खाजूवाला में सिंचाई पानी को लेकर किसानों का आंदोलन जारी: मंडी अनिश्चितकाल के लिए बंद, निजी स्कूलों का मिला समर्थन
Khajuwala Farmers Protest: बीकानेर के खाजूवाला में सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन 19वें दिन भी जारी है. 8 बारी सिंचाई पानी की मांग को लेकर खाजूवाला मंडी तीसरे दिन बंद रही. निजी शिक्षण संस्थान संघ ने भी किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया है.
Khajuwala Farmers Protest: राजस्थान के बीकानेर जिले में खाजूवाला क्षेत्र में सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है. रबी की फसल के लिए स्थाई सिंचाई पानी और स्थाई रेगुलेशन की मांग को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं. किसानों के समर्थन में खाजूवाला, रावला, घड़साना और अनूपगढ़ क्षेत्र के किसान आंदोलन कर रहे हैं.
सिंचाई पानी की मांग को लेकर चल रहा किसानों का आंदोलन सोमवार को 19वें दिन भी जारी रहा. किसानों की मांग है कि उन्हें 8 बारी सिंचाई पानी दिया जाए. आंदोलन के समर्थन में खाजूवाला मंडी लगातार तीसरे दिन अनिश्चितकाल के लिए बंद रही. वहीं निजी शिक्षण संस्थान संघ ने भी किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया है. इसके चलते आज खाजूवाला क्षेत्र के सभी निजी विद्यालयों में अवकाश रखा गया है.
8 बारी सिंचाई पानी की मांग
किसानों की प्रमुख मांग रबी की फसल के लिए स्थाई सिंचाई रेगुलेशन की है. किसानों का कहना है कि जब तक सिंचाई पानी की समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. किसान इस मुद्दे पर अब आंदोलन को और तेज कर चुके हैं. किसानों का कहना है कि पर्याप्त सिंचाई पानी नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है. किसान लगातार 8 बारी सिंचाई पानी देने की मांग कर रहे हैं. खाजूवाला के साथ रावला, घड़साना और अनूपगढ़ क्षेत्र के किसान भी सिंचाई पानी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं.
कई दौर की वार्ता के बाद भी नहीं बनी सहमति
किसानों और प्रशासन के बीच मांगों को लेकर कई दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन अभी तक किसी ठोस समाधान पर सहमति नहीं बन पाई है. जिसके चलते किसानों का आंदोलन जारी है. किसानों ने अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का रुख अपनाया है.
किसानों को मिला निजी स्कूलों का समर्थन
किसानों के आंदोलन के सामर्थन में खाजूवाला मंडी लगातार तीसरे दिन बंद है. वहीं निजी शिक्षण संस्थान संघ ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए आज क्षेत्र के सभी निजी विद्यालयों में अवकाश रखने का निर्णय लिया है. इससे आंदोलन को स्थानीय स्तर पर व्यापक समर्थन मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है.
श्रीगंगानगर जिले के नई मंडी घड़साना में सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन 19वें दिन भी लगातार जारी है. आंदोलन के समर्थन में घड़साना का बाजार तीसरे दिन भी पूरी तरह बंद रहा. किसानों के समर्थन में अब सब्जी मंडी के व्यापारियों ने भी अपना समर्थन दिया है. सब्जी बाजार भी पूरी तरह बंद रहा. व्यापारियों ने कहा कि जब तक किसानों की मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक सब्जी मार्केट बंद रखने का निर्णय लिया गया है.
दूसरी ओर किसान अपनी मांगों को लेकर धरना स्थल पर डटे हुए हैं. बाजार बंद रहने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आंदोलन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. अब किसानों और प्रशासन के बीच समाधान को लेकर सभी की नजरें आगामी कदम पर टिकी हैं.