Bumble पर दोस्ती, कार में मिलने बुलाया और फिर छात्रा से करने लगा गंदी हरकत! मना करने पर पीटा
जयपुर में Bumble डेटिंग ऐप पर दर्शील बनकर छात्रा से दोस्ती करने और मिलने बुलाकर छेड़छाड़ व मारपीट करने के आरोपी दीपक कुमार झारवाल को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया.
Jaipur Bumble Dating App Case: राजस्थान की राजधानी जयपुर में डेटिंग ऐप के जरिए एक कॉलेज छात्रा से दोस्ती करने और फिर मिलने बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ व मारपीट करने का मामला सामने आया है. आरोपी ने Bumble ऐप पर अपना नाम दर्शील बताकर छात्रा से बातचीत शुरू की थी. आरोप है कि मिलने के दौरान उसने छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की. गांधी नगर थाना पुलिस ने आरोपी को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया.
Bumble पर दो दिन बातचीत, फिर कॉलेज के बाहर बुलाया
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित छात्रा गांधी नगर इलाके के एक कॉलेज में पढ़ती है और हॉस्टल में रहती है. Bumble डेटिंग ऐप पर उसकी बातचीत दर्शील नाम बताने वाले युवक से शुरू हुई थी. करीब दो दिन बातचीत के बाद 19 नवंबर को युवक ने छात्रा को कॉलेज के बाहर मिलने बुलाया. वह उसे अपनी काले रंग की Kia कार में बैठाकर घुमाने ले गया. इस दौरान आरोपी बीयर और खाने का सामान भी लेकर आया था.
वापस छोड़ने को कहा तो शारीरिक संबंध बनाने का दबाव
छात्रा ने पुलिस को बताया कि जब उसने कॉलेज वापस छोड़ने के लिए कहा तो युवक गुस्सा हो गया. आरोप है कि उसने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला और मना करने के बावजूद गलत तरीके से छूने की कोशिश की.
छात्रा ने विरोध किया और कार से उतरकर जाने लगी तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की. शिकायत के मुताबिक, युवक ने उसकी गर्दन पकड़कर उसे कार से टक्कर मारी, जिससे वह घायल हो गई. आसपास लोगों को आता देखकर आरोपी भाग निकला.
CCTV और कार नंबर से आरोपी तक पहुंची पुलिस
20 नवंबर को छात्रा ने हॉस्टल वार्डन के साथ गांधी नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई. डीसीपी जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा के निर्देशन में पुलिस की विशेष टीम बनाई गई. टीम ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और वाहन नंबर के आधार पर तकनीकी जांच की. इसके बाद पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार झारवाल (32), निवासी भीमपुरा, आमेर को गिरफ्तार कर लिया.
Kia कार और iPhone Pro Max जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल Kia कार और iPhone Pro Max जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी Bumble सहित अन्य सोशल मीडिया ऐप के जरिए महिलाओं से संपर्क करता था. गांधी नगर थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2), 74 और 75 के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ और मामले की जांच जारी है.