App

डूंगरपुर बैंक चोरी का बड़ा खुलासा: 14 लाख की बैंक चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 6 KM पीछा कर पकड़ा गया आरोपी

डूंगरपुर के गलियाकोट में आरबीएल फिनसर्व शाखा से 14.23 लाख रुपये की नकबजनी का पुलिस ने खुलासा किया है. चितरी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी फरार है. मुख्य आरोपी को गुजरात में 5 दिन की रेकी के बाद जंगल में 6 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा गया.

डूंगरपुर बैंक चोरी का बड़ा खुलासा: 14 लाख की बैंक चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 6 KM पीछा कर पकड़ा गया आरोपी
Image Credit: 14 लाख की बैंक चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Dungarpur News: राजस्थान के डूंगरपुर जिले की चितरी थाना पुलिस ने गलियाकोट स्थित आरबीएल फिनसर्व लिमिटेड शाखा से 14, 23, 217 रुपये की बड़ी नकबजनी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लगातार 5 दिनों तक गुजरात के विभिन्न शहरों और गांवों में ठेकेदार और मजदूर का वेश धारण कर मुख्य आरोपी को जंगलों में 6 किलोमीटर तक पीछा कर दबोच लिया.

बैंक लॉकर तोड़कर 14.23 लाख रुपये की चोरी 
शाखा प्रबंधक राजेश कुमार सैनी ने चितरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 सितंबर 2026 की रात को बैंक कर्मियों द्वारा रखे गए 14.23 लाख रुपये से अधिक की राशि बैंक के लॉकर से चोरी हो गई. अज्ञात बदमाशों ने सीढ़ियों के नीचे की जाली तोड़कर और बैंक के पीछे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर एंट्री की और बैंक में ही रखी चाबियों से लॉकर खोलकर नगदी पार कर ली.

CCTV और साइबर टीम से आरोपियों तक पहुंची पुलिस 
चितरी थानाधिकारी रमेश मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने बैंक व आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर शाखा की मदद से संदिग्धों की पहचान की. आरोपी वारदात के बाद ठिकाने बदलकर गुजरात में छिप रहे थे.

मजदूर-ठेकेदार बनकर 5 दिन तक की रेकी 
पुलिस टीम ने गुजरात में 5 दिनों तक ठेकेदार और मजदूर का वेश बनाकर आरोपी की रेकी की. मुख्य आरोपी जीवा उर्फ जीवतराम की भनक लगते ही पुलिस ने राजस्थान सीमा में एंट्री करते समय उसे डिटेन करने की कोशिश की और जंगलों में करीब 6 किलोमीटर पीछा कर धर दबोचा.
 
हिस्ट्रीशीटर समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
जीवा उर्फ जीवतराम निवासी पारडा दरियाटी मुख्य आरोपी और कुंआ थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर चोरी, पोक्सो और अन्य धाराओं में 7 मामले दर्ज हैं. वहीं, इसके साथ ही पुलिस ने हरिश उर्फ भटु निवासी पुछियावाडा व बदामी उर्फ बदा निवासी रातडिया को गिरफ्तार किया है. मामले में एक अन्य आरोपी मुकेश डामोर निवासी मालाखोलडा फरार है, जिसकी तलाश जारी है.

जंगल और नदी के रास्ते भागे थे आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले बैंक की सुनियोजित रेकी की थी. वारदात के बाद मुख्य आरोपी जीवा और उसका साथी मुकेश पैदल-पैदल कैमरों की नजर से बचते हुए जंगल और नदी के रास्ते मोरडी भैरवजी मंदिर पहुंचे, जहां से उनके अन्य सहयोगियों (हरिश व बदामी) ने उन्हें गंतव्य स्थान तक पहुंचाया था. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है. 

Report- Akhilesh Sharma

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More