जमवारामगढ़ में सियासी घमासान ! JJM घोटाले पर आमने-सामने आए विधायक और पूर्व विधायक
पंचायती राज चुनाव के चौथे चरण का प्रचार जब अंतिम पड़ाव पर पहुंचा है तो इधर वर्तमान विधायक महेंद्रपाल मीणा ने जल जीवन मिशन में 100 करोड़ के बड़े घपले का आरोप सीधे पूर्व विधायक गोपाल मीणा के परिवार पर मढ़ दिया है.
राजस्थान पंचायतराज चुनाव के चौथे चरण को लेकर चुनाव प्रचार तेज हो गया है. बीजेपी और कांग्रेस ने चुनावी मैदान में अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है. इसी बीच जमवारामगढ़ में चुनावी प्रचार के दौरान नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है.
जल जीवन मिशन में 100 करोड़ रुपए के कथित घोटाले को लेकर विधायक महेंद्रपाल मीणा और कांग्रेस जिला देहात अध्यक्ष गोपाल मीणा आमने-सामने आ गए हैं. दोनों नेताओं के बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए है.
विधायक महेंद्रपाल मीणा ने चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व विधायक और कांग्रेस जिला देहात अध्यक्ष गोपाल मीणा के परिवार की एक महिला सदस्य पर जल जीवन मिशन में 100 करोड़ रुपए के घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया. विधायक ने ये भी आरोप लगाया कि कथित घोटाले की राशि से पूर्व विधायक ने जमवारामगढ़ क्षेत्र में करोड़ों रुपए की जमीनें खरीदी हैं. उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में पुख्ता प्रमाण होने का दावा भी किया. विधायक के आरोपों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस जिला देहात अध्यक्ष गोपाल मीणा ने भी चुनाव प्रचार के दौरान खुली चुनौती दे दी.
उन्होंने कहा कि विधायक महेंद्रपाल मीणा भ्रष्टाचार के आरोपों को साबित कर दें, तो वे राजनीति छोड़ देंगे. अगर विधायक अपने आरोप साबित नहीं कर पाते हैं तो उन्हें स्वयं इस्तीफा देना चाहिए. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे. दोनों नेताओं के वीडियो चुनावी प्रचार के दौरान दिए गए. दोनों नेताओं के बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.
पंचायती राज चुनाव के बीच जल जीवन मिशन में कथित घोटाले और करोड़ों की जमीनों की खरीद के आरोपों ने क्षेत्र की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जी राजस्थान पुष्टि नहीं करता.
आपको बता दें कि राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के पहले तीन चरण (24-25 अक्टूबर, 30-31 अक्टूबर और 5-6 नवंबर) पूरे हो चुके हैं. अब केवल चौथा और अंतिम चरण बाकी है.
चौथे चरण का चुनाव
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान : 14 नवंबर 2026
पंच और सरपंच पद के लिए मतदान-मतगणना :16 नवंबर 2026
उपसरपंच का चुनाव : 17 नवंबर 2026
चौथे चरण में प्रदेश के 25 जिलों की 115 पंचायत समितियों के तहत आने वाली ग्राम पंचायतों में मतदान होना है.