मोतीडूंगरी गणेशजी को मिलते हैं 90 हजार कार्ड, भगवान खुद देते हैं ये खास आशीर्वाद
राजस्थान में जिन घरों में शहनाइयां बजने वाली हैं, वहां शादी की तैयारियों के बीच सबसे पहला निमंत्रण किसी रिश्तेदार या खास मेहमान को नहीं, बल्कि प्रथम पूज्य भगवान गणेश को दिया जा रहा है.
देवउठनी एकादशी के साथ शुरू होने वाले विवाह सीजन से पहले जयपुर के प्रसिद्ध मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में आस्था की अनूठी तस्वीर देखने को मिल रही है. कोई बेटे की शादी का पहला कार्ड लेकर पहुंच रहा है तो कोई बेटी के विवाह का निमंत्रण भगवान के चरणों में अर्पित कर रहा है. हर परिवार की एक ही कामना है कि विवाह बिना किसी विघ्न के संपन्न हो और नवदंपती का जीवन सुख-समृद्धि से भरा रहे.
90 हजार निमंत्रण पत्र भगवान गणेश के द्वार
दिलचस्प बात ये है कि विवाह सीजन में करीब 80 से 90 हजार निमंत्रण पत्र भगवान गणेश के दरबार में पहुंचते हैं. मंदिर में आने वाले इन निमंत्रण पत्रों को केवल चढ़ावे के रूप में नहीं रखा जाता, बल्कि करीब छह महीने तक सुरक्षित भी संभाला जाता है. भगवान को निमंत्रण देने वाले परिवारों को मंदिर की ओर से सिंदूर लगी सुपारी प्रदान की जाती है, जिसे गणपति के आशीर्वाद और निमंत्रण स्वीकार होने का प्रतीक माना जाता है. जयपुर में पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा के प्रति आज भी परिवारों की गहरी आस्था है. शादी के कार्ड छपकर आते ही परिवार के सदस्य सबसे पहले मोतीडूंगरी गणेश मंदिर पहुंचते हैं. भगवान गणेश के चरणों में निमंत्रण पत्र अर्पित कर विवाह में पधारने की प्रार्थना करते हैं. इसके बाद रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य मेहमानों को निमंत्रण देने का सिलसिला शुरू होता है. श्रद्धालुओं की मान्यता है कि प्रथम पूज्य को आमंत्रित करने से विवाह के सभी मांगलिक कार्य निर्विघ्न संपन्न होते हैं। मंदिर महंत कैलाश शर्मा के अनुसार, विवाह सीजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में परिवार शादी के निमंत्रण पत्र लेकर पहुंचते हैं. पूरे सीजन में इनकी संख्या 80 से 90 हजार तक पहुंच जाती है.
6 महीने तक संभालकर रखें जाते हैं कार्ड
धार्मिक मान्यता है कि भगवान गणेश को पहला निमंत्रण देने पर वे रिद्धि-सिद्धि के साथ विवाह में उपस्थित होते हैं और सभी विघ्न दूर करते हैं. इसी विश्वास के चलते मंदिर की ओर से श्रद्धालुओं को सिंदूर लगी सुपारी दी जाती है. परिवार इसे भगवान गणेश का आशीर्वाद मानकर अपने साथ ले जाते हैं. इस परंपरा का एक और अनूठा पहलू निमंत्रण पत्रों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था है. मंदिर में अर्पित किए जाने वाले हजारों विवाह कार्ड करीब छह महीने तक संभालकर रखे जाते हैं. इन कार्डों में किसी बेटी की विदाई का निमंत्रण होता है तो किसी बेटे के नए जीवन की शुरुआत का संदेश.
मंदिर में पहुंचने वाला हर कार्ड किसी परिवार की खुशियों और मंगलकामनाओं से जुड़ा होता है. शादी के निमंत्रण अब मोबाइल, सोशल मीडिया और डिजिटल कार्ड के जरिए भेजे जाने लगे हैं. लेकिन जयपुर में भगवान गणेश को पहला निमंत्रण देने की परंपरा आज भी कायम है. आधुनिक दौर में भी परिवार पहला छपा हुआ कार्ड लेकर गणपति के दरबार पहुंच रहे हैं. महंत कैलाश शर्मा के अनुसार, केवल विवाह ही नहीं, जयपुर स्थापना दिवस जैसे बड़े आयोजनों का पहला निमंत्रण भी भगवान गणेश को अर्पित करने की परंपरा है.