SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

खेत की डोल पर खूनी संघर्ष: लाठी-डंडों और फरसी से लैस होकर भिड़े दो पक्ष, 5 महीने की गर्भवती समेत कई घायल

अलवर के नौगांवा में खेत में क्यारी बनाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. लाठी-डंडों, फरसी और पथराव में गर्भवती महिला समेत कई लोग घायल हुए. दो महिलाओं को अलवर रेफर किया गया, जबकि दो लोग गिरफ्तार हुए.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 11, 2026, 04:31 PM IST | Updated: Nov 11, 2026, 04:41 PM IST
Image Credit: खेत में क्यारी बनाने और डोल जोतने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ.
Join

राजस्थान के अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र में खेत में क्यारी बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और फरसी लेकर आमने-सामने आ गए. इस दौरान जमकर मारपीट और पथराव हुआ. घटना में एक पांच महीने की गर्भवती महिला समेत कई लोग घायल हो गए. सभी घायलों को नौगांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में दो महिलाओं को अलवर रेफर कर दिया गया.

क्यारी बनाने और खेत की डोल जोतने पर हुआ विवाद
हजारी सैनी के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे उसके चचेरे भाई राजू पुत्र ओमप्रकाश और उसकी पत्नी सीमा निवासी सुन्हैड़ा अपने खेत में क्यारी बना रहे थे. इसी दौरान खेत के पास रहने वाले भीम सिंह पुत्र हरि सिंह ने इसका विरोध किया. उसका आरोप था कि राजू पक्ष खेत की डोल को जोत रहा है. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई.

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भीम सिंह और उसके साथ आए लोगों ने राजू पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. पति को बचाने पहुंची सीमा के सिर पर फरसी से वार किया गया. शिकायत के अनुसार, पिंटू पुत्र भीम सिंह, बिहारी, मगनलाल और छगनलाल पुत्र भवन सिंह, सतीश पुत्र भवन सिंह, अजय पुत्र भीम सिंह, मुन्नी और चंचल सहित अन्य लोग भी हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और मारपीट की.

यह भी पढे़ं- सिरोही में लव मैरिज का खौफनाक अंजाम! गर्भवती पत्नी के सामने पति को कुल्हाड़ी और तलवार से काट डाला

परिजनों के पहुंचने पर हुआ पथराव
हमले के बाद घायल राजू और सीमा को खेत में छोड़कर राजू घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने घर के ऊपर से पथराव शुरू कर दिया. इससे विवाद और बढ़ गया तथा दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट और पत्थरबाजी हुई.

पांच माह की गर्भवती महिला समेत कई घायल
इस संघर्ष में काजल पत्नी अमित (20), सीमा पत्नी राजू (30), शुगनी पत्नी रविंद्र (20), राजू पुत्र ओमप्रकाश और शंकर पुत्र नंदलाल (40) घायल हुए. वहीं दूसरे पक्ष के भीम सिंह, अजय और सतीश को भी चोटें आईं. घायल काजल पांच महीने की गर्भवती बताई जा रही है.

यह भी पढे़ं- भरतपुर में बड़ा सड़क हादसा: बांध के पानी में पलटी सवारियों से भरी बस, मां की गोद में 9 माह की बच्ची की मौत

दो महिलाओं को अलवर किया रेफर, दो गिरफ्तार
ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया. इसके बाद घायलों को नौगांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए काजल और सीमा को बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया.

सूचना मिलने पर नौगांवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली. राजू के चाचा कैलाश की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. थानाधिकारी हरदयाल सिंह के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था. पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Reporter- Jugal Gandhi

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES