Bharatpur News: राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व विधायक और बीजेपी नेता अतर सिंह भड़ाना (68) की हत्या के मामले में उनकी पत्नी कमलेश भड़ाना ने पुलिस में FIR दर्ज कराई है. इसमें 30 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 50-60 अन्य लोगों को भी आरोपी बताया गया है. आरोप है कि भौंड़ा गांव स्थित क्रशर और खनन लीज पर घुसकर भीड़ ने मारपीट, पथराव, फायरिंग और आगजनी की. हमले में अतर सिंह भड़ाना की मौत हो गई, जबकि उनके सहयोगी गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए.
पत्नी ने FIR में लगाए गंभीर आरोप
कमलेश भड़ाना की ओर से दर्ज कराई गई FIR में मुकेश पुत्र हरज्ञान, राजवीर उर्फ मग्गू, जगत, बाबू, बनवारी, भागचंद, विष्णु, हेमसिंह, कौशल, अवतार, शिव सिंह, जितेंद्र और संजय समेत कुल 30 लोगों के नाम शामिल हैं. इसके अलावा 50-60 अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सभी लोग एकराय होकर क्रशर को उखाड़ने के इरादे से पहुंचे और हमला कर दिया.
एक दिन पहले भी मारपीट का आरोप
FIR के मुताबिक, जिन लोगों पर पूर्व विधायक की हत्या का आरोप है, उन्होंने घटना से एक दिन पहले भी क्रशर और लीज पर काम करने वाले लोगों के साथ मारपीट की थी. इस मामले में वैर थाने में प्रकरण दर्ज होने की बात कही गई है. आरोप है कि अगले दिन उन्हीं लोगों ने दोबारा हमला किया. हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
लीज और क्रेशर पर घुसकर किया हमला
पूर्व विधायक की पत्नी के अनुसार, अतर सिंह भड़ाना रविवार शाम करीब 6:30 बजे भौंड़ा गांव स्थित अपने क्रशर और खनन लीज पर पहुंचे थे. उस समय वहां करीब 20 से 25 कर्मचारी मौजूद थे. आरोप है कि इसी दौरान 70 से 80 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया. हमले में मारपीट के साथ पथराव, फायरिंग और आगजनी किए जाने की बात भी FIR में कही गई है.
सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने अतर सिंह भड़ाना के हाथ-पैर तोड़ दिए और सिर पर गडासे से वार किया. उन्हें गंभीर हालत में रविवार रात करीब 11:30 बजे जयपुर के SMS अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. सोमवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद परिजन शव को हरियाणा के फरीदाबाद जिले के पाली गांव ले गए, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
सहयोगी गगन शर्मा भी गंभीर घायल
हमले में लीज पर सिक्योरिटी का काम करने वाले गगन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्हें भरतपुर के RBM अस्पताल की ICU में भर्ती कराया गया है. गगन के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले वे लीज की मेस में खाना बना रहे थे, तभी ग्रामीणों ने बिजली का कनेक्शन काट दिया. इसके बाद अचानक हमला हुआ और वे बेहोश हो गए. उन्हें इसके बाद की घटना याद नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.