App

कांग्रेस पर भड़के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा: बोले- विरोध प्रदर्शन की भी मर्यादा होती है

राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सवाई माधोपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने SIR प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि मतदाता सूची से मृत और अयोग्य मतदाताओं के नाम हटाना जरूरी है.

कांग्रेस पर भड़के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा: बोले- विरोध प्रदर्शन की भी मर्यादा होती है
Image Credit: ZEE Media

राजस्थान के सवाई माधोपुर में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा होटल जलसा में आज मीडिया से रूबरू हुए. मीडिया से बातचीत में किरोड़ी लाल मीणा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने "लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ" विषय पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल पैदा करने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है.

विरोध प्रदर्शन की भी अपनी मर्यादाएं और सीमाएं होती हैं- डॉ. किरोड़ी लाल

पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार देखने को मिल रहा है कि आंदोलनकारी सुप्रीम कोर्ट और प्रधानमंत्री निवास के समक्ष प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध प्रदर्शन की भी अपनी मर्यादाएं और सीमाएं होती हैं. विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर बोलते हुए डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है. कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार SIR की प्रक्रिया अपनाई गई है.

उन्होंने सवाल उठाया कि जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है या जो बांग्लादेशी नागरिक हैं, उनके नाम मतदाता सूची में क्या बने रहने चाहिए. मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाए रखने के लिए ऐसे नामों को हटाना बेहद जरूरी है. वहीं वोट चोरी के आरोपों को लेकर भी डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने विपक्ष पर पलटवार किया.

वोट चोरी के आरोपों पर बोले किरोड़ी लाल मीणा

डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि यदि वास्तव में वोट चोरी हो रही हैं, तो फिर सवाई माधोपुर से भाजपा के चुनाव जीतने के बावजूद बामनवास से कांग्रेस की इंदिरा मीणा कैसे चुनाव जीत गईं. इसी तरह गंगापुर सिटी से कांग्रेस के रामकेश मीणा की जीत पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए विपक्ष के आरोपों को निराधार बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने के साथ ही वोट चोरी जैसे मुद्दों पर भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रही है.

पंचायत राज चुनाव के बाद आपदा राहत कार्यों को धरातल पर उतारने का दावा

राजस्थान में अकाल की स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश के कुछ जिलों की चुनिंदा तहसीलों को अकालग्रस्त घोषित किया गया है. पंचायत राज चुनाव संपन्न होने के बाद आपदा राहत कार्यों को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक अनुमति लेकर कार्रवाई की जाएगी.

हनुमान बेनीवाल के बयान पर कृषि मंत्री की प्रतिक्रिया

वहीं हनुमान बेनीवाल द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि हनुमान बेनीवाल के आरोपों में कोई दम नहीं है. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार लगातार जनता के हित में काम कर रही है और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है.

Reporter- Abhinav Agrawal

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Aman Singh

Aman Singh

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More