)
लखनऊ में फर्जी यूनिवर्सिटी का बड़ा खेल सामने आया है. UGC की वेबसाइट पर बाकायदा नाम और पता दर्ज है, लेकिन Zee News की टीम जब मौके पर पहुंची तो यूनिवर्सिटी की जगह बच्चों का स्कूल चलता मिला. कागजों में चल रही इस 'हवाई' यूनिवर्सिटी का असल में कोई वजूद है भी या सिर्फ डिग्रियों की दुकान सजी है? हमारी पड़ताल में कई चौंकाने वाले सच सामने आए हैं.
दरअसल, UGC की वेबसाइट पर लखनऊ के चिनहट स्थित मटियारी इलाके में 'भारतीय शिक्षा परिषद, भारत भवन, मटियारी, चिनहट' के नाम से एक यूनिवर्सिटी का पता दर्ज है. जब Zee News संवाददाता प्रीति श्रीवास्तव कैमरामैन दिवाकर के साथ ठीक इसी पते पर पहुंचीं, तो वहां 'भारत भवन' लिखा एक परिसर तो जरूर मिला, लेकिन न तो वहां किसी यूनिवर्सिटी का बोर्ड था और न ही विश्वविद्यालय जैसी कोई व्यवस्था.

मौके पर यूनिवर्सिटी की जगह 'दीपक पब्लिक स्कूल' संचालित होता पाया गया, जहां प्री-नर्सरी से यूकेजी और कक्षा 1 से 8वीं तक की पढ़ाई होती है. परिसर में बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड जमा करने से जुड़े नोटिस और स्कूल की टाइमिंग के बोर्ड लगे हुए मिले.

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस कथित यूनिवर्सिटी के मालिक या संचालक का भी कोई अता-पता नहीं चल सका. UGC की वेबसाइट पर इस पते के साथ तीन संपर्क नंबर भी दिए गए हैं. जब संवाददाता ने मौके से ही उन नंबरों पर लाइव कॉल करके हकीकत जानने की कोशिश की, तो पहला नंबर स्विच ऑफ मिला. वहीं, दूसरे नंबर पर रिंग जाने के बाद दूसरी तरफ से फोन काट दिया गया और दोबारा मिलाने पर नंबर व्यस्त आने लगा.

जब Zee News की टीम ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से इस यूनिवर्सिटी के बारे में जानकारी ली, तो सभी ने यहां किसी विश्वविद्यालय के होने से साफ इनकार कर दिया.
स्थानीय निवासी सीपी सिंह, जो साल 1995 से इलाके में रह रहे हैं, उन्होंने बताया कि यह 'भारत भवन' बिल्डिंग काफी पुरानी है. पहले यहां बोर्ड से जुड़ा कोई काम होता था और बीते 10-15 साल से यहां बच्चों का स्कूल चल रहा है. उन्होंने साफ कहा कि यहां कभी कोई यूनिवर्सिटी नहीं थी और न ही उन्होंने कभी मालिक को देखा है.

भारत भवन परिसर के ठीक सामने मौजूद स्थानीय दुकानदारों ने भी बताया कि वे यहां केवल 'दीपक पब्लिक स्कूल' को ही जानते हैं, किसी यूनिवर्सिटी का यहां कोई नामोनिशान नहीं है. एक दुकानदार ने बताया कि काफी समय पहले लोग यहां आईटीआई (ITI) जैसा कुछ होने की बात कहते थे, लेकिन वर्तमान में केवल स्कूल ही चलता है.
करीब एक साल पहले भी Zee News की टीम ने इसी स्थान पर पहुंचकर रियलिटी चेक किया था और तब भी स्थिति बिल्कुल ऐसी ही थी. आसपास के लोगों से पूछताछ में UGC के रिकॉर्ड में दर्ज 'कृष्णमूर्ति श्रीवास्तव' नाम के व्यक्ति का भी कोई ठोस पता या संपर्क सूत्र नहीं मिल सका. एक साल बाद भी UGC की वेबसाइट पर इस पते का दर्ज रहना छात्रों के भविष्य के साथ बड़े खिलवाड़ और फर्जीवाड़े की गंभीर आशंका को जन्म देता है.
(लखनऊ से जी मीडिया संवाददाता प्रीति श्रीवास्तव की स्पेशल रिपोर्ट)