अलवर में दर्दनाक हादसा: दादा के निधन के अगले दिन पोते की भी हुई मौत, घर में मचा कोहरम
अलवर के रामगढ़ कस्बे में शनिवार सुबह राजस्थान ग्रामीण बैंक के सामने तेज रफ्तार टाटा ट्रोले ने सड़क किनारे खड़े तीन किशोरों और मोटरसाइकिल को कुचल दिया. हादसे में 15 साल के पुष्प की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय नमन और जीत गंभीर घायल हो गए. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर किया गया.
Alwar News: राजस्थान के अलवर के रामगढ़ कस्बे में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. राजस्थान ग्रामीण बैंक के सामने अपनी साइड में खड़े तीन किशोरों को पीछे से आए तेज रफ्तार टाटा ट्रोले ने कुचल दिया. हादसे में 15 साल के पुष्प की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
बैंक के सामने खड़े थे तीन किशोर
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे पुष्प पुत्र प्रेम प्रकाश, उम्र 15 वर्ष, नमन पुत्र ज्ञान प्रकाश, उम्र करीब 14 वर्ष और पड़ोसी जीत पुत्र गुरमित सिंह, उम्र करीब 14 वर्ष, राजस्थान ग्रामीण बैंक के सामने अपनी साइड में खड़े थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए टाटा ट्रोले ने वहां खड़ी मोटरसाइकिल और तीनों किशोरों को अपनी चपेट में ले लिया.
मौके पर ही हुई 15 वर्षीय पुष्प की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि 15 साल के पुष्प ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, नमन और जीत गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रामगढ़ अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने पुष्प को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत के चलते नमन और जीत को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर कर दिया गया.
दादा की मौत के अगले दिन पोते की मौत
हादसे के बाद पुष्प के परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सबसे दर्दनाक बात यह है कि पुष्प के दादा का निधन हादसे से महज एक दिन पहले हुआ था और शनिवार को ही उनकी तीये की बैठक होनी थी. परिवार अभी दादा की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि 15 साल पुष्प की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया. एक ही परिवार में लगातार दो मौतों से मातम पसरा हुआ है.
ट्रोला चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मृतक के परिजन वेद प्रकाश खंडेलवाल पुत्र श्रीचंद, निवासी रामगढ़ ने रामगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट में ट्रोला चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है.
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
रामगढ़ थाने के एसआई दयाचंद मीणा ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे की परिस्थितियों के साथ ट्रोला चालक की भूमिका की जांच की जा रही है.
Report- Jugal Gandhi