'दिल्ली चलो' मार्च में उमड़ी भीड़: यूथ कांग्रेस ने जयपुर शहीद स्मारक से PCC तक निकाला पैदल मार्च
जयपुर में राजस्थान युवा कांग्रेस ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली की तैयारियों के तहत शहीद स्मारक से PCC तक पैदल मार्च निकाला. राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने वोट चोरी के मुद्दे को लोकतंत्र से जुड़ा बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा.
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली की तैयारियों के बीच राजस्थान युवा कांग्रेस ने सोमवार को जयपुर में पैदल मार्च निकाला. युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तक 'दिल्ली चलो' के बैनर के साथ मार्च निकाला. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा.
'वोट चोरी' का मुद्दा लोकतंत्र और जनता के अधिकारों से जुड़ा: चिब
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा किसी राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की जनता और लोकतंत्र से जुड़ा मुद्दा है. उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों की जड़ भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के वोट की अहमियत से जुड़ी है. चिब ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि युवाओं को लगता है कि उनके वोट की अहमियत कम हो रही है, तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है.
यह भी पढ़ेंः कांग्रेस का बड़ा प्लान: दिल्ली महारैली में 10 लाख की भीड़ जुटाने का दावा, राजस्थान से पहुंचेंगे 1 लाख कार्यकर्ता
राहुल गांधी की लड़ाई को बताया 'सत्य की लड़ाई'
उदय भानु चिब ने राहुल गांधी के वोट चोरी संबंधी आरोपों का समर्थन करते हुए कहा कि यह केवल राहुल गांधी की लड़ाई नहीं, बल्कि सत्य की लड़ाई है. उन्होंने दावा किया कि समय के साथ राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दे सामने आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सच्चाई सामने आनी चाहिए और गलत आरोपों या कार्रवाइयों के जरिए आवाज उठाने वालों को दबाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए.
यह भी पढ़ेंः पंचायत चुनाव के बीच 'दिल्ली परीक्षा' : 1 लाख की भीड़... क्या पास हो पाएगी कांग्रेस ?
खड़गे के मुद्दे पर भाजपा-RSS पर लगाए आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर चिब ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस लगातार खड़गे की छवि खराब करने की कोशिश करते हैं. चिब ने इसे दलित विरोधी मानसिकता से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में खड़गे को निशाना बनाया जाता है. बिहार में हुई घटना को लेकर भी उन्होंने आरएसएस पर सवाल उठाए.
राजस्थान से 5 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने का दावा
चिब ने दावा किया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में युवा कांग्रेस की ओर से राजस्थान से पांच हजार से अधिक कार्यकर्ता पहुंचेंगे. उन्होंने कहा कि दिल्ली पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग राज्यों के चेकपॉइंट और निर्धारित गेदरिंग पॉइंट बनाए जा रहे हैं. इन स्थानों पर कार्यकर्ताओं के लिए चाय-पानी की व्यवस्था भी की जाएगी.
महारैली से व्यापार बढ़ने की उम्मीद
महारैली में बड़ी संख्या में लोगों के दिल्ली पहुंचने से व्यापारियों को परेशानी होने की आशंकाओं पर चिब ने कहा कि बाहर से आने वाली भीड़ से स्थानीय बाजारों में कारोबार बढ़ सकता है. उन्होंने तर्क दिया कि दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे तो दुकानदारों की बिक्री भी बढ़ने की संभावना है. चिब ने इस मुद्दे पर भाजपा के रुख की आलोचना की.