)
राजस्थान के हिण्डौन स्थित महमदपुरिया का पुरा इलाके में बुधवार दोपहर पुरानी रंजिश और बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ. खूनी संघर्ष में 10 साल की बालिका समेत दोनों पक्षों के कुल 12 लोग घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल में उपचार करा रहे घायल अमर सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष के लोगों पर उसकी कई वर्षों की मजदूरी के रुपए बकाया हैं. बुधवार दोपहर करीब दो बजे जब उसने अपने मेहनत के पैसों की मांग की, तो दूसरे पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए. आरोप है कि इसी बात को लेकर उन्होंने अमर सिंह पर हमला कर दिया.
विवाद बढ़ने पर आसपास के लोग बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचे. आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और लाठी-डंडों के साथ पत्थरों से हमला कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ. इस संघर्ष में कई लोगों को चोटें आईं.
घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने घायलों का इलाज शुरू किया. डॉक्टरों के अनुसार, झगड़े में चार लोगों के सिर में चोटें आई हैं. इनमें बीरवल महावर के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है. वहीं, अन्य घायलों का भी उपचार जारी है. घायलों में दोनों पक्षों के लोग शामिल हैं. इस घटना में एक 10 वर्षीय बालिका के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.
मारपीट और पथराव की सूचना मिलने पर कोतवाली थाने के एएसआई दिनेश चंद पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को शांत कराया.
इसके बाद पुलिस टीम जिला अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई.
पुलिस के अनुसार, फिलहाल दोनों पक्षों में से किसी ने भी थाने में लिखित रिपोर्ट नहीं दी है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.
Reporter- Ashish Chaturvedi