जयपुर में सनसनी: भाई बना भाई का हत्यारा, चाकू मारकर बड़े भाई को उतारा मौत के घाट
जयपुर के बनीपार्क इलाके में मंगलवार सुबह संपत्ति विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी. घटना कांतिचंद्र रोड की है, जहां स्कूटी से जा रहे श्याम मनोहर पर उनके छोटे भाई मुरली मनोहर ने हमला किया. अस्पताल में डॉक्टरों ने श्याम मनोहर को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को हत्या की वजह माना जा रहा है.
Rajasthan Crime: राजस्थान के जयपुर शहर के बनीपार्क इलाके में मंगलवार को संपति के लिए एक भाई ने दूसरे भाई की हत्या कर दी. हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया. हत्या की वजह संपति का बंटवारा बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जयपुर में संपत्ति विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या की
राजधानी जयपुर में मंगलवार को आपसी पारिवारिक और जमीनी विवाद में हत्या जैसा जघन्य अपराध सामने आया. संपति के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद के चलते छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी. यह घटना बनीपार्क थाना इलाके की कांतिचंद्र रोड की है, जहां सुबह करीब 7.30 बजे बनीपार्क थाना पुलिस को घटना की सूचना मिली.
स्कूटी से निकल रहे बड़े भाई पर चाकू से हमला
बताया जा रहा है कि कांतिचंद्र रोड़ निवासी श्याम मनोहर स्कूटी से कहीं जाने के लिए घर से रवाना हुए थे. इसी दौरान उनके छोटे भाई मुरली मनोहर ने उन्हें रोककर चाकू से हमला कर दिया. चाकू के वार से श्याम मनोहर गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े. घायल श्याम मनोहर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को हिरासत में लिया
इधर, वारदात की सूचना मिलते ही बनीपार्क थाना SHO सुरेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद में DCP वेस्ट प्रशांत किरण ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आरोपी छोटे भाई मुरली मनोहर को हिरासत में ले लिया है.
पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक जमीनी विवाद की बात सामने आ रही है. पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों में पैतृक संपति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. आरोपी मुरली मनोहर कुछ ही महीने पहले विदेश से जयपुर आया था. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
24 साल अमेरिका में रहने के बाद जयपुर लौटा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुरली बगानी अमेरिका के सेंट्रल अमेरिका स्थित बलीज सिटी की चर्च स्ट्रीट पर रहता था. उसकी पत्नी और बच्चे अभी भी अमेरिका में रहते हैं. करीब 24 साल अमेरिका में रहने के बाद काम में घाटा होने के कारण वह लगभग 11 महीने पहले जयपुर लौट आया था. फिलहाल वह सीकर रोड स्थित शेखावाटी नगर में रह रहा था.
दहेज प्रताड़ना के मामले में भी गिरफ्तार हुआ था मुरली
अमेरिका जाने से पहले भी मुरली के खिलाफ जयपुर के महिला नॉर्थ थाने में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज था. इस मामले में पुलिस ने 6 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. जेल से बाहर आने के बाद प्रॉपर्टी के बंटवारे को लेकर उसका बड़े भाई के साथ विवाद शुरू हो गया.