जयपुर के गांवों में किस पार्टी को मिला कितना समर्थन? समझिए... वोट, सीट और सत्ता का पूरा गणित
जयपुर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने जिला परिषद की 57 में से 42 और पंचायत समितियों की 386 में से 218 सीटें जीतीं. BJP को जिला परिषद में 13 सीटें मिलीं. 14 पंचायत समितियों में कांग्रेस, 2 में BJP और एक में RLP को बहुमत मिला. पांच में प्रधान की कुर्सी पर मुकाबला बाकी है.
Jaipur Panchayat Election Results 2026: राजस्थान की राजधानी जयपुर में गांव की सरकार चुनने के लिए हुए पंचायतीराज चुनावों के नतीजों ने सियासी तस्वीर साफ कर दी है. जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है. जयपुर जिला परिषद की 57 में से 42 सीटें कांग्रेस के खाते में गई हैं, जबकि भाजपा को महज 13 सीटें मिली हैं. राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने दो सीटें जीती हैं. वहीं, जिले की 22 पंचायत समितियों की कुल 386 सीटों में कांग्रेस ने 218 सीटें हासिल की हैं. भाजपा को 88, आरएलपी को 60 और अन्य प्रत्याशियों को 20 सीटें मिली हैं. अब सभी की नजर जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी पर टिकी है.
जिला परिषद की 57 में से 42 सीटों पर कांग्रेस की जीत
जयपुर जिला परिषद के चुनाव में कांग्रेस ने 42 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. जिला परिषद में बहुमत के लिए 29 सीटों की जरूरत है, जबकि कांग्रेस के पास इससे 13 सीटें ज्यादा हैं. कांग्रेस ने करीब 74 प्रतिशत सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं, भाजपा को 13 सीटें यानी करीब 23 प्रतिशत सीटें मिली हैं. आरएलपी के खाते में दो सीटें आई हैं. इन नतीजों के बाद जिला प्रमुख की कुर्सी पर कांग्रेस की दावेदारी मजबूत हो गई है. वहीं, भाजपा के लिए जिला परिषद का परिणाम बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है.
पंचायत समितियों में कांग्रेस को 218, भाजपा को 88 सीटें
जिला परिषद के साथ ही पंचायत समितियों में भी कांग्रेस का प्रदर्शन मजबूत रहा है. जयपुर की 22 पंचायत समितियों में कुल 386 वार्डों के लिए चुनाव हुए थे. इनमें कांग्रेस ने 218 सीटें जीतकर 56 प्रतिशत से ज्यादा सीटें अपने नाम की हैं. भाजपा 88 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि आरएलपी को 60 और अन्य प्रत्याशियों को 20 सीटें मिली हैं. कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले 130 सीटें ज्यादा जीती हैं. हालांकि, कई पंचायत समितियों में आरएलपी की मौजूदगी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाया है.
आंधी में कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत, 19 में से 17 सीटें जीतीं
जयपुर की पंचायत समितियों में कांग्रेस का सबसे मजबूत प्रदर्शन आंधी में रहा. यहां 19 में से 17 सीटें कांग्रेस ने जीत लीं. भाजपा और अन्य प्रत्याशियों के खाते में एक-एक सीट आई. बस्सी पंचायत समिति में कांग्रेस ने 25 में से 18 सीटों पर जीत हासिल की. वहीं, जमवारामगढ़ में 23 में से 18 सीटें कांग्रेस के खाते में गईं. शाहपुरा में भी कांग्रेस ने 15 में से 12 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया. आमेर पंचायत समिति में कांग्रेस को 21 में से 12 सीटें मिली हैं. इन नतीजों से साफ है कि जयपुर की कई पंचायत समितियों में कांग्रेस को स्थानीय स्तर पर मजबूत समर्थन मिला है.
