दिल्ली के राजेंद्र प्लेस की इमारत में ‘यूनिवर्सिटी’ का दावा, हकीकत में मिले सिर्फ दफ्तर; Zee News की ग्राउंड रिपोर्ट से खुला फर्जीवाड़ा
UGC ने देशभर के फर्जी शिक्षण संस्थानों की सूची जारी की है. इनमें 12 संस्थान दिल्ली के हैं. ऐसे ही एक फर्जी संस्थान की पड़ताल करने के लिए जी न्यूज की टीम राजेंद्र प्लेस पहुंची तो वहां हैरान करने वाली जानकारी मिली.
अगर आप या आपके बच्चे किसी यूनिवर्सिटी में एडमिशन लें तो दाखिले से पहले उसकी मान्यता जरूर जांच लें. कहीं ऐसा न हो कि कोर्स पूरा करने के बाद आपको पता चले कि उस इंस्टिट्यूट या यूनिवर्सिटी की मान्यता ही नहीं है तो पूरा करियर बर्बाद होते देर नहीं लगती. यूजीसी ने हर साल की तरह इस बार भी देश में फर्जी यूनिवर्सिटियों की सूची जारी की है. इस सूची में दिल्ली के कुल 12 यूनिवर्सिटीज या इंस्टीट्यूट ऐसे हैं, जो कि फर्जी बताए गए हैं.जी न्यूज की टीम ऐसी ही एक-एक फर्जी यूनिवर्सिटीज की इन्वेस्टिगेशन कर रही हैं.
गोपाल टावर के नाम से चल रही फर्जी यूनिवर्सिटी
जी मीडिया के रिपोर्टर शुभांग इसी तरह की एक फर्जी यूनिवर्सिटी की पड़ताल करते हुए दिल्ली के राजेंद्र प्लेस पहुंचे. वहां पर एक यूनिवर्सिटी होने का दावा किया गया था, लेकिन उस जगह कोई यूनिवर्सिटी नहीं मिली.
दिल्ली में ADR-सेंट्रिक ज्यूरिडिकल यूनिवर्सिटी के नाम से एडमिशन और स्टूडेंट्स को डिग्रियां बांटी जा रही थी. कागजातों पर इसका पता ADR हाउस, 8J, गोपाला टावर, 25 राजेंद्र प्लेस, नई दिल्ली - 110008 लिखा था.
जब जी के रिपोर्टर अपने कैमरामैन के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां पर उन्हें गोपाल टावर के नाम से 8 मंजिला इमारत दिखाई दी. बिल्डिंग में काम करने वालों के साथ ही आसपास के लोगों से जब यूनिवर्सिटी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस बारे में साफ इनकार कर दिया.
बिल्डिंग में चल रहे अलग-अलग कंपनियों के ऑफिस
लोगों ने बताया कि इस बिल्डिंग में अलग-अलग ऑफिस चलते हैं लेकिन यहां पर कोई भी यूनिवर्सिटी नहीं चल रही है और न ही स्टूडेंट्स यहां पर पढ़ने आते हैं.
रिपोर्टर शुभांग ठाकुर के मुताबिक, यूजीसी की ओर से जारी फर्जी संस्थानों की सूची में इसी गोपाल टावर की 8वीं मंजिल पर 'ADR सेंट्रिक ज्यूडिशियल यूनिवर्सिटी' होने की बात कही गई थी. लेकिन हकीकत ये है कि वहां पर ऐसी कोई यूनिवर्सिटी नहीं है.
एडमिशन के नाम पर स्टूडेंट्स को ठगने का धंधा
आसपास के लोगों ने बताया कि यहां पर न पहले और न ही अब कोई यूनिवर्सिटी है. उन्होंने यह भी बताया कि यह युवाओं को एडमिशन के नाम पर बहकाकर ठगने का तरीका है. यह सीधे-सीधे पैसे लूटने का तरीका है. ऐसा करके स्टूडेंट्स के करियर के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.
ऐसे में बहुत जरूरी हो जाता है कि अगर आप या आपके परिवार के बच्चे किसी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेते हैं, तो पहले अच्छी तरह जांच लें कि वह यूनिवर्सिटी UGC के साथ सर्टिफाइड है या नहीं.
फर्जी यूनिवर्सिटीज के खिलाफ अभियान चला रहा जी न्यूज
बताते चलें कि जी मीडिया की टीम ऐसे ही अलग-अलग इलाकों में पहुंच कर इस बात की तफ़्तीश कर रही है कि वहां ऐसी कोई यूनिवर्सिटी या ढांचा तो मौजूद नहीं है. लेकिन अभी तक जी न्यूज ने जिन जगहों की भी पड़ताल की है, वहां पर न कोई यूनिवर्सिटी चलती मिली है और न ही कोई इंस्टीट्यूट पाया है. इसके बजाय वहां पर कंपनियों के दफ्तर या फिर रिहायशी इलाके पाए गए.