भाई के अंतिम संस्कार में गया था परिवार, पीछे से चोरों ने साफ कर दिया 25 लाख का माल, बच्चों की गुल्लक तक नहीं छोड़ी
जयपुर के गांधी विहार में भाई की मौत के कारण गांव गए परिवार के बंद मकान में चोरों ने 25 लाख रुपये की चोरी की. 12 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी, नकदी और बच्चों की गुल्लक तक ले गए.
जयपुर के गांधी विहार-खोनागोरियान इलाके में चोरों ने एक प्रिंसिपल के बंद मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. परिवार करीब दो दिन तक घर से बाहर था. इस दौरान चोर मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर घुसे और नकदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 25 लाख रुपये का सामान समेटकर फरार हो गए. मंगलवार रात करीब 11:30 बजे परिवार घर लौटा तो कमरों में सामान बिखरा मिला और अलमारियां खुली हुई थीं.
भाई की मौत के कारण गांव गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, भरतपुर के खोरी गांव में चुनाव ड्यूटी के दौरान सैयद साबिर अली की मौत हो गई थी. उनके अंतिम संस्कार और अन्य रस्मों में शामिल होने के लिए परिवार गांव गया हुआ था. गांधी विहार स्थित मकान सैयद साबिर अली के भाई सैयद सादिक अली का है. परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने बंद मकान में चोरी कर ली.
यह भी पढ़ें- भाई के अंतिम दर्शन से पहले उठी दो बहनों की अर्थी, सालासर-नागौर हाईवे पर दर्दनाक हादसा
नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी
परिवार के मुताबिक, चोर घर से 1 लाख 75 हजार रुपये नकद, 12 तोला सोना और करीब डेढ़ किलो चांदी ले गए. चोरी हुए नकदी और जेवरात की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है. चोर बेटियों की शादी के लिए जमा किए गए जेवर और बहुओं के शादी के आभूषण भी ले गए. इसके अलावा पुश्तैनी सोना और परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी भी चोरी हो गई.
चोरों ने बच्चों की गुल्लक तक नहीं छोड़ी. स्कूल और कोचिंग की फीस के लिए रखे गए पैसे भी निकाल ले गए. इससे परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ भावनात्मक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है.
घर में छूटा पेचकस, पुलिस को मिल सकता है सुराग
चोर मुख्य दरवाजा खोलकर घर में दाखिल हुए थे. उन्होंने कमरों और अलमारियों को खंगालने के लिए घर में रखे दूसरे औजारों का भी इस्तेमाल किया. वारदात के दौरान चोरों का एक पेचकस घर में ही छूट गया. इसे पुलिस के लिए अहम सुराग माना जा रहा है. परिवार की गैरमौजूदगी में चोरी होने के कारण वारदात से पहले घर की रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है.
लगातार चोरियों से लोगों में असुरक्षा
गांधी विहार-खोनागोरियान इलाके में लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. स्थानीय स्तर पर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्ध वाहनों की आवाजाही की जांच की मांग की जा रही है. इससे पहले हुई तीन चोरियों में पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं.
राज्य निर्वाचन आयोग तक मामला पहुंचाने की तैयारी
परिवार इस चोरी की घटना को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन अधिकारी तक मामला पहुंचाने की तैयारी कर रहा है. एक तरफ भाई की मौत का सदमा है तो दूसरी तरफ घर की वर्षों की जमा-पूंजी चोरी होने से परिवार परेशान है. परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि चोरी की वारदात का जल्द खुलासा कर नकदी और जेवरात बरामद किए जाएं.