SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

रेपिडो चलाने के लिए चुराने लगा बाइक, पढ़ने आया था जयपुर बन गया चोर

कंप्यूटर कोर्स करने आया एक युवक पढ़ाई और नौकरी के सपने लेकर जयपुर पहुंचा था , लेकिन नौकरी नहीं मिली तो उसने ऐसा रास्ता चुना, जिसने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. पहले रेपिडो चलाने लगा और फिर रेपिडो में चलाने के लिए ही मोटरसाइकिलें चुराने लगा.

Reported By Vishnu Prakash Sharma
Published: Nov 02, 2026, 01:46 PM IST | Updated: Nov 02, 2026, 01:51 PM IST
Image Credit: jaipur computer student turned bike thief rapido driver arrested
Join

जयपुर पुलिस की गिरफ्त में आए इस आरोपी की कहानी भी थोड़ी अलग है. ये पहले बाइक चोरी करता, रेपिडो में चलाता और पेट्रोल खत्म होते ही उसी इलाके में लावारिस छोड़ देता. सिंधी कैम्प थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है.

बीकानेर से जयपुर पढ़ने आया था युवक

जयपुर में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में सिंधी कैम्प थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए बीकानेर निवासी 24 वर्षीय नीरज पाईवाल को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी जयपुर में कंप्यूटर कोर्स करने आया था, लेकिन नौकरी नहीं मिलने पर रेपिडो चलाने लगा. रेपिडो चलाने के लिए उसने चोरी का रास्ता अपना लिया.

सीसीटीवी की मदद से गिरफ्तारी

बनीपार्क के जोबनेर बाग निवासी भीम सिंह ने 18 अक्टूबर 2026 को सिंधी कैम्प थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, कि उसकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल घर के बाहर से चोरी हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए. फुटेज में ब्राउन कलर की शर्ट पहने एक युवक बाइक चोरी करता नजर आया. पुलिस ने हुलिए के आधार पर तलाश शुरू की और आखिरकार 1 नवंबर को आरोपी नीरज पाईवाल को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया.

पूछताछ में आरोपी नीरज ने जयपुर के अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी करना कबूल किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने प्रताप नगर से एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, मुरलीपुरा और झोटवाड़ा से स्कूटी और सिंधी कैम्प इलाके से मोटरसाइकिल चोरी करना कबूल किया है. आरोपी चोरी के वाहनों को रेपिडो में चलाता था। पेट्रोल खत्म होने पर उसी दिन या अगले दिन वाहन को चोरी वाले इलाके के आसपास ही लावारिस छोड़ देता था. जिससे मामला ज्यादा उछलता नहीं था.आरोपी पुरानी मोटरसाइकिलों को ही निशाना बनाता था. पूछताछ में उसने बताया कि पुरानी बाइक में आसानी से दूसरी चाबी लग जाती है और वो स्टार्ट हो जाती है. इसी तरीके से वो वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES