कांग्रेस की 42 तो BJP की 13 सीटें: क्यों दिलचस्प हुआ जयपुर जिला प्रमुख चुनाव? किसकी होगी कुर्सी फैसला कल
जयपुर जिला प्रमुख का चुनाव कल होगा. जिला परिषद की 57 सीटों में से कांग्रेस ने बढ़त बनाई है. पांच साल पहले हुए सियासी उलटफेर के चलते इस बार का चुनाव दिलचस्प बना हुआ है.
ग्रामीण सत्ता का जनादेश आ चुका है, लेकिन सत्ता की सबसे बड़ी कुर्सी का फैसला अभी बाकी है. जयपुर जिला परिषद की 57 सीटों में से कांग्रेस ने 42 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है. भाजपा 13 सीटों पर सिमट गई, जबकि आरएलपी के खाते में दो सीटें आई हैं. बहुमत के लिए जरूरी 29 सदस्यों से कांग्रेस के पास 13 सदस्य ज्यादा हैं. बावजूद इसके पांच साल पहले हुए सियासी उलटफेर के चलते जिला प्रमुख के चुनाव पर सभी की निगाहें टिकी हैं. अब सवाल है कि कांग्रेस अपने प्रचंड बहुमत को सत्ता में तब्दील करेगी या फिर कोई नया सियासी समीकरण बनेगा? बुधवार को तय होगा कि जयपुर का 11वां जिला प्रमुख कौन होगा.
जयपुर जिला प्रमुख का चुनाव कल
कलक्टर जयपुर संदेश नायक ने बताया कि जयपुर जिला प्रमुख के लिए बुधवार को चुनाव होगा. जिला परिषद के सभा भवन में 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख के निर्वाचन की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होगी. जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए तैयारियां की जा रही हैं. निर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड या अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा.
नामांकन पर प्रस्तावक के हस्ताक्षर जरूरी
उम्मीदवार निर्धारित प्रपत्र 4ख में स्वयं या प्रस्तावक के माध्यम से नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पर अभ्यर्थी और प्रस्तावक के हस्ताक्षर जरूरी होंगे. दोनों पदों के लिए निर्धारित तिथि पर सुबह 11 बजे तक नामांकन, 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच और दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी होगी. इसके तुरंत बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे. आवश्यकता होने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. मतदान समाप्त होते ही मतगणना और परिणाम की घोषणा होगी.
निर्वाचित सदस्य ही लड़ सकेंगे चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव में क्रमवार की बजाय रेंडम आधार पर मतपत्र देने का फैसला किया है. इससे किसी मतपत्र को किसी खास सदस्य से जोड़कर उसकी वोटिंग का पता लगाना मुश्किल होगा. निकाय चुनाव में क्रमवार मतपत्र मिलने से इसकी पहचान का अंदाजा लगाया जा सकता था. वहीं, जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में हाइब्रिड मॉडल लागू नहीं होगा. केवल निर्वाचित सदस्य ही इन पदों पर चुनाव लड़ सकेंगे.
(जयपुर से दीपक गोयल की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें ; कांग्रेस के बहुमत वाले जिलों में भी उम्मीदवार उतारेगी BJP, 'अंतरात्मा की आवाज' के भरोसे जिला प्रमुख की कुर्सी पर नजर