SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पश्चिमी राजस्थान में अकाल की आहट: पानी का संकट, पशुओं के चारे की किल्लत! शेखावत ने जताई चिंता

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर दौरे के दौरान पश्चिमी राजस्थान में कम बारिश से पैदा हुए अकाल जैसे हालात, पेयजल संकट, पशुओं के चारे की कमी और किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर चिंता जताई.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Oct 19, 2026, 08:38 PM IST | Updated: Oct 19, 2026, 08:50 PM IST
Image Credit: मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
Join

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सोमवार शाम दिल्ली से जोधपुर पहुंचे. वे दो दिवसीय दौरे पर जोधपुर में रहेंगे. एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए शेखावत ने पश्चिमी राजस्थान में कम बारिश के चलते पैदा हुए अकाल जैसे हालात, पेयजल संकट, पशुधन के लिए चारे की कमी और किसानों को हुए नुकसान पर चिंता जताई.

शेखावत ने कहा कि इस बार देश के बड़े हिस्से में औसत से कम बारिश हुई है. राजस्थान और विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान में अकाल की छाया स्पष्ट दिखाई दे रही है. कई गांवों में अभी से पेयजल संकट पैदा हो गया है. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय बेपटरी हुए जल जीवन मिशन को फिर से व्यवस्थित करने में समय और प्रयास लग रहे हैं, जिसके कारण कई गांवों में अपेक्षित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो पाई है.

यह भी पढ़ेंः  SBI और चतुर्थ श्रेणी भर्ती में सेलेक्शन की गारंटी का दावा: पूर्व सरपंच के WhatsApp मैसेज से उठे सवाल

गौवंश के चारे और पेयजल पर संकट 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान में पशुधन, विशेषकर गौवंश के सामने चारे का संकट भी गंभीर चुनौती बनकर खड़ा है. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस विषय पर विस्तार से चर्चा की है. मुख्यमंत्री के हालिया जोधपुर प्रवास के दौरान भी इन मुद्दों पर बातचीत हुई थी. शेखावत ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पेयजल व्यवस्था सुचारू करने, चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने और चारे पर अनुदान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है. मुख्यमंत्री ने संबंधित विषयों पर आवश्यक निर्देश दिए हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार इस प्राकृतिक संकट से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है.

किसानों को जल्द मिले फसल बीमा का लाभ
शेखावत ने कहा कि कम बारिश के कारण किसानों की फसलों को भी नुकसान हुआ है. ऐसे में प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ शीघ्र मिले, इसके लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए. पंचायत चुनावों और कांग्रेस की सरकार पर टिप्पणियों को लेकर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जनता के विश्वास का महत्वपूर्ण पैमाना हैं. राजस्थान के हालिया निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी राजस्थान की 41 निकायों में से 36 में भाजपा ने जीत दर्ज की है.

यह भी पढ़ेंः जातिवाद के आरोपों के बीच नरेश मीणा का सोशल इंजीनियरिंग दांव, मीणा बहुल वार्ड में भील महिला को बनाया प्रत्याशी
 

कांग्रेस के आंदोलन पर शेखावत का निशाना
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए शेखावत ने कहा कि आंदोलन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन यह राजनीतिक स्वार्थ या देश में अराजकता फैलाने के उद्देश्य से नहीं होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कुछ ऐसी ताकतों के साथ खड़ी दिखाई देती है, जो संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने का प्रयास करती हैं.

राहुल गांधी की रीलॉन्चिंग पर कसा तंज
राहुल गांधी की राजनीतिक रीलॉन्चिंग से जुड़े सवाल पर शेखावत ने तंज कसते हुए कहा कि हर बार नए अवतार में रीलॉन्चिंग होती रहती है और कुछ समय बाद फिर नया रीलॉन्च देखने को मिलेगा. 

Report- Rakesh Kumar Bhardwaj

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES