JEE Main 2027: जल्दी फॉर्म भरने से नहीं मिलेगा मनचाहा शहर, NTA का बड़ा फैसला
कोटा में इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Main 2027 की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा केंद्र, शहर और स्लॉट आवंटन को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है. परीक्षा के लिए आवेदन करते वक्त छात्र अपनी पसंद के आधार पर परीक्षा का शहर, केंद्र या शिफ्ट तय नहीं कर सकेंगे. इनका आवंटन कंप्यूटर सिस्टम के जरिए ऑटोमेटिक और रैंडम तरीके से किया जाएगा. NTA ने स्पष्ट किया है कि एक बार परीक्षा का शहर और केंद्र आवंटित होने के बाद उसमें बदलाव नहीं किया जाएगा.
आवेदन प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के बीच ये असमंजस था, कि पहले फॉर्म भरने वाले विद्यार्थियों को उनकी पसंद का परीक्षा स्लॉट और शहर मिल सकता है. एजेंसी की ओर से जारी स्पष्टीकरण के बाद ये स्थिति साफ हो गई है. परीक्षा का स्लॉट और शहर आवेदन भरने के क्रम के आधार पर तय नहीं होगा, बल्कि कंप्यूटर आधारित व्यवस्था से आवंटित किया जाएगा.
फॉर्म जल्दी भरने से पसंद का स्लॉट मिलने की गारंटी नहीं
JEE Main के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को ये समझना होगा कि आवेदन की तारीख और परीक्षा स्लॉट के आवंटन का आपस में सीधा संबंध नहीं है. पहले आवेदन करने से पसंदीदा शहर या शिफ्ट मिलने की गारंटी नहीं होगी. परीक्षा का शेड्यूल और केंद्र कंप्यूटर सिस्टम के जरिए रैंडम तरीके से तय किए जाएंगे. NTA ने यह भी स्पष्ट किया है, कि परीक्षा का शहर और केंद्र आवंटित होने के बाद उनमें बदलाव का विकल्प नहीं मिलेगा. हालांकि, आवेदन फॉर्म में कुछ निर्धारित जानकारियों में सुधार का अवसर दिया जाएगा. ऐसे में विद्यार्थियों को फॉर्म भरते समय सभी जानकारियां सावधानी से दर्ज करनी होंगी.
जनवरी में दो चरणों में होगी JEE Main की परीक्षा
JEE Main 2027 का पहला सत्र जनवरी में आयोजित किया जाएगा. परीक्षा 20 से 24 जनवरी और 28 जनवरी को प्रस्तावित है. इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली इस परीक्षा में देशभर के लाखों विद्यार्थी शामिल होंगे. विशेषज्ञों के अनुसार, परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को केवल परीक्षा केंद्र और शिफ्ट की चिंता करने के बजाय अपनी तैयारी पर अधिक ध्यान देना चाहिए. खासकर पहले सत्र में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए विद्यार्थियों को मॉक टेस्ट, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र और समय प्रबंधन पर फोकस करना चाहिए.
दूसरे सत्र के लिए बाद में भी कर सकेंगे आवेदन
NTA की व्यवस्था के अनुसार, जो विद्यार्थी जनवरी में होने वाले पहले सत्र के लिए आवेदन कर रहे हैं और बाद में अप्रैल में होने वाले दूसरे सत्र में भी परीक्षा देना चाहते हैं, उन्हें दूसरे सत्र के लिए अलग से आवेदन का अवसर मिलेगा. अगर कोई अभ्यर्थी केवल दूसरे सत्र की परीक्षा देना चाहता है तो वो भी दूसरे सत्र का आवेदन फॉर्म खुलने के बाद रजिस्ट्रेशन कर सकता है. वहीं, जनवरी सत्र के लिए आवेदन करने से चूकने वाले विद्यार्थियों के पास भी दूसरे सत्र में शामिल होने का विकल्प रहेगा.
पहले सत्र पर फोकस करने की सलाह
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि विद्यार्थियों को जनवरी के पहले सत्र को गंभीरता से लेना चाहिए. JEE Advanced की तैयारी के लिए भी पहले सत्र का प्रदर्शन महत्वपूर्ण हो सकता है. ऐसे में परीक्षा शहर और स्लॉट को लेकर अनावश्यक चिंता करने के बजाय अभ्यर्थियों को अपनी पढ़ाई, रिवीजन और नियमित मॉक टेस्ट पर ध्यान देना चाहिए. NTA के स्पष्टीकरण से परीक्षा केंद्र और स्लॉट आवंटन को लेकर विद्यार्थियों के बीच बना असमंजस दूर हुआ है. अब अभ्यर्थियों को ये ध्यान रखना होगा कि परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन करना जरूरी है, लेकिन पसंद का शहर या शिफ्ट चुनने का अधिकार उनके पास नहीं होगा.
ये भी पढ़ें : कोटा से आई बिहार के भाईयों की सक्सेस स्टोरी, सोनू-मोनू बदलेंगे परिवार की तकदीर