SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भाजपा विधायक ने फूड इंस्पेक्टर्स को फटकारा, ड्राई फ्रूट्स स्टोर पर सैंपल लेने गई थी टीम

श्रीगंगानगर में ड्राई फ्रूट्स स्टोर पर जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम और विधायक जयदीप बिहाणी के बीच विवाद हो गया. महिला फूड इंस्पेक्टरों ने दुर्व्यवहार के आरोप लगाए, जबकि विधायक ने कार्रवाई की अनुमति पर सवाल उठाए. टीम बिना सैंपल लिए लौट गई.

Written By Ansh Raj
Published: Oct 29, 2026, 06:24 AM IST | Updated: Oct 29, 2026, 06:35 AM IST
Image Credit: Sri Ganganagar
Join

श्रीगंगानगर शहर में खाद्य पदार्थों की जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम और भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के बीच विवाद हो गया. टीम ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत एसएसबी रोड स्थित राजस्थान वैरायटी स्टोर पर जांच करने पहुंची थी. इसी दौरान विधायक भी मौके पर पहुंच गए. महिला फूड इंस्पेक्टरों ने विधायक पर दुर्व्यवहार, धमकी देने और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं. वहीं, विधायक ने स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई को अनुचित बताते हुए अधिकारियों पर लोगों को परेशान करने और वसूली करने के आरोप लगाए. विवाद के बाद टीम बिना सैंपल लिए लौट गई.

ऑनलाइन शिकायत के बाद जांच करने पहुंची टीम
फूड इंस्पेक्टर नित्या शर्मा और मंजू बाला के मुताबिक, राजस्थान वैरायटी स्टोर पर एक्सपायरी डेट के उत्पाद बेचे जाने की ऑनलाइन शिकायत मिली थी. इसके आधार पर टीम जांच करने पहुंची. दुकान के पीछे काजू, बादाम और अन्य ड्राई फ्रूट्स की पैकिंग की जा रही थी. टीम का आरोप है कि इन पैकेटों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी. फूड इंस्पेक्टरों ने बताया कि स्टोर संचालक अतुल अग्रवाल ने उन्हें जांच करने से मना कर दिया और विधायक को फोन कर दिया. इसके बाद विधायक मौके पर पहुंचे और उनके साथ विवाद हुआ.

ये भी पढ़ें- दीपावली से पहले जांच की रडार पर जयपुर की नामी मिठाई की दुकानें! राजस्थान में 78 प्रतिष्ठानों की जांच, 1.54 लाख रुपए का जुर्माना

 

महिला फूड इंस्पेक्टरों ने लगाए गंभीर आरोप
स्वास्थ्य विभाग की टीम के कर्मचारियों का आरोप है कि विधायक ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और राजकार्य में बाधा पहुंचाई. टीम ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक ने उनकी गाड़ी की चाबी निकालने की कोशिश की, ताकि अधिकारियों को पैदल जाना पड़े. महिला फूड इंस्पेक्टरों ने धमकाने के आरोप भी लगाए हैं. विवाद के बाद टीम बिना सैंपल लिए वहां से लौट गई. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले को लेकर जिला कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत दी है.

विधायक बोले- कार्रवाई की परमिशन नहीं थी
विधायक जयदीप बिहाणी ने स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि शहर में नाजायज कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उनके मुताबिक, टीम के पास कार्रवाई की परमिशन नहीं थी. उन्होंने कहा कि यदि अधिकारियों को जांच के लिए परमिशन की जरूरत नहीं है, तो विधायक भी कहीं जाकर दखल दे सकता है. बिहाणी ने कहा कि गंगानगर की जनता ने उन पर भरोसा जताया है और वह लोगों को परेशान नहीं होने देंगे. उन्होंने ड्राई फ्रूट्स के खुले डिब्बों और पैकिंग को लेकर सैंपल लेने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए.

गाड़ी की चाबी निकालने के आरोप पर भी दिया जवाब
विधायक ने अधिकारियों से एफसीआई के गोदामों में रखे पुराने गेहूं की जांच करने की बात कही. उन्होंने दावा किया कि वहां सालों पुराना गेहूं रखा है. गाड़ी की चाबी निकालने के आरोप पर बिहाणी ने कहा कि वह खुद अपनी गाड़ी नहीं चलाते, ऐसे में किसी दूसरे की गाड़ी की चाबी निकालने का सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने सवाल किया कि अगर उन्होंने चाबी निकाल ली होती, तो टीम वहां से कैसे चली जाती. फिलहाल, इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम की शिकायत और विधायक की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच विवाद सामने आया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES