भेजा गया है. मामले में पॉक्सो एक्ट और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत केस दर्ज है. पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के नेतृत्व में SIT बनाई है. अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की जांच जारी है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES