जयपुर के JLN मार्ग पर नहीं रुकेंगे वाहन! 700 करोड़ तक खर्च कर सड़क को सिग्नल फ्री करने की तैयारी
जयपुर के JLN मार्ग को ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने की तैयारी है. JDA ने 600-700 करोड़ के प्रोजेक्ट की DPR बनाने का काम NABSCONS को दिया है. मार्च तक DPR मिलने और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मई तक मौके पर काम शुरू होने की उम्मीद है.
Published: Nov 09, 2026, 06:28 PM IST
| Updated: Nov 09, 2026, 06:32 PM IST
राजधानी जयपुर की सबसे वीवीआईपी सड़कों में शामिल जवाहरलाल नेहरू (JLN) मार्ग को ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने की तैयारी शुरू हो गई है. इस प्रोजेक्ट पर करीब 600 से 700 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है. जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए नाबार्ड की कंपनी NABSCONS को कार्यादेश जारी कर दिया है. कंपनी मार्च तक DPR जेडीए को सौंपेगी. इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर अगले साल मई तक मौके पर काम शुरू करने की तैयारी है.
रामनिवास बाग से जवाहर सर्किल तक बदलेगी व्यवस्था
रामनिवास बाग से जवाहर सर्किल तक करीब साढ़े सात किलोमीटर लंबा JLN मार्ग शहर के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों को जोड़ता है. जवाहर सर्किल के पास स्टेट हैंगर और एयरपोर्ट का टर्मिनल-2 होने के कारण इस मार्ग पर वीवीआईपी मूवमेंट भी रहता है. इसके साथ ही आम यातायात का दबाव भी काफी रहता है. पीक आवर्स में चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं और चालकों को कई बार लाल बत्ती पर रुकना पड़ता है.
त्रिमूर्ति सर्किल से यूनिवर्सिटी तिराहे तक एलिवेटेड रोड
प्रस्तावित योजना में त्रिमूर्ति सर्किल पर मौजूदा ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था हटाकर सर्किल के जरिए वाहनों की आवाजाही की व्यवस्था की जाएगी. त्रिमूर्ति सर्किल से राजस्थान यूनिवर्सिटी तिराहे तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाने का प्रस्ताव है. इसके नीचे यू-टर्न स्ट्रक्चर भी बनाया जाएगा. एसएमएस मेडिकल कॉलेज के सामने आर-पार जाने के लिए भूमिगत पैदल मार्ग प्रस्तावित है.
गांधी सर्किल पर बनेगा अंडरपास
योजना के मुताबिक गांधी सर्किल के नीचे अंडरपास बनाया जाएगा. इसके साथ ही सर्किल को दोबारा विकसित करने का प्रस्ताव है. गांधी सर्किल से ओटीएस चौराहे के पहले तक एक बड़ा लूप बनाने की योजना है. इससे सीधे जाने वाले वाहन गुजर सकेंगे. इसी लूप से जुड़े छोटे यू-शेप लूप के जरिए बजाज नगर और अन्य दिशाओं में जाने वाले वाहनों की आवाजाही होगी.