राजस्थान में मिलावट पर खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन: जयपुर में 1125 किलो सरसों तेल सीज, चूरू में घी फैक्ट्री पर छापा
राजस्थान में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई में जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 1125 किलो सरसों तेल सीज किया गया. वहीं चूरू के सालासर में संदिग्ध घी फैक्ट्री पकड़ी गई. सैंपल जांच के लिए भेजे गए.
राजस्थान के जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के संदेह में 1125 किलो सरसों तेल सीज किया है. 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत विभाग की टीम ने प्रताप नगर स्थित संतोष सेल्स कॉर्पोरेशन पर छापा मारा. यहां दीप सारा ब्रांड के 75 टिन सरसों तेल मिले, जिनके रंग और सुगंध में प्रथम दृष्टया मिलावट का संदेह जताया गया है. विभाग ने तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं.
प्रताप नगर में संतोष सेल्स कॉर्पोरेशन पर छापा
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान दीप सारा ब्रांड के सरसों तेल के 75 टिन सीज किए गए. विभाग के अनुसार, तेल के रंग और सुगंध में अंतर मिलने के बाद मिलावट की आशंका के आधार पर नमूने लिए गए. हालांकि, तेल में मिलावट की पुष्टि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, जब्त सरसों तेल का निर्माण लक्ष्मी नारायण पुरा स्थित गोयल ऑयल उद्योग में हुआ था. विभाग ने यह भी बताया कि निर्माता फर्म के तेल के नमूने पहले भी जांच में अनसेफ पाए गए थे. मौजूदा कार्रवाई में लिए गए नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वीकेआई में कार्रवाई की. इस दौरान 140 किलो कीट-संक्रमित बादाम नष्ट किए गए, जबकि 690 किलो घी सीज किया गया.
कार्रवाई के दौरान मिलन स्वीट्स से मावा और घी से बनी मिठाइयों के 4 सैंपल लिए गए. इसके अलावा काजू और मसालों के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं. खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और खामियां मिलने पर संचालकों को सुधार नोटिस जारी किए.
यह भी पढ़ें- सीकर की नीमकाथाना सब जेल से दुष्कर्म का आरोपी फरार, संत्री को धक्का देकर कूदा दीवार
रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
मिलावट के खिलाफ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने महेश ट्रेडिंग कंपनी सहित बस्सी, कानोता और प्रहलादपुरा के कई स्थानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए. इनमें घी, तेल, लाल मिर्च, चाय और शहद शामिल हैं. खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पढ़ें एक और बड़ी खबर
चूरू जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सालासर में कथित तौर पर नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है. SP निश्चय प्रसाद एम के निर्देशन में पुलिस ने दबिश दी. शुरुआती जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में पाम ऑयल से घी तैयार किए जाने की आशंका है. मौके पर पाम ऑयल के 40 से 50 ड्रम होने की जानकारी सामने आई है.
मिली जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में पाम ऑयल के साथ केमिकल का इस्तेमाल कर कथित नकली घी तैयार किए जाने की भी आशंका है. हालांकि, घी में किन पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा था, इसकी पुष्टि जांच और सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस की सूचना पर पहुंची खाद्य विभाग की टीम
पुलिस की सूचना मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने फैक्ट्री से सैंपल लिए और कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को सीज कर दिया. अब सैंपल की जांच के आधार पर घी की गुणवत्ता और उसमें इस्तेमाल किए जा रहे पदार्थों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.