चौमूं और सांभरलेक में भाजपा को मिली राहत
जयपुर जिले में कांग्रेस की बड़ी जीत के बीच भाजपा के लिए चौमूं और सांभरलेक पंचायत समितियों के नतीजे राहत लेकर आए हैं. चौमूं पंचायत समिति की 25 सीटों में से भाजपा ने 14 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है. वहीं, सांभरलेक पंचायत समिति की 17 सीटों में भाजपा ने नौ सीटें जीती हैं. यहां भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला है. जयपुर की कुल 22 पंचायत समितियों में भाजपा को सिर्फ इन्हीं दो जगहों पर स्पष्ट बहुमत मिला है.
सांगानेर में RLP का दबदबा, कांग्रेस-BJP दोनों पीछे
जयपुर पंचायत चुनाव का एक दिलचस्प नतीजा सांगानेर पंचायत समिति से सामने आया है. यहां आरएलपी ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को पीछे छोड़ दिया. सांगानेर की 15 सीटों में आरएलपी ने आठ सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. वहीं, कांग्रेस और भाजपा को तीन-तीन सीटें मिली हैं. इस तरह सांगानेर में आरएलपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. यहां प्रधान की कुर्सी के लिए आरएलपी के पास जरूरी बहुमत है.
इन पांच पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी पर फंसा पेच
जयपुर की 22 पंचायत समितियों में से 14 में कांग्रेस, दो में भाजपा और एक में आरएलपी को स्पष्ट बहुमत मिला है. हालांकि, पांच पंचायत समितियां ऐसी हैं, जहां किसी एक दल को बहुमत नहीं मिला है.
दूदू: यहां कांग्रेस को सात और आरएलपी को पांच सीटें मिली हैं.
मौजमाबाद: कांग्रेस और आरएलपी के छह-छह सदस्य चुनाव जीते हैं. ऐसे में प्रधान का चुनाव दिलचस्प हो सकता है.
अमरसर: आरएलपी सात सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन बहुमत से एक सीट दूर है.
जालसू: कांग्रेस छह सीटों के साथ सबसे आगे है. यहां चार अन्य सदस्य प्रधान के चुनाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
रामपुरा डाबड़ी: कांग्रेस सात सीटें जीतकर बहुमत से एक कदम दूर है.
इन पांच पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी का फैसला समर्थन और राजनीतिक समीकरणों पर निर्भर करेगा.
अब जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव पर नजर
जयपुर के पंचायतीराज चुनावों में कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समितियों में बड़ी बढ़त हासिल की है. 14 पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत पार्टी के लिए अहम उपलब्धि है. वहीं, भाजपा को चौमूं और सांभरलेक में बहुमत मिला है, जबकि आरएलपी ने सांगानेर में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है. अब अगला महत्वपूर्ण पड़ाव जिला प्रमुख और प्रधानों का चुनाव होगा. खासकर उन पांच पंचायत समितियों में राजनीतिक हलचल तेज हो सकती है, जहां किसी भी दल को अकेले बहुमत नहीं मिला है.
जयपुर के पंचायतीराज चुनाव में वोटों का गणित कुछ और, सत्ता का हिसाब कुछ और निकला. कांग्रेस ने करीब 43 फीसदी वोट लेकर 56 फीसदी सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा 35 फीसदी वोट लेकर भी महज 23 फीसदी सीटों पर सिमट गई. सबसे बड़ा उलटफेर बगरू विधानसभा क्षेत्र में आने वाली सांगानेर पंचायत समिति में हुआ, जहां वोटों में तीसरे नंबर की आरएलपी ने बहुमत हासिल कर लिया. वहीं गांवों की सरकार में महिलाओं ने भी इतिहास रचा. 180 आरक्षित सीटों के मुकाबले 216 महिलाएं चुनाव जीतीं.
पंचायतीराज चुनाव में जयपुर की ग्रामीण सत्ता का जनादेश कई मायनों में चौंकाने वाला रहा है. कांग्रेस ने जिला परिषद के साथ पंचायत समितियों में भी मजबूत पकड़ बनाई है, लेकिन चुनावी आंकड़ों की गहराई में जाने पर वोट और सीटों का अलग ही गणित सामने आता है. कहीं ज्यादा वोट हासिल करने वाली पार्टी सत्ता से दूर रह गई तो कहीं तीसरे नंबर के वोट शेयर वाली पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया.
सबसे दिलचस्प तस्वीर बगरू विधानसभा क्षेत्र में आने वाली सांगानेर पंचायत समिति की रही, जहां भाजपा को सर्वाधिक 33.77 प्रतिशत वोट मिले, कांग्रेस 30.44 प्रतिशत के साथ दूसरे और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) 29.55 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रही. इसके बावजूद आरएलपी ने 15 में से 8 सीटें जीतकर पंचायत समिति में बहुमत हासिल कर लिया.
दूसरी ओर आंधी पंचायत समिति में कांग्रेस ने 52.12 प्रतिशत वोट हासिल कर 19 में से 17 सीटें जीत लीं. यानी करीब आधे वोटों ने कांग्रेस को लगभग 90 प्रतिशत सीटें दिला दीं. इसके उलट चौमूं में भाजपा को 41.22 प्रतिशत वोट मिले और उसने 24 घोषित सीटों में से 13 पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया.
1-सांगानेर में वोट भाजपा के ज्यादा, सत्ता आरएलपी के पास.
बगरू विधानसभा क्षेत्र की सांगानेर पंचायत समिति का परिणाम पूरे जिले में वोट और सीटों के अंतर का सबसे बड़ा उदाहरण है. आरएलपी को कुल वोटों में तीसरे स्थान पर रहने के बावजूद 53.33 प्रतिशत सीटें मिल गईं. भाजपा को 20,941 वोट, कांग्रेस को 18,872 और आरएलपी को 18,320 वोट मिले. भाजपा को आरएलपी से 2,621 वोट ज्यादा मिले, फिर भी भाजपा केवल 3 सीटें जीत सकी. कांग्रेस को भी 3 सीटें मिलीं, जबकि आरएलपी ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की. एक सीट निर्दलीय के खाते में गई.
2-कांग्रेस को 42.80% वोट, लेकिन सीटों में 56% से ज्यादा हिस्सेदारी.
जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में कुल 13 लाख 25 हजार 847 वोट दर्ज हुए. इनमें कांग्रेस को 5 लाख 67 हजार 407 और भाजपा को 4 लाख 62 हजार 451 वोट मिले. दोनों दलों के बीच 1 लाख 4 हजार 956 वोटों का अंतर रहा. कांग्रेस का वोट शेयर 42.80 प्रतिशत और भाजपा का 34.88 प्रतिशत रहा. कांग्रेस ने 383 घोषित सीटों में से 216 सीटें जीतीं. भाजपा को 87 सीटें मिलीं....आरएलपी ने 60 और निर्दलीयों ने 20 सीटें जीतीं.
3-आंधी में कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत, भाजपा केवल एक सीट पर सिमटी
आंधी पंचायत समिति में कांग्रेस का सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन रहा. पार्टी को 33,243 वोट मिले, जबकि भाजपा को 22,644 वोट हासिल हुए. दोनों के बीच 10,599 वोटों का अंतर रहा. कांग्रेस ने 19 में से 17 सीटें जीत लीं. भाजपा और निर्दलीय को एक-एक सीट मिली. यहां कांग्रेस का वोट शेयर 52.12 प्रतिशत रहा, लेकिन सीट शेयर 89.47 प्रतिशत तक पहुंच गया. इसी तरह जमवारामगढ़ में कांग्रेस को 49.19 प्रतिशत वोट मिले और उसने 23 में से 18 सीटें जीत लीं. बस्सी में कांग्रेस ने 46.46 प्रतिशत वोट लेकर 25 में से 18 सीटें हासिल कीं. इन क्षेत्रों में कांग्रेस की बढ़त केवल वोटों तक सीमित नहीं रही, बल्कि सीटों में भी निर्णायक साबित हुई.
4-आरएलपी ने पांच पंचायत समितियों में भाजपा से ज्यादा वोट लिए
आरएलपी के वोटों का विश्लेषण बताता है कि जयपुर में तीसरी राजनीतिक ताकत का प्रभाव कुछ खास क्षेत्रों में ज्यादा रहा. अमरसर में आरएलपी को 31.71 प्रतिशत वोट मिले, जबकि भाजपा 24.95 प्रतिशत पर रही. दूदू में आरएलपी को 30.15 प्रतिशत और भाजपा को 28.21 प्रतिशत वोट मिले. फागी में आरएलपी को 25.97 प्रतिशत वोट मिले, जो भाजपा के 25.69 प्रतिशत से मामूली ज्यादा रहे. मौजमाबाद में आरएलपी का वोट शेयर 22.47 प्रतिशत और माधोराजपुरा में 20.04 प्रतिशत रहा. आरएलपी का प्रभाव पूरे जिले में एक समान नहीं रहा. आंधी और तूंगा में आरएलपी को वोट नहीं मिले, जबकि अमरसर, दूदू और सांगानेर में उसका प्रदर्शन काफी मजबूत रहा. इनमें अमरसर में आरएलपी ने 7 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 6 और भाजपा को 2 सीटें मिलीं.
5-पांच पंचायत समितियों में किसी को बहुमत नहीं, निर्दलीयों की भूमिका अहम
जयपुर जिले में कांग्रेस को 14 पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत मिला. इनमें आमेर, आंधी, बस्सी, चाकसू, गोविंदगढ़, जमवारामगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी, शाहपुरा और तूंगा शामिल हैं. भाजपा को चौमूं और सांभरलेक में बहुमत मिला, जबकि आरएलपी को सांगानेर में बहुमत हासिल हुआ. अमरसर, दूदू, जालसू, मौजमाबाद और रामपुरा डाबड़ी में किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला. इन पांच पंचायत समितियों में प्रधान के चुनाव का गणित ज्यादा दिलचस्प रहेगा.
6-गांवों की सरकार में महिलाओं का बहुमत, आरक्षण से 36 ज्यादा सीटें जीतीं
जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में महिलाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण बदलावों में एक रही. जिले की पंचायत समितियों में महिलाओं के लिए 180 सीटें आरक्षित थीं, लेकिन 216 महिलाएं निर्वाचित हुईं. यानी आरक्षण की संख्या से 36 ज्यादा महिलाओं ने जीत दर्ज की. कुल 383 निर्वाचित सदस्यों में महिलाओं की हिस्सेदारी 56.40 प्रतिशत है. जबकि 167 सीटों पर पुरूष रहे जिनकी 43.60% हिस्सेदारी रही हैं..
महिला प्रतिनिधित्व के मामले में जालसू जिले में सबसे आगे
पंचायत समिति---महिला सदस्य---हिस्सेदारी |
जालसू---12/15---80.00%
चाकसू---13/17---76.47%
दूदू---10/14---71.43%
मौजमाबाद---12/17---70.59%
अमरसर---10/15---66.67%
कोटखावदा---10/15---66.67%
जोबनेर---12/19---63.16%
ओबीसी वर्ग से सबसे ज्यादा 184 सदस्य, अनुसूचित जाति के 74 प्रतिनिधि
सामाजिक वर्ग----निर्वाचित सदस्य---हिस्सेदारी
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC)--184----48.04%
अनुसूचित जाति (SC)--74----19.32%
अनुसूचित जनजाति (ST)-65---16.97%
सामान्य वर्ग (GEN)--60---15.67%
कुल----383----100%----
सबसे करीबी कांग्रेस-भाजपा वोट मुकाबले
पंचायत समिति---कांग्रेस वोट----भाजपा वोट----अंतर
सांभरलेक----23,001----23,218---भाजपा +217
रामपुरा डाबड़ी---19,963---19,620---कांग्रेस +343
चाकसू---25,666----24,049----कांग्रेस +1,617
किशनगढ़ रेनवाल----28,363----26,371---कांग्रेस +1,992
सांगानेर-----18,872------- 20,941----भाजपा +2,069