JEE Main 2027: 15.69 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन, पर क्यों अटका लाखों छात्रों का फी पेमेंट? 26 नवंबर तक मिलेगा मौका
जनवरी सेशन के लिए JEE Main 2027 परीक्षा में रिकॉर्डतोड़ आवेदन किए गए हैं. पिछल से साल के मुताबिक, 37 हजार से ज्यादा फॉर्म भरे गए हैं. आइए जानते हैं कि NTA ने इस साल आवेदन प्रक्रिया में क्या-क्या बदलाव किए हैं?
देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Main 2027 के जनवरी सेशन के लिए इस बार इतिहास में सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुए हैं. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA की तरफ से जारी आंकड़ों में बताया गया है कि 24 नवंबर शाम 6 बजे तक 15 लाख 69 हजार 514 विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. इनमें से 13 लाख 92 हजार 344 विद्यार्थियों ने ही आवेदन शुल्क जमा करवाया है. इस तरह 1 लाख 77 हजार 170 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन के बाद भी फीस जमा नहीं करवाई है.
इस पर निजी इंस्टीट्यूट के कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले वर्ष JEE Main 2026 जनवरी सेशन के लिए करीब 13 लाख 55 हजार रजिस्ट्रेशन हुए थे. पिछले साल की तुलना में इस साल करीब 37 हजार अधिक आवेदन हो चुके हैं. आवेदन की लास्ट तारीख निकलने के बाद भी विद्यार्थी 26 नवंबर रात 11:30 बजे तक 500 रुपए विलंब शुल्क के साथ आवेदन कर सकते हैं.
27 से 29 नवंबर तक खुलेगी करेक्शन विंडो
वहीं अमित आहूजा ने आगे बताया कि विलंब शुल्क के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एनटीए की ओर से 27 से 29 नवंबर तक करेक्शन विंडो उपलब्ध करवाई जाएगी. इस दौरान विद्यार्थी जेईई-मेन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने आवेदन फॉर्म में हुई गलतियों को सुधार सकेंगे.
उन्होंने यह भी बताया कि इस बार आवेदन प्रक्रिया में खास तरह का बदलाव देखने को मिला है. बड़ी संख्या में छात्रों ने रजिस्ट्रेशन तो पूरा कर लिया है, लेकिन आवेदन शुल्क जमा नहीं करवाया. इसके पीछे आवेदन प्रक्रिया में किए गए बदलाव और दस्तावेजों से जुड़ी त्रुटियां प्रमुख कारण माने जा रहे हैं.
आवेदन प्रक्रिया में NTA ने क्या बदलाव किए
अमित आहूजा का कहना है कि NTA ने इस साल पहली बार विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद आवेदन में गलती होने पर दोबारा नया आवेदन करने का मौका दिया है. ऐसे में कई विद्यार्थी नाम, माता-पिता के नाम, शैक्षणिक विवरण, फोटो, परीक्षा के माध्यम और कैटेगरी से जुड़े दस्तावेजों में गलती होने पर फीस जमा करने के बजाय दोबारा रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं.
इसके अलावा लाइव फोटो मिसमैच होने के कारण भी विद्यार्थी नए सिरे से आवेदन कर रहे हैं. कुछ विद्यार्थियों ने आधार कार्ड में बाद में फोटो या नाम अपडेट करवाया, लेकिन आवेदन पुराने आधार कार्ड के आधार पर कर दिया. ऐसे मामलों में भी दोबारा आवेदन की स्थिति सामने आई है. यही वजह है कि कुल रजिस्ट्रेशन और फीस जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है.