App

जयपुर में दिन दहाड़े 42 लाख लूटे: 10 फीट की दूरी में रुपयों से भरा बैग छीना, रिवाॅल्वर भी दिखाई

जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ इंडिया के ATM के पास दो हथियारबंद बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों से 42 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया. हेलमेट पहने बदमाश बाइक से आए और पिस्तौल दिखाकर वारदात के बाद फरार हो गए. पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और शुरुआती जांच में रेकी के बाद लूट की साजिश सामने आई है.

जयपुर में दिन दहाड़े 42 लाख लूटे: 10 फीट की दूरी में रुपयों से भरा बैग छीना, रिवाॅल्वर भी दिखाई
Image Credit: जयपुर में दिनदहाड़े 42 लाख रुपये की लूट

Rajasthan Crime: राजस्थान की राजधानी जयपुर में दिनदहाड़े 42 लाख रुपए की लूट से हड़कंप मच गया. रामनगरिया थाना इलाके में बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से कैश निकालकर बैंक जा रहे कर्मचारियों को बदमाशों ने निशाना बनाया. हेलमेट पहने दो बदमाशों ने रिवॉल्वर दिखाकर बैंक स्टाफ को धमकाया और रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए. पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है.  वारदात की पूरी तस्वीर CCTV में कैद हुई है.  पुलिस अब फुटेज के आधार पर लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है. 

जयपुर के रामनगरिया इलाके में अक्षय पात्र चौराहे पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच और एटीएम में बदमाशों ने सोमवार  दोपहर करीब पौने 12 बजे बदमाशों ने बड़ी लूट को अंजाम दिया. बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारी ATM बूथ से कैश निकालकर बैंक की तरफ जा रहे थे तभी बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे. दोनों बदमाशों ने पहले अपनी बाइक कुछ दूरी पर खड़ी की. फिर हेलमेट पहनकर पैदल ATM बूथ तक पहुंचे. मौका मिलते ही रुपए से भरा बैग छीना और कर्मचारी कुछ भी समझ पाते दोनों आरोपी भाग निकले. बताया जा रहा है कि बैग में करीब 42 लाख रुपए थे. 

लुटेरों ने बैंक स्टाफ को रिवॉल्वर दिखाकर डराया 
अचानक हुई इस वारदात से बैंक कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग सकते में आ गए. बदमाश कुछ दूरी तक पैदल भागे और इसके बाद पहले से खड़ी अपनी पावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए. बैंक स्टाफ और अन्य लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन लुटेरे हाथ नहीं आए.

बाइक पर सवार होकर हुए फरार 
42 लाख की लूट की यह पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है. फुटेज में दो हेलमेटधारी बदमाश ATM बूथ की तरफ पैदल आते दिखाई दे रहे हैं. इनमें एक बदमाश ने कमर में रिवॉल्वर लगा रखा था. उसने शर्ट ऊंची कर रिवॉल्वर दिखाई जिससे बैंककर्मी डर गए. युवक बैग छीनकर सीढियों से नीचे उतर गया और कुछ दूर तक पैदल भागते हुए नजर आए. कुछ दूरी पर खड़ी बाइक तक पहुंचे और इसके बाद बाइक पर सवार होकर फरार हो गए हैं. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों के आने-जाने का रूट तैयार करवा रही है. 

रेकी के बाद बनाई गई थी लूट की पूरी प्लानिंग
प्रारंभिक जांच में पुलिस को बदमाशों की रेकी का भी शक है. बैंक में शनिवार और रविवार का अवकाश था. ऐसे में दो दिन से ATM की कैश डिपॉजिट मशीन में बड़ी मात्रा में नकदी जमा थी. सोमवार को बैंक खुलने के बाद कर्मचारी यह रकम ATM से निकालकर बैंक ले जा रहे थे. एटीएम और बैंक के बीच की दूरी लगभग दस फीट की है. इसी दौरान बदमाशों ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया.

पुलिस ने बैंक के कर्मचारियों से पूछताछ की. कैश निकालने वाले स्टाफ, कैशियर और ATM से जुड़े कर्मचारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बदमाशों को इतनी बड़ी रकम के ATM में होने की जानकारी कैसे मिली. कहीं एटीएम से राशि निकालने वाले कर्मचारी ने तो ही सूचना नहीं दे दी है यानी जांच के दायरे में रेकी से लेकर अंदरूनी जानकारी तक, हर एंगल शामिल है. 
 

नाकाबंदी के बावजूद नहीं मिला बदमाशों का सुराग
वारदात की सूचना मिलते ही रामनगरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. FSL टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं. तकनीकी और साइबर टीम की मदद से भी बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. शहर में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की गई. बाइक और आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान के प्रयास जारी हैं. फिलहाल पुलिस की नजर CCTV फुटेज और बदमाशों की बाइक पर है. पुलिस को उम्मीद है कि CCTV और तकनीकी जांच के जरिए जल्द ही लुटेरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकेगा. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Prakash Sharma

Vishnu Prakash Sharma

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More