SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ओवरटेक कर बाइक रोकी, सिर पर चलाई गोली! धौलपुर में फाइनेंस कर्मी से सनसनीखेज लूट

Rajasthan News: धौलपुर के सैंपऊ में बाइक सवार 3 बदमाशों ने भारत फाइनेंस के कर्मचारी योगेश कुमार को गोली मारकर करीब डेढ़ लाख रुपए लूट लिए. गोली हेलमेट को भेदकर सिर में लगी. घायल कर्मचारी अस्पताल में भर्ती है. पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.

Written By SAGAR CHAUDHARY
Published: Oct 12, 2026, 10:35 PM IST | Updated: Oct 12, 2026, 10:44 PM IST
Image Credit: Rajasthan Crime (सांकेतिक तस्वीर)
Join

Rajasthan Crime: राजस्थान के धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई. बाइक सवार तीन बदमाशों ने भारत फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी योगेश कुमार को गोली मारकर नकदी से भरा बैग लूट लिया. बैग में करीब 1 लाख 35 हजार से डेढ़ लाख रुपए तक की रकम बताई जा रही है. योगेश बरखेड़ा गांव से समूहों के बकाया पैसे वसूलकर कंपनी की शाखा लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उन्हें रोककर हमला कर दिया. घायल कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.

सुनसान रास्ते पर बाइक रोककर किया हमला
जानकारी के अनुसार, योगेश कुमार सोमवार दोपहर बरखेड़ा गांव में अलग-अलग समूहों से बकाया राशि की वसूली करने गए थे. उन्होंने तीन जगहों से करीब 1 लाख 35 हजार से डेढ़ लाख रुपए तक जमा किए थे. इसके बाद वे नकदी से भरा बैग लेकर बाइक से सैंपऊ स्थित कंपनी की शाखा के लिए रवाना हुए.

गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सुनसान कच्चे रास्ते पर पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया. योगेश कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने हथियार निकालकर उनके सिर पर गोली चला दी.

हेलमेट को भेदकर सिर में लगी गोली
हमले में गोली योगेश के हेलमेट को भेदते हुए सिर में जा लगी. इससे वे घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद बदमाशों ने उनके पास रखा नकदी से भरा बैग छीना और मौके से फरार हो गए. वारदात के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों ने घायल कर्मचारी को संभाला और पुलिस को सूचना दी.

अस्पताल में चल रहा घायल कर्मचारी का इलाज
सूचना मिलते ही सैंपऊ थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद योगेश को सैंपऊ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हेलमेट पहनने के कारण उनकी जान बचने की बात सामने आई है, हालांकि गोली लगने से वे घायल हुए हैं.

बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी अमित कुमार के अनुसार, मामले में केस दर्ज कर बदमाशों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. बदमाश किस दिशा में भागे और वारदात में इस्तेमाल बाइक की पहचान के लिए भी जांच की जा रही है.

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
सैंपऊ क्षेत्र में इससे पहले भी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों के साथ लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ताजा वारदात के बाद फाइनेंस कंपनियों के कर्मचारियों में डर का माहौल है. पुलिस अब आरोपियों को पकड़ने और लूटी गई रकम बरामद करने के प्रयास में जुटी है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES