राजस्थान के दौसा जिले में 16 वर्षीय गर्भवती किशोरी से कथित यौन शोषण का मामला सामने आया. नाबालिग लड़की से गैंगरेप के बारे में सुनकर लोगों के होश उड़ गए. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. शुरुआत में किशोरी के साथ गैंगरेप की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक गैंगरेप जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है.
दौसा SP कुंदन कंवरिया ने बताया कि मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर कथित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है. मामले में SP कुंदन कंवरिया ने खुलासा करते हुए कहा कि दौसा जिला अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक नाबालिग किशोरी गर्भवती है और प्रसव पीड़ा से गुजर रही है.
सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और पीड़िता के पर्चा बयान दर्ज किए. जांच में सामने आया कि कथित आरोपी ही किशोरी को बाइक से जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचा था. इस घटनाक्रम का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. SP कुंदन कंवरिया के अनुसार, आरोपी का किशोरी से पहले से संपर्क था. पुलिस कथित आरोपी से पूरे मामले का अनुसंधान किया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय किशोरी करीब 7 से 8 महीने की गर्भवती थी. उसे देर रात दौसा जिला अस्पताल लाया गया था, जहां उसने महिला चिकित्सालय में एक नवजात को जन्म दिया. हालांकि, जन्म के बाद नवजात की मौत हो गई. फिलहाल किशोरी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पीड़िता का दौसा जिला अस्पताल परिसर में स्थित महिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए SP कुंदन कंवरिया ने जांच डिप्टी एसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी है. अब पुलिस इस बात का भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित आरोपी का पीड़िता से कब से संपर्क था.
Reporter- Laxmi Sharma