SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

10 और 20 के नोट बाजार से अचानक कहां हो गए गायब? बैंक में नहीं मिलते, तो ब्लैक मार्केट में कैसे बिक रहीं गड्डियां?

क्या बाजार से 5 ,10, 20, 50 के नोट वाकई गायब हो चुके हैं. अगर ऐसा नहीं है तो वे चलन में ज्यादा नजर क्यों नहीं आ रहे. बैंकों में जाने पर वे आसानी से मिल क्यों नहीं रहे. जी न्यूज ने इस पर इन्वेस्टिगेशन की तो चौंकाने वाला सच सामने आया.

Edited By Devinder Kumar
Published: Nov 16, 2026, 21:42 IST | Updated: Nov 16, 2026, 22:01 IST
Image Credit: बाजार से छोटे नोट कहां गायब होते जा रहे हैं (एआई इमेज)
Join

बैंकों में इसका खामियाजा छोटे व्यापारियों, ऑटो वाले सब्जी वाले को बहुत ज्यादा हो रहा है. छोटे व्यापारियों का कहना है कि बैंक में भी छोटे नोट नहीं मिल पा रहे हैं. अगर कोई लेना चाहे तो इसके लिए उन्हें कमीशन देना पड़ रहा है. उनका आरोप है कि छोटे नोटों को जानबूझकर दबा लिया जा रहा है. वहीं, आरबीआई का दावा है कि बाजार में 28 हजार 400 करोड़ के छोटे नोट सर्कुलेशन में है. ऐसे में सवाल है कि आखिरकार ये छोटे नोट कहां गए. इस मुद्दे पर जब जी न्यूज ने इन्वेस्टिगेशन की तो कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं, जिन्हें जानकर आप दंग रह जाएंगे.

मार्केट से कहां गायब हो गए छोटे नोट?

जी न्यूज की पड़ताल में नोट पता चला कि अलग-अलग धनराशि मार्केट से वाकई गायब हो गए हैं. हालांकि, अगर आप उन्हें हासिल करना चाहे तो ब्लैक मार्केट से ले सकते हैं. इसके लिए नोट के हिसाब से बाजार में अलग-अलग रेट तय हैं. दस और बीस रुपये के नोट की गड्डी 1400-1400 रुपये में मिल रही है. वहीं 100 रुपये नोट की गड्डी लेने पर 1250 रुपये के आसपास कमीशन देना पड़ रहा है. यह जानकारी ऐसे दुकानदारों ने दी, जो नए छोटे नोट का कारोबार करते हैं.

पड़ताल में यह भी पता चला कि जब बैंक अपनी चेस्ट से छोटे व्यापारियों, ऑटो चालकों और दुकानदारों को जरूरत के मुताबिक नकदी देने में आनाकानी करते हैं, तब यही मजबूरी भूमिगत दलालों और कैश सिंडिकेट्स के लिए काला कारोबार बन जाती है. वे नोटों पर अंकित मूल्य से ज्यादा कीमत पर नकदी बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं, जबकि ऐसा करना कानूनन जुर्म है. यह इस बात का सबूत भी है कि डिजिटल युग में छोटे कैश का डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम किस तरह खराब होता जा रहा है.

'दो-चार गड्डी छोड़ो, एक ट्रक सप्लाई कर दूंगा'

जी न्यूज के स्टिंग ऑपरेशन में एक कमीशनखोर खुलेआम कहता नजर आया कि 'दो-चार गड्डी छोड़ो, एक ट्रक खुले पैसों की सप्लाई कर दूंगा. लेकिन इसके लिए 70 प्रतिशत धनराशि एडवांस लूंगा.'

छोटी धनराशि के नोटों पर हो रही इस कालाबाजारी की पड़ताल करने के लिए जी न्यूज रिपोर्टर प्रमोद शर्मा और फोटोग्राफर ने सबसे पहले भोपाल के मालवीय नगर में बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) की ब्रांच का स्टिंग किया. बैंक के कैशियर ने कहा कि ब्रांच में सिक्के और 5, 10, 20 रुपये के नोट नहीं है. उसने यह भी सुझाव दिया कि SBI ब्रांच जाकर देख लो, शायद वहां मिल जाएंगे.

