SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ई-रिक्शा में चोरी करती थीं गुजराती गैंग की 3 महिलाएं, पकड़े जाने पर पेचकसनुमा हथियार से चेहरा बिगाड़ने की देती थीं धमकी

जयपुर में लालकोठी थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में महिला यात्रियों को निशाना बनाने वाली गुजराती गैंग की 3 महिलाओं को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि तीनों बैग से नकदी चुराती थीं और पकड़े जाने पर हथियार दिखाकर धमकाती थीं. पुलिस ने एक लाख की चोरी में 20 हजार रुपये बरामद किए हैं.

Reported By Vishnu Prakash Sharma Edited By Ansh Raj
Published: Nov 18, 2026, 22:17 IST | Updated: Nov 18, 2026, 22:18 IST
Image Credit: Jaipur Crime News
Join

Jaipur Crime News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में लालकोठी थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में महिला यात्रियों के साथ चोरी करने वाली गुजराती गैंग की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाएं ई-रिक्शा में सवारी बनकर बैठती थीं और मौका मिलते ही दूसरी महिला यात्रियों के बैग से नकदी निकाल लेती थीं. अगर कोई महिला उन्हें चोरी करते हुए पकड़ लेती तो पेचकसनुमा धारदार हथियार दिखाकर डराती थीं. पुलिस ने एक महिला के बैग से एक लाख रुपये चोरी होने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ा है.

ई-रिक्शा में बैठकर महिला यात्रियों को बनाती थीं निशाना
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं ई-रिक्शा में दूसरी महिला यात्रियों के साथ बैठती थीं. इसके बाद मौका देखकर उनके बैग से रुपये निकाल लेती थीं. आरोप है कि पकड़े जाने पर ये महिलाएं पेचकसनुमा हथियार दिखाकर चेहरा बिगाड़ने और जान से मारने की धमकी देती थीं. पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुजराती भाषा बोलती थीं और महिला यात्रियों को निशाना बनाती थीं.

एक लाख रुपये चोरी, 20 हजार बरामद
लालकोठी थाना पुलिस ने एक महिला से एक लाख रुपये चोरी होने का मामला सामने आने के बाद जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 20 हजार रुपये बरामद किए गए हैं.

अहमदाबाद की रहने वाली हैं तीनों आरोपी महिलाएं
पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पुष्पा, मनीषा और भूरी के रूप में की है. तीनों मूल रूप से गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली हैं. फिलहाल जयपुर में अजमेर रोड स्थित 200 फीट बाईपास पुलिया के नीचे रह रही थीं.

पहले भी चोरी के मामलों में हो चुकी हैं गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, तीनों महिलाएं पहले भी चोरी के मामलों में गिरफ्तार हो चुकी हैं. ऐसे में पुलिस को आशंका है कि इनका संबंध चोरी की अन्य वारदातों से भी हो सकता है. फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन्होंने जयपुर में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES