अयोध्या सी सजी गुलाबी नगरी! राम दरबार, रामसेतु और गणेश जी की झांकियों ने मोहा मन
दीपावली पर जयपुर की चारदीवारी अयोध्या की दिव्यता और भक्ति के रंग में रंगी नजर आ रही है. छोटी चौपड़ पर 42 फीट ऊंचा भव्य राम दरबार, रामसेतु निर्माण और घूमती पृथ्वी पर विराजमान गणेश जी की आकर्षक झांकियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं. बड़ी चौपड़ पर समुद्र मंथन का अद्भुत दृश्य सजाया गया है.
जयपुर के हर बाजार में प्रभु श्री राम की झलक दिखाई दे रही है. भगवान श्री राम की अयोध्या नगरी का राम दरबार जयपुर में सजा हुआ दिखाई दे रहा है. दीपों की रोशनी में राम नाम जगमगा रहा है.
छोटी चौपड़ पर भगवान श्रीराम का भव्य दरबार सजा है. 42 फीट चौड़े और 36 फीट ऊंचे राम मंदिर की आकर्षक झांकी लोगों का ध्यान खींच रही है. भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के साथ पूरा राम दरबार सजाया गया है. विशेष रोशनी और भव्य सजावट से छोटी चौपड़ का नजारा अयोध्या की याद दिला रहा है.
यह भी पढ़ेंः मिठाइयों पर लगी चांदी 'असली' है या एल्युमिनियम फॉइल? फिंगर टेस्ट से ऐसे करें पहचान, IAS तुकाराम मुंढे ने बताए टिप्स
छोटी चौपड़ पर सजा रामसेतु निर्माण का अद्भुत नजारा
राम दरबार के साथ छोटी चौपड़ पर राम सेतु निर्माण का अद्भुत दृश्य भी सजा है. कहीं समुद्र की लहरें है, तो कहीं पत्थर उठाती वानर सेना, नल और नील के निर्देशन में वानर सेना रामसेतु का निर्माण करती नजर आ रही है. स्वचालित तकनीक से तैयार इस झांकी में चलायमान पात्रों के जरिए रामायण का प्रसंग जीवंत किया गया है. बंगाल के कारीगरों ने अपनी कला से इस पूरे दृश्य को आकार दिया है. राम की भक्ति और दीपों की रोशनी से जगमगाती गुलाबी नगरी की दिवाली इस बार खास बन गई है. चांदपोल व्यापार मंडल द्वारा ये विशेष झांकी सजाई है.
घूमती पृथ्वी पर विराजे गणेश जी, झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
छोटी चौपड़ पर भगवान श्रीराम के दरबार के साथ अब भगवान श्री गणेश की अद्भुत झांकी भी सज गई है. करीब 14 से 15 फीट ऊंची इस झांकी में गणेश जी पृथ्वी के ऊपर विराजमान हैं. खास बात यह है कि पूरी पृथ्वी घूमती हुई नजर आ रही है और उसके ऊपर विराजमान गणेश जी का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है. बंगाल के कारीगरों ने विशेष तकनीक और कलात्मक सजावट से इस चलित झांकी को तैयार किया है. छोटी चौपड़ पर सजा यह अद्भुत नजारा जयपुर की दीपावली की रौनक में चार चांद लगा रहा है. ऐसा लग रहा है मानो अयोध्या की दिव्यता छोटी काशी में उतर आई हो.
गुलाबी रोशनी से निखरी 300 साल पुरानी विरासत
दीपावली पर गुलाबी नगरी जयपुर की खूबसूरती में रोशनी ने चार चांद लगा दिए हैं. ऐतिहासिक एमआई रोड पर रंग-बिरंगी लाइटों की चमक के बीच गुलाबी रोशनी का खास आकर्षण देखने को मिल रहा है. शहर की 300 साल पुरानी विरासत को गुलाबी रंग की रोशनी से सजाया गया है. वहीं, बाजार में जगमगाते अलग-अलग रंग दीपावली के उत्सव को और भी खास बना रहे हैं. रोशनी से सजे बाजार को देखकर ऐसा लग रहा है, मानो पूरा शहर खास बाजार को देखने के लिए उमड़ गया है.
पहली बार शार्पी और लेजर लाइट्स से सजा एमआई रोड
एमआई रोड की सजावट में इस बार पहली बार लाइट्स, शार्पी लाइट्स और लेजर लाइट्स का इस्तेमाल भी किया गया. पांच बत्ती चौराहे को पिंकसिटी थीम दी गई. इस बार पहली बार है जब 11 दिन तक एमआई रोड जगमग रहेगा. 11 नवंबर तक जयपुर का एमआईरोड रोशीन से गुलजार होगा. पहले जयपुर में 30 से 35 किलोमीटर के एरिया में सजावट की जाती थी. इस बार इसे बढ़ाकर 50 से 55 किलोमीटर तक किया गया है. शहर के अलग-अलग बाजारों और इलाकों को अलग-अलग थीम पर सजाया जा रहा है.
बड़ी चौपड़ पर समुद्र मंथन की झांकी, जीवंत हुई पौराणिक कथा
समुद्र मंथन में देवताओं और असुरों ने मिलकर अमृत की खोज की थी. मंथन से समुद्र में कई अनमोल रत्न निकले. इसी मंथन से माता लक्ष्मी, अमृत कलश और भगवान धन्वंतरि प्रकट हुए. बड़ी चौपड़ पर समुद्र मंथन की यह अद्भुत झांकी आस्था और पौराणिक कथाओं को जीवंत कर रही है. बड़ी चौपड भी भगवान श्रीराम का दरबार के दर्शन हो रहे है. ऐसा ही लग रहा है मानो भगवान श्री राम की खूबसूरत अयोध्या नगरी जयपुर में आ गई है.
बच्चों को धर्म और संस्कृति से जोड़ रहीं भव्य झांकियां
इस खूबसूरत नजारे को हर कोई अपने कैमरे में कैद कर रहा था. खास बात ये है कि ये केवल झांकिया नहीं,बल्कि कल के भविष्य यानी बच्चों के लिए अपने धर्म, संस्कृति को जानने पहचानने का अद्भुत संगम है. तभी तो हर कोई इस झांकी को देखने के लिए अपने बच्चों को जरूर ला रहे है, ताकि इन झांकियों से धर्म का ज्ञान बढ़ सके.
जौहरी बाजार में आस्था के रंग, विदेशी सैलानी भी हुए आकर्षित
जयपुर का जौहरी बाजार धर्म और आस्था के रंग में रंगी हुई है. भगवान श्रीराम के जयकारे के साथ साथ यहां भगवान शिव की आराधना का भी सजीव चित्रण है. विदेशी सैलानी भी जयपुर की दीपावली मनाने के लिए खुद को रोक नहीं पाए. सैलानियों ने भारत की संस्कृति, खूबसूरती और विरासत को अपने कैमर में कैद करते दिखाई दे रहे हैं. हर कोई दीवाली के रंग में रंगा हुआ है.चारदीवारी के हर बाजार हर गलियां रोशन है. गणगौरी बाजार को एलईडी लाइटों के दीपक जलाकर ईको फ्रेडली दिवाली मनाने का संदेश दिया है.
यह भी पढ़ेंः मालिक की दरियादिली... दिवाली पर कर्मचारियों को थाली में भरकर दिया कैश; तोहफा पाकर भावुक हुए वर्कर्स
चौड़ा रास्ता में राष्ट्रीयता का संदेश, त्रिपोलिया बाजार रंगों से रोशन
परकोटे का चौड़ा रास्ता राष्ट्रीयता का संदेश देता हुआ दिखाई दे रहा है, तो त्रिपोलिया बाजार रंगबिरंगी रोशन से नहाया है. इस बाजार की थीम रंग बिरंगी इसलिए ताकि जीवन में सभी रंग रोशन हो. रंगबिरंगी थीम को देखने के लिए लोगों का जमावड़ा और भीड़ बहुत ज्यादा है. गाड़ियों के ट्रैफिक जाम के बीच भी त्रिपोलिया बाजार के खूबसूरत रंग में दिखाई दे रहा है.
स्वदेशी दिवाली के रंग में रंगी जयपुर की जेन जी
पूरे देश में स्वदेशी दिवाली पर फोकस है. इसका असर भी जयपुर के जेन जी पर दिखाई दे रहा. भारतीय परिधानों के बीच जेन जी दीपावली की रोशनी देखने पहुंच रहे हैं. अपने-अपने धर्म के साथ साथ अपनी संस्कृति के करीब आ रहे है. बता दें कि जयपुर की दीपावली अबकी बार इसलिए भी खास है कि क्योंकि इस साल जयपुर 300वें साल में प्रवेश कर रहा है.