SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

धनतेरस से पहले सोने ने दिया झटका! जयपुर में 2300 रुपये महंगा हुआ गोल्ड

धनतेरस से पहले जयपुर के सराफा बाजार में सोने की कीमतों में 2,300 रुपये का उछाल आया है. सोना बढ़कर 1,47,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जबकि चांदी 200 रुपये गिरकर 1,93,500 रुपये प्रति किलो हो गई. इसके बावजूद कारोबारियों को इस धनतेरस पर पिछले साल के मुकाबले 20 से 30 फीसदी ज्यादा कारोबार की उम्मीद है. बाजार में आभूषणों की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है.

Written By Ashish Chauhan
Published: Nov 05, 2026, 04:33 PM IST | Updated: Nov 05, 2026, 05:25 PM IST
Image Credit: सोने की कीमतों में उछाल
Join

धनतेरस पर जयपुर के सराफा बाजार में इस बार धनवर्षा होने की उम्मीद है. त्योहार से पहले ही बाजार में ग्राहकों की हलचल बढ़ने लगी है और आभूषणों की बुकिंग भी शुरू हो गई है. 

हालांकि धनतेरस से ठीक पहले सोने की कीमतों में तेजी आई है, जबकि चांदी के भाव में मामूली गिरावट दर्ज की गई है. इसके बावजूद कारोबारियों को इस बार पिछले साल के मुकाबले बेहतर कारोबार की उम्मीद है.

धनतेरस से पहले सोने में उछाल
धनतेरस का त्योहार नजदीक है और सराफा बाजार में सोने-चांदी की चमक बढ़ने लगी है. हालांकि खरीदारी के बड़े दिन से ठीक पहले सोने की कीमतों ने ग्राहकों को झटका दिया है. जयपुर में आज सोना 2300 रुपये महंगा हुआ है. 

इसके साथ ही सोने का भाव 1 लाख 47 हजार 800 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है. दूसरी तरफ चांदी की कीमत में 200 रुपये की मामूली गिरावट दर्ज की गई है. चांदी अब 1 लाख 93 हजार 500 रुपये प्रति किलो बिक रही है. कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच ग्राहकों की नजरें अब धनतेरस के भाव पर टिकी हैं.

यह भी पढ़ेंः जोधपुर में दीपावली पर छाया मिठाइयों का अनोखा अंदाज, अनार-चकरी के आकार में तैयार हुई मिठाई

कीमतों के बावजूद कारोबार की उम्मीद
सोने की कीमतों में उछाल के बावजूद सराफा कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं. कारोबारियों का अनुमान है कि इस धनतेरस पर पिछले साल के मुकाबले कारोबार में 20 से 30 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है. 

धनतेरस से पहले ही बाजार में ग्राहकों ने अपनी पसंद के आभूषणों की बुकिंग शुरू कर दी है. कारोबारियों को उम्मीद है कि सोने-चांदी की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले आई गिरावट के चलते इस बार खरीदारी का रुझान बेहतर रहेगा. सोने के आभूषणों के साथ चांदी के सिक्कों और अन्य उत्पादों की भी मांग रहने की उम्मीद है.

परंपरा और निवेश का संगम
धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा सदियों पुरानी है. मान्यता है कि इस दिन की गई खरीदारी घर में सुख-समृद्धि लेकर आती है. यही वजह है कि कीमतें चाहे जितनी ऊपर-नीचे हों, लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार, सोने-चांदी की खरीदारी जरूर करते हैं. इस बार भी सराफा कारोबारियों को धनतेरस पर ग्राहकों की अच्छी आवक और शानदार कारोबार की उम्मीद है. अब देखना होगा कि सोने की ताजा तेजी के बीच धनतेरस पर बाजार में कितनी धनवर्षा होती है.

कुल मिलाकर सोने की कीमतों में तेजी और चांदी में मामूली गिरावट के बीच जयपुर का सराफा बाजार धनतेरस के लिए तैयार हैं. कारोबारियों को 20 से 30 फीसदी ज्यादा कारोबार की उम्मीद है. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

आशीष चौहान
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES