App

जयपुर के AMRC हॉस्पिटल में आयकर विभाग की रेड: हथियारबंद जवान तैनात, रिकॉर्ड खंगाल रही टीम

Jaipur News: जयपुर के मानसरोवर स्थित AMRC हॉस्पिटल पर आयकर विभाग ने छापेमारी कर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की है. किरण पथ स्थित अस्पताल में कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए हथियारबंद पुलिस जवान भी तैनात रहे.

जयपुर के AMRC हॉस्पिटल में आयकर विभाग की रेड: हथियारबंद जवान तैनात, रिकॉर्ड खंगाल रही टीम
Image Credit: Zee Media

Jaipur News: राजस्थान के जयपुर के मानसरोवर स्थित अमर मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर (AMRC) पर इनकम टैक्स विभाग ने छापेमारी की. किरण पथ स्थित अस्पताल में आयकर विभाग की टीम पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की. अचानक हुई इस कार्रवाई से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है. जांच के दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है.

दस्तावेजों और रिकॉर्ड को खंगाल रही आयकर विभाग टीम

जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम अस्पताल में पहुंचकर विभिन्न दस्तावेजों और रिकॉर्ड को खंगाल रही है. कार्रवाई के दौरान करीब आधा दर्जन हथियारबंद पुलिस जवान भी तैनात किए गए हैं. सुरक्षा व्यवस्था के बीच टीम अपनी जांच में जुटी हुई है. फिलहाल जांच का दायरा क्या है और किन दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है. इसे लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

बहरोड़ और झुंझुनूं के अस्पतालों में भी छापेमारी

बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की यह कार्रवाई केवल जयपुर तक सीमित नहीं है. जयपुर के साथ बहरोड़ और झुंझुनूं स्थित अस्पतालों में भी एक साथ छापेमारी किए जाने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, इस संयुक्त कार्रवाई के पीछे की वजह और जांच से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

स्थापना दिवस के आयोजन की तैयारियों के बीच अस्पताल में हलचल बढ़ी हलचल

इधर AMRC हॉस्पिटल प्रशासन अपने स्थापना दिवस के आयोजन की तैयारियों में जुटा हुआ था. इसी बीच आयकर विभाग की टीम के पहुंचने से अस्पताल परिसर में हलचल बढ़ गई. कार्रवाई के दौरान टीम अस्पताल से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है. कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं और विभाग की ओर से आगे क्या कदम उठाए जाएंगे.

पढ़ें एक और बड़ी खबर

जयपुर रेलवे स्टेशन के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को स्टेशन परिसर में भव्य 'स्टेशन महोत्सव' आयोजित किया गया. समारोह में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, जयपुर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी और मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन सहित रेलवे मुख्यालय एवं जयपुर मंडल के अधिकारी मौजूद रहे.

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई. इस दौरान स्टेशन के ऐतिहासिक सफर और रेलवे की उपलब्धियों पर आधारित विरासत छायाचित्र प्रदर्शनी का विधायक गोपाल शर्मा और महापौर सुनील कोठारी ने उद्घाटन किया. रेलवे सुरक्षा बल के बैंड ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी. साथ ही स्टेशन के 150 वर्षों के इतिहास पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई. वर्ष 1875 से रेल विकास की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा जयपुर स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा.

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 717 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है. परियोजना में मुख्य और द्वितीय प्रवेश द्वार को जोड़ने के लिए  10,260 वर्ग मीटर में एयर कॉनकोर्स विकसित किया जा रहा है. इसके अलावा तीन नए फुट ओवरब्रिज, 30 लिफ्ट और 18 एस्केलेटर का प्रावधान किया गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Dinesh Tiwari

Dinesh Tiwari

जी राजस्थान में सीनियर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत दिनेश तिवारी पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से सक्रिय हैं. जी राजस्थान में वे मुख्य रूप से यूडीएच और जेडीए से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं, जहां आमजन से जुड़ी सड़क, पानी और सीवरेज समस्याओं को लगातार उठाते रहे हैं. दिनेश तिवारी शिक्षा बीट पर भी मजबूत पकड़ रखते हैं.  इसके साथ ही खेल जगत से जुड़ी खबरों की कवरेज में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है. जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और आमजन की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में दिनेश तिवारी की पहचान एक सक्रिय पत्रकार के रूप में बनी है. जी राजस्थान से पहले दिनेश तिवारी ETV Bharat, Rajasthan Patrika, First India News और A1TV में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
Read More