'साहब! एक लाख रुपए से भरा बैग खो गया है...' नशे में था शख्स, पुलिस ने चंद घंटों में यूं ढूंढ निकाला!
Rajasthan News: जैसलमेर में कोतवाली पुलिस ने जोधपुर निवासी हेमंत सोनी का एक लाख रुपए से भरा गुम हुआ बैग चंद घंटों में तलाश लिया. सीसीटीवी फुटेज की मदद से बैग बरामद किया गया. पूरी नकदी सुरक्षित मिलने पर पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में बैग सौंप दिया.
Jaisalmer News: कर्तव्य के प्रति निष्ठा और जनसेवा की भावना का परिचय देते हुए जैसलमेर शहर कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति का गुम हुआ एक लाख रुपए की नकदी से भरा बैग चंद घंटों में तलाश कर उसे सकुशल सुपुर्द कर दिया. बैग में रखी पूरी नकदी सुरक्षित मिलने पर संबंधित व्यक्ति और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली.
घबराई हुई हालत में थाने पहुंचा व्यक्ति
शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे जोधपुर के शास्त्री नगर निवासी हेमंत सोनी घबराई हुई अवस्था में कोतवाली थाने पहुंचा. उसने पुलिस को बताया कि उसका बैग कहीं गुम हो गया है, जिसमें करीब एक लाख रुपए की नकदी रखी हुई थी. शुरुआती स्थिति में वह नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तलाश शुरू कर दी.
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर शुरू की तलाश
ड्यूटी ऑफिसर एएसआई राजूराम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और उपलब्ध जानकारी के आधार पर बैग की तलाश शुरू की. जांच में सामने आया कि हेमंत सोनी जोधपुर से जैसलमेर पानीपुरी का ठेला लगाने के उद्देश्य से आया था. सम क्षेत्र में घूमने के बाद वह जैसलमेर के एक होटल में रुका था.
हनुमान चौराहे के पास गली में सो गया था
शुक्रवार सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच होटल से निकलकर वह हनुमान चौराहे पहुंचा. यहां एक बस में बैठने के बाद चालक ने उसे नीचे उतार दिया. इसके बाद वह हनुमान चौराहे के पास एक गली में बैग लेकर सो गया. नशे और गफलत के कारण उसे याद नहीं रहा कि बैग कहां रखा है.
चंद घंटों में उसी जगह मिल गया बैग
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच उसी स्थान से बैग बरामद कर लिया, जहां हेमंत सोनी सोया था. बैग की जांच करने पर उसमें रखे एक लाख रुपए पूरी तरह सुरक्षित मिले. जांच में सामने आया कि बैग चोरी नहीं हुआ था, बल्कि गफलत के कारण उसी स्थान पर रह गया था.
परिजनों की मौजूदगी में सौंपी नकदी
नकदी की सुरक्षा और उसे जिम्मेदारीपूर्वक सौंपने के उद्देश्य से पुलिस ने जोधपुर से हेमंत के भाई और चाचा को जैसलमेर बुलवाया. परिजनों की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ एक लाख रुपए की नकदी हेमंत को सुपुर्द कर दी गई.
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में ड्यूटी ऑफिसर एएसआई राजूराम, कांस्टेबल धारा सिंह, विक्रम, जुगताराम और धर्मेंद्र मीणा की अहम भूमिका रही. पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और लगातार प्रयासों के जरिए गुम हुई नकदी तलाश कर आमजन के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई. यह कार्रवाई दर्शाती है कि पुलिस का दायित्व केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय आमजन की सहायता कर उनकी परेशानी दूर करना भी है.