App

रूस में फंसा रायपुर का युवक, आर्मी जॉइन करने का बनाया जा रहा दबाव, पत्नी ने पुलिस से लगाई गुहार

रूस में नौकरी के लिए गए रायपुर के टिकेश्वर साहू को वोल्गोग्राद में हिरासत में लिया गया है. इसकी शिकायत उनकी पत्नी ने पुलिस को दी है. वहीं पुलिस ने सीबीआई और इंटरपोल के जरिए मदद मांगी है.

रूस में फंसा रायपुर का युवक, आर्मी जॉइन करने का बनाया जा रहा दबाव, पत्नी ने पुलिस से लगाई गुहार
Image Credit: ZEE CREATIVE

राजधानी रायपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है. राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला मनोरमा साहू ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके पति टिकेश्वर साहू को रूस के वोल्गोग्राद में हिरासत में ले लिया गया है.

शिकायत में महिला ने बताया कि उनके पति को रूस में हिरासत में लेकर आर्मी जॉइन करने के लिए मजबूर किया जा रहा है. इतना ही नहीं, उन्हें प्रताड़ित भी किया जा रहा है. महिला द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने सीबीआई और इंटरपोल को सूचना दे दी है, ताकि उनकी पूरी मदद की जा सके.

7 सितंबर को रायपुर से दिल्ली रवाना

दरअसल, राजधानी रायपुर की रहने वाली मनोरमा साहू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक, उनके पति टिकेश्वर साहू 7 सितंबर को रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे. इसके बाद वे रूस के लिए रवाना हुए. टेलीग्राम के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर वे रूस में नौकरी के उद्देश्य से वोल्गोग्राद गए थे.

कुछ दिन बाद हिरासत में लिया

लेकिन कुछ दिन बीतने के बाद उन्हें वहां हिरासत में ले लिया गया. जब आखिरी बार वीडियो कॉल पर बात हुई, तो उनके पति का चेहरा सूजा हुआ था. ऐसा प्रतीत हो रहा था, जैसे उन्हें प्रताड़ित किया गया हो. इसके बाद अचानक 22 सितंबर को एक फोन आया, जिसमें उनके पति पर झूठे ड्रग्स केस में आरोपी होने और 15 साल की सजा होने की बात कही गई.

महिला ने पुलिस में की शिकायत

अब इस पूरी घटना के बाद महिला ने परेशान होकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई और इंटरपोल को इसकी जानकारी दे चुकी है, ताकि जल्द से जल्द इस पूरे मामले में कार्रवाई हो और युवक को वापस लाया जा सके. इसके अलावा, पुलिस के मुताबिक और भी लोग रूस में फंसे हुए हैं, जिन्हें वापस लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं.

डीसीपी ने क्या बताया ?

नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप ने बताया कि खमतराई थाने में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है. महिला ने बताया कि उनके पति टिकेश्वर साहू को रूस के वोल्गोग्राद में हिरासत में रखा गया है और उन्हें जबरदस्ती आर्मी जॉइन करने के लिए कहा जा रहा है. डीसीपी ने आगे बताया कि टिकेश्वर साहू को नौकरी का झांसा देकर टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क किया गया था. इसी के जरिए उन्हें रूस बुलाया गया. उन्होंने बताया कि वह 6 या 7 तारीख को भारत से रवाना हुए थे और 8 या 9 तारीख को रूस के वोल्गोग्राद पहुंचे थे. वहां उन्हें कुछ दिनों तक रखा गया.

18 से 20 लोग फंसे हुए हैं

आगे बताया कि 16 तारीख को उनकी आखिरी बार परिजनों से बात हुई थी, जिसके बाद संपर्क नहीं हो पाया है. बाद में एक मैसेज के जरिए उनके हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिली. इसके बाद महिला ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई और अपने पति को जल्द से जल्द वापस लाने की मांग की. पुलिस ने उनकी मदद के लिए सीआईडी और सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल को येलो नोटिस भेजा है. उन्होंने यह भी बताया कि भारत के करीब 18 से 20 लोग रूस में फंसे हुए हैं. इसके अलावा, बिलासपुर के रहने वाले विनीत दुबे को भी वहां हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है. 

(रिपोर्टः दानवीर साहू, रायपुर)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More