त्योहारी सीजन से पहले पुलिस ने मिलावटखोरों की अक्ल लगा दी ठिकाने! श्रीगंगानगर में 1.23 करोड़ रुपए का नकली घी बरामद
श्रीगंगानगर में पुलिस ने अनन्या ट्रेडिंग कंपनी पर छापा मारकर 16,394 लीटर नकली घी जब्त किया. इसकी कीमत करीब 1.23 करोड़ रुपए बताई गई है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 3.50 लाख रुपए नकद और एक मारुति वैन भी जब्त की.
Sri Ganganagar: राजस्थान के श्रीगंगानगर में पुलिस ने नकली घी के बड़े कारोबार का खुलासा किया है. त्योहारी सीजन में बाजार में बेचने की तैयारी कर रहे 16,394 लीटर घी को जब्त किया गया है. पुलिस ने चौधरी कॉम्प्लेक्स स्थित अनन्या ट्रेडिंग कंपनी पर दबिश देकर यह कार्रवाई की. जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 23 लाख रुपए बताई जा रही है. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने गोदाम सील करने के साथ 3 लाख 50 हजार रुपए नकद और एक मारुति वैन भी जब्त की है.
CID और DST की टीम के साथ पुलिस ने मारा छापा
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत पुलिस को नकली घी के कारोबार की जानकारी मिली थी. इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव के निर्देशन में कार्रवाई की योजना बनाई गई. इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा और आईपीएस नितिन चौधरी का सुपरविजन रहा.
1 नवंबर 2026 को सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुभाष चंद्र के नेतृत्व में पुलिस, CID और DST की संयुक्त टीम ने अनन्या ट्रेडिंग कंपनी पर दबिश दी. जांच के दौरान यहां बड़ी मात्रा में घी मिला, जिसे बाजार में बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था. पुलिस ने मौके से कुल 16,394 लीटर घी जब्त किया. इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 3 लाख 50 हजार रुपए नकद और मारुति वैन नंबर RJ31CC9138 को भी कब्जे में लिया गया.
तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें राम तायल (26) पुत्र भगवनदास, निवासी बालाजी स्टेट, श्रीगंगानगर; मुकेश कुमार (42) पुत्र सुरेश कुमार, निवासी राणा प्रताप कॉलोनी, श्रीगंगानगर और विकास कुमार (24) पुत्र मदनलाल, निवासी डूंगरसिंहपुरा, श्रीगंगानगर शामिल हैं. तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब घी की खरीद, निर्माण और बिक्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.
कहां-कहां हो रही थी नकली घी की सप्लाई?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकली घी किन-किन जगहों पर सप्लाई किया गया था और इस कारोबार में अन्य कौन लोग शामिल हैं. जिले में दूसरे संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है.
आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई: SP
जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत इस कारोबार का खुलासा किया गया है. उन्होंने बताया कि आरोपियों से घी की खरीद और सप्लाई को लेकर पूछताछ जारी है. इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है.
कार्रवाई में सदर थाना श्रीगंगानगर पुलिस, CID (CB) जयपुर और स्वास्थ्य विभाग की टीम शामिल रही. CID (CB) मुख्यालय जयपुर के हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार की इसमें विशेष भूमिका रही. अब पुलिस की जांच का मुख्य फोकस नकली घी की सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाना है.