App

आखिर कहां लापता हो रहे प्रेमानंद महाराज के शिष्य? परिवार वाले फोटो लेकर मांग रहे इंसाफ, दर-दर भटक रही एक मां

Premanand Ji Maharaj Latest News: प्रेमानंद महाराज के शिष्य आखिर कहां लापता हो रहे हैं? उनके परिवार वाले फोटो लेकर आश्रम के बाहर इंसाफ मांग रहे हैं. वहीं मथुरा पुलिस पूरे मामले पर मौन साधे हुए है.

आखिर कहां लापता हो रहे प्रेमानंद महाराज के शिष्य? परिवार वाले फोटो लेकर मांग रहे इंसाफ, दर-दर भटक रही एक मां

Premanand Ji Maharaj Disciple Missing News: वृंदावन में प्रेमानंद जी महाराज का केलिकुंज आश्रम इन दिनों सुर्खियों में है. एक तरफ जहां उनके शिष्य रसिक दुलारी की आत्महत्या का मामला चर्चाओं में है. वहीं कुछ और  मामलों की वजहों से आश्रम पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. प्रेमानंद जी के शिष्यों के साथ ये क्या हो रहा है. वो कहां लापता हो रहे है. इसके पीछे रहस्य क्या हैं, पुलिस अब इस मिस्ट्री को सुलझाने में लगी है.

आश्रम को लेकर विवाद पहले से ही उठ रहे हैं. प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक की खुदकुशी के मामले में अब तक कोई केस दर्ज नहीं हुआ है या यूं कहें कि मथुरा पुलिस ने अब तक कोई एक्शन नहीं लिया है. इसी बीच महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, मथुरा से भी परिवार अपने बच्चों की तलाश में कई दिनों से आश्रम और मथुरा पुलिस के चक्कर लगा रहे हैं.

हाथों में तस्वीर लेकर अपनों को ढूंढ रहे परिजन

मथुरा में हाथों में अपनों की तस्वीर और आंखों में इंसाफ की उम्मीद के साथ कुछ परिजन अपने बच्चों की तलाश कर रहे हैं. वे परिवार मथुरा पुलिस से न्याय की मांग कर रहे हैं. लेकिन पुलिस है कि कोई कार्रवाई ही नहीं कर रही है.

कासगंज से आया ऐसा ही एक परिवार हाथों में अपने लापता बेटे का पोस्टर लेकर आश्रम के बाहर कई दिनों से बैठा है. वह अपने बेटे की तलाश कर रहा है. परिवार के मुताबिक उनका बेटा मयंक प्रेमानंद का भक्त था और घंटों माला का जाप करता था.

कासगंज के चंद्रपाल ढूंढ रहे अपना बेटा

यूपी के कासगंज निवासी चंद्रपाल सिंह अपने बेटे मयंक को ढूंढते हुए प्रेमानंद महाराज के आश्रम आए हैं. पिछले कई दिनों से आश्रम के चक्कर लगा चुके हैं लेकिन बेटा नहीं मिला है. उन्होंने कहा, मेरा बेटा मानसिक रूप से ठीक है. वह रोज 5-6 घण्टे पूजा करता था और सारे दिन प्रेमानन्द महाराज की बात करता था. एक दिन वह मुझसे प्रेमानंद महाराज से दीक्षा के लिए बोलने लगा, जिसके लिए मैंने मना कर दिया. लेकिन फिर वो गुम हो गया, जिसके बाद हमने कासगंज में FIR भी दर्ज करवाई. अब उसका कुछ पता नहीं चल रहा है.

इसके बाद 7 अगस्त को उनका बेटा मयंक रात के करीब 1.30 बजे मथुरा चला आया और उसके बाद से परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है. परिवार का कहना है कि उन्होंने आश्रम आकर जब अपने बच्चे के बारे में पूछा तो जवाब हैरान करने वाला था. परिजनों का कहना है कि इसके बाद पुलिस में FIR लिखवाई गई लेकिन मथुरा पुलिस कोई एक्शन नहीं ले रही है.

वहां एक और परिवार भी अपने रिश्तेदारों के साथ आश्रम के बाहर बैठा था. वह परिवार अपने नाबालिग और इकलौते बेटे की तलाश रहा है. अपने बेटे को ढूंढने के लिए पुलिस से मिन्नतें कर रहा है, लेकिन मथुरा पुलिस बस इधर-उधर की बातें कर रही है.

उन्होंने कहा कि मयंक को मिलाकर उनके कुल 3 बच्चे हैं, जिनमें 2 बेटे और 1 बेटी हैं. मयंक के गायब होने के बाद उन्होंने बेटे को आश्रम में ढूंढने की कोशिश की लेकिन अब तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है.

मथुरा के परिवार को नवनीत की तलाश

चंद्रपाल की तरह ही मथुरा में रहने वाला परिवार भी नाबालिग बेटे नवनीत की तलाश कर रहा है. उनकी मां लक्ष्मी पिछले एक महीने से उन्हें ढूंढ रही हैं. मां का कहना है कि उनका 14 साल का बेटा नवनीत अक्सर प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने आता था. एक दिन वह स्कूल के लिए जाने की कहकर घर से निकला. इसके बाद से वह घर नहीं पहुंचा. तब से पूरा परिवार उसे ढूंढ रहा है.

महाराष्ट्र से बेटा ढूंढते हुए मथुरा पहुंची मां

महाराष्ट्र से भी एक मां अपने बेटे को ढूंढते हुए मथुरा पहुंची हैं. उन्होंने रोते हुए बताया, मेरे पति गुजर चुके हैं. मेरा एक ही बेटा है. वो 21 जुलाई को यहां आया था. मैं यहां आश्रम के साधकों से मिली. उन्होंने बोला कि आपका बेटा यहां है. इसके बाद मुझे बिठाया गया और कई ड्राई फ्रूट्स खाने को दिए गए. इसके बाद मुझे यमुना किनारे ले गए. फिर कुछ देर बाद कहा कि आपका बेटा यहां नहीं है. इसके बाद से मैं लगातार उसकी तलाश कर रही हूं. महाराज जी अच्छे हैं. लेकिन उनके साथ के लोग ठीक नहीं है. वो मुझे बोलकर गया था कि मुझे प्रेमानंद जी जैसा बनना है. लेकिन अब वो गायब है. मैं सवा 2 महीने से उसकी तलाश कर रही हूं.

बेटी को ढूंढ रहा एक लाचार पिता

नोएडा से एक और लापता युवती के पिता वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे हैं. वे अपनी बेटी की तलाश में यहां आए हैं. उनका  नोएडा से वृंदावन अपनी बिटिया की तलाश में आए हैं.

उनकी बेटी 49 दिन से लापता है. वे उसकी तलाश में दर-दर भटक रहे हैं. लेकिन बेटी का कोई सुराग अब तक नहीं लगा है. उनका दावा है कि वे बेटी की गुमशुदगी के बारे में पुलिस में शिकायत तक दर्ज करवा चुके हैं. इसके बावजूद अब तक उसका कहीं सुराग नहीं मिला है. उनका कहना है कि बेटी ने फोन पर बताया था कि वो प्रेमानंद महाराज के आश्रम में रहती है.

सागर जिले का साकेत 12 सितंबर से लापता

वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महराज के आश्रम से लापता हो रहे लोगों में एक और नाम सागर जिले के साकेत नामदेव का भी जुड़ा है. सागर के जरुआखेड़ा के पास स्थित जलंधर गांव का रहने वाला साकेत नामदेव एक तारीख को वृंदावन पहुंचा था और 12 तारीख तक उसकी बात अपने परिजनों से हुई लेकिन उसके बाद से वो लापता है.

साकेत के पिता रामगोपाल नामदेव के मुताबिक,  12 तारीख के बाद जब साकेत से बात नहीं हुई तो वो लोग मथुरा वृन्दावन गए वहां पता किया लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की. परिजनों के मुताबिक, वृंदावन की पुलिस ने साकेत की तलाश के लिए कोई कोशिश नहीं की. इसके बाद उन लोगों ने खुद उसकी गुमशुदगी के पोस्टर पूरे इलाके में चिपकाये और वापस अपने गांव लौट आए.

जनसेवा का दावा और जनता की सुरक्षा की बात करने वाली मथुरा पुलिस परिवार की शिकायत पर अब बस गोल-मोल बातें ही कर रही है. वह कार्रवाई के नाम पर बस दिलासा दे रही है. उन परिवारों की आंखों में बेबसी के आंसू हैं. वे आज भी वृंदावन की इन गलियों में अपने बच्चों को तलाश रहे हैं.

गंभीरता से जांच क्यों नहीं कर रही पुलिस?

सवाल सिर्फ एक शिकायत का नहीं है. सवाल उस भरोसे का है, जिसके आधार पर आम आदमी मथुरा पुलिस के पास आता है. ऐसे यहां सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर परिवार वालों की शिकायत के बाद मथुरा पुलिस जांच क्यों नहीं कर रही है. क्या शिकायत में ऐसा कोई तथ्य है, जिसे मथुरा पुलिस सबसे सामने नहीं लाना चाहती है.

जो मथुरा पुलिस लगातार जनता के बीच पहुंचकर जनसुनवाई और पुलिस-जन संवाद की बात करती है. उसी पुलिस के राज में अगर किसी शिकायतकर्ता को FIR दर्ज कराने के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ें, तो पुलिस के दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर पर सवाल उठता है.

रसिक दुलारी की मौत भी बनी मिस्ट्री

वहीं 10 दिन बीत जाने के बाद भी रसिक दुलारी की मौत का मामला एक मिस्ट्री बना हुआ है. हालांकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सीधे-सीधे आत्महत्या का मामला बता रही है. सीओ वृंदावन संदीप सिंह का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच हो रही है. हत्या के जैसी कोई बात नहीं है. आत्महत्या किए जाने के इसमें पूरे प्रमाण हैं. आत्महत्या किन परिस्थितियों में की गई है, इसका पता लगाया जा रहा है.

एक के बाद एक लापता लोगों के परिजनों के प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचने के कारण आश्रम एक 'रहस्यलोक' में बदलता दिख रहा है. ऐसे में मथुरा पुलिस को चाहिए कि बिना किसी देरी के इन सभी परिवारों के आरोप की जांच करके इन परिवारों को न्याय दिलाए.

अफवाह के आधार पर आश्रम की छवि न करें खराब- ट्रस्ट

इस बीच केलि कुंज ट्रस्ट की ओर से बयान आया है. जिसमें कहा गया है कि रसिक दुलारी के साथ हुई दुखद घटना से सभी आहत हैं. आश्रम प्रबंधन ने पुलिस जांच में सहयोग की बात कही है. साथ ही ये भी कहा गया है कि जांच होने तक किसी प्रकार की अपुष्ट जानकारी, अफवाह या अनुमान के आधार पर आश्रम की छवि खराब करने वाला कोई काम न करें. ट्रस्ट ने भरोसा जताया है कि पुलिस की निष्पक्ष जांच सारे तथ्यों को सामने ले आएगी.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More