SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

8 हाथियों पर शहनाई और 11 हजार दीपों से रोशन स्टैच्यू सर्किल! देखिए, 299वें जन्मदिन पर कैसे सजा 'अपना जयपुर'

जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर गुलाबी नगरी शाही अंदाज में सजी. स्टैच्यू सर्किल पर 11 हजार दीप जगमगाए, 8 हाथियों पर शहनाई गूंजी और हेलीकॉप्टर से फूल बरसे. राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने दीप जलाकर समारोह की शुरुआत की. आतिशबाजी और लोक नृत्य ने जश्न को खास बनाया.

Reported By Deepak Goyal Edited By Ansh Raj
Published: Nov 18, 2026, 22:06 IST | Updated: Nov 18, 2026, 22:07 IST
Image Credit: Jaipur Foundation Day 2026
Join

Jaipur Foundation Day 2026: राजस्थान की राजधानी जयपुर का 299वां स्थापना दिवस इस बार बड़े ही शाही अंदाज में मनाया गया. गुलाबी नगरी के जन्मदिन पर स्टैच्यू सर्किल का नजारा देखने लायक था. एक तरफ 11 हजार इलेक्ट्रॉनिक और मिट्टी के दीपक जगमगा रहे थे, तो दूसरी तरफ आठ हाथियों पर शहनाई की मंगल धुन गूंज रही थी. हेलीकॉप्टर से गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गईं और आतिशबाजी से आसमान रंगीन हो गया. इस खास मौके पर विदेशी सैलानी भी जयपुर के जश्न के गवाह बने.

11 हजार दीपों से जगमगाया स्टैच्यू सर्किल
जयपुर के स्थापना दिवस पर शाम को स्टैच्यू सर्किल पर भव्य समारोह आयोजित किया गया. राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. गायत्री परिवार के मंत्रोच्चारण के बीच 11 हजार दीपों की रोशनी से पूरा स्टैच्यू सर्किल जगमगा उठा. इसके बाद रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने जश्न को और खास बना दिया. बड़ी संख्या में पहुंचे शहरवासियों ने इस खूबसूरत नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया.

8 हाथियों पर गूंजी शहनाई, लोक कलाकारों ने बांधा समां
समारोह का सबसे खास आकर्षण आठ हाथियों पर शहनाई वादन रहा. स्टैच्यू सर्किल के चारों ओर हाथियों पर बैठे कलाकारों ने शहनाई की मंगल धुनें बजाईं. वहीं लोक कलाकारों ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किए. 'जयपुर अखिल विश्व से न्यारा' गीत की प्रस्तुति ने लोगों को शहर के गौरवशाली इतिहास की याद दिलाई. विदेशी पर्यटकों ने भी इस अनोखे आयोजन का आनंद लिया.

गणेश वंदना से हुई स्थापना दिवस की शुरुआत
जयपुर के जन्मदिन का जश्न सुबह गंगापोल दरवाजे से शुरू हुआ. यहां महापौर सुनील कोठारी और जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर शहर की सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान विधायक बालमुकुंदाचार्य और उपमहापौर सरोज कंवर भी मौजूद रहे. हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई. इसके बाद महापौर ने गोविंददेवजी मंदिर में दर्शन किए, जहां कलाकारों ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया.

राज्यपाल और डिप्टी CM भी हुए शामिल
स्टैच्यू सर्किल पर आयोजित समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, विधायक गोपाल शर्मा और महापौर सुनील कोठारी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा, अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल और अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

अगले साल 300 साल का हो जाएगा जयपुर
18 नवंबर 1727 को महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने जयपुर की स्थापना की थी. अब शहर अपने 300वें स्थापना दिवस की ओर बढ़ रहा है. इस बार 299वें स्थापना दिवस पर दीपों की रोशनी, शहनाई, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के जरिए जयपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES