पंचायत चुनाव-2026: जयपुर में कांग्रेस ने मारी बाजी! नामांकन में BJP से दोगुने से ज्यादा आगे
Rajasthan News: राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के लिए जयपुर में जिला परिषद और 8 पंचायत समितियों में 218 नामांकन दाखिल हुए. कांग्रेस ने 118 और भाजपा ने 55 पर्चे भरे. चौमूं में सबसे ज्यादा 37 नामांकन आए. मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन है.
Rajasthan Panchayat Chunav: राजस्थान में पंचायती राज चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. जयपुर जिला परिषद और आठ पंचायत समितियों में सोमवार को कुल 218 नामांकन दाखिल हुए. इनमें कांग्रेस के 118 और भाजपा के 55 नामांकन शामिल हैं. इस तरह नामांकन के आंकड़ों में कांग्रेस भाजपा से दोगुने से भी ज्यादा आगे रही. हालांकि, इससे चुनाव में जीत का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता. नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद ही मुकाबले की असली तस्वीर साफ होगी.
जिला परिषद के लिए 43 नामांकन दाखिल
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि सोमवार को जिला परिषद सदस्य पदों के लिए कुल 43 नामांकन प्राप्त हुए. इनमें कांग्रेस के 25, भाजपा के 9 और अन्य उम्मीदवारों के 9 नामांकन शामिल हैं. जिला परिषद के लिए दाखिल नामांकन में भी कांग्रेस आगे रही. वहीं, भाजपा और अन्य उम्मीदवारों के नामांकन की संख्या इससे कम रही.
पंचायत समितियों में कांग्रेस के 93 पर्चे
जयपुर की आठ पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए कुल 175 नामांकन दाखिल किए गए. इनमें कांग्रेस के 93, भाजपा के 46 और अन्य उम्मीदवारों के 36 नामांकन शामिल हैं. पंचायत समिति स्तर पर भी कांग्रेस के नामांकन भाजपा से दोगुने रहे. इन आंकड़ों से साफ है कि फिलहाल नामांकन के मामले में कांग्रेस आगे है, लेकिन चुनावी नतीजों के लिए मतदान और मतगणना का इंतजार करना होगा.
चौमूं में सबसे ज्यादा, झोटवाड़ा में सबसे कम नामांकन
पंचायत समिति क्षेत्रों में नामांकन की बात करें तो चौमूं सबसे आगे रहा. यहां 37 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए. इसके बाद किशनगढ़-रेनवाल में 29, मौजमाबाद में 26, सांभर में 24, जोबनेर में 21, गोविंदगढ़ में 17 और दूदू में 14 नामांकन प्राप्त हुए. वहीं, झोटवाड़ा पंचायत समिति में सबसे कम 7 नामांकन दाखिल किए गए.
जिला परिषद के इन वार्डों में ज्यादा पर्चे
जिला परिषद के वार्ड संख्या 15 से 26 के लिए सबसे ज्यादा 15 नामांकन मिले. वार्ड संख्या 1 से 10 और वार्ड संख्या 38 से 50 में 8-8 नामांकन दाखिल हुए. वहीं, वार्ड संख्या 27 से 37 में 7 नामांकन प्राप्त हुए. वार्ड संख्या 11 से 14 और 51 से 57 के लिए कुल 5 नामांकन दाखिल किए गए.
कल नामांकन का आखिरी मौका
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि मंगलवार है. उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे. अंतिम दिन और भी उम्मीदवारों के पर्चे दाखिल करने की संभावना है. इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इन सभी प्रक्रियाओं के बाद ही चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची सामने आएगी.