इसके बाद जी न्यूज की टीम भोपाल के सबसे बिजी टीटी नगर में बने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच में पहुंची. वहां पर जब रिपोर्टर ने कैशियर से सिक्के और खुले पैसे मांगे तो उन्होंने साफ़ मना कर दिया. कैशियर ने कहा कि RBI की तरफ से ही खुले पैसे नहीं आ रहे हैं.  

ज्यादा जरूरी है तो बाजार में जाकर ले लो- कैशियर

इस पर रिपोर्टर ने जब कहा कि RBI का दावा है कि उसकी ओर से सिक्कों और खुले नोटों की सप्लाई में कोई कमी नहीं है तो कैशियर भड़क गया. उसने कहा कि RBI के पास क्या सिक्के बनाना ही एकमात्र काम है. उसने बिन मांगे सलाह भी दे डाली कि अगर ज्यादा ही जरूरी है तो बाजार में जाकर खुले पैसे देख लो.

बैंक के बाहर ही जी न्यूज को मनोज यादव मिले. उनकी बहन की शादी होनी है. इसके लिए उन्हें 10 रुपये के नोटों की गड्डी की जरूरत है. वे कई बैंकों के चक्कर काट चुके लेकिन उन्हें कहीं भी गड्डी नहीं मिल रही है. जबकि बाजार में यही गड्डी 1500 रुपये में मिल रही है.

छोटे नोटों और सिक्कों की कालाबारी व्यापारियों का धंधा भी चौपट कर रही है. इसकी पड़ताल के लिए जी न्यूज के रिपोर्टर ने भोपाल में जूस की दुकान पर जूस पिया. इसके बाद उसे 500 रुपये का नोट देकर 50 रुपये काटने को कहा. लेकिन दुकानदार इस आग्रह से परेशान हो गया. उसने कहा कि छोटे नोट बाजार में मिल ही नहीं रहे हैं. बैंक भी ये नोट नहीं दे रहा है. मार्केट से खरीदो तो वहां कालाबाजारी चल रही है.

एक हजार रुपये की गड्डी पर 500 रुपये का कमीशन 

इसके बाद जी न्यूज का रिपोर्टर भोपाल में न्यू मार्केट पहुंचा, जिसके बारे में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कैशियर ने बताया था. वहां पर पूजन की दुकान पर 10 रुपये के नए नोटों की गड्डी मिल रही थी लेकिन इसके लिए दुकानदार ने 1500 रुपये मांगे. यानी एक गड्डी पर सीधे-सीधे 500 रुपये कमीशन.

बातचीत में दुकानदार ने कहा कि हम बैंक स्टाफ को कमीशन देकर खुले में पैसे लाते हैं. इसके बाद उसने एक पता बताया और कहा कि वहां चले, 10 रुपये के नोटों की जितनी गड्डी चाहिए, उतनी मिल जाएंगी, लेकिन रेट 1500 रुपये प्रति गड्डी ही रहेगा.

वहां से निकलकर जी मीडिया संवाददाता प्रमोद शर्मा भोपाल की जुमेराती मार्केट पहुंचे. अपने खुफिया कैमरे से शूटिंग करते हुए रिपोर्टर ने शादी-समारोह के सामान की एक दुकान से छोटे नोटों की गड्डी के बारे में पूछा तो उसने कहा कि जितनी मांगोगे, उतनी मिल जाएंगी. इसके बाद रिपोर्टर ने 5 रूपये नोट वाली 500 रूपये की गड्डी  1500 रूपये और 20 रूपये नोट वाली 2 हजार रूपये की गड्डी 2300 रूपये देकर खरीदी.

'बैंक में मेरी सेटिंग, सुबह 7 बजे लाता हूं गड्डियां'  

जी मीडिया संवाददाता ने पूछा कि ये खुले पैसे कहां से आते हैं तो उन्होंने एक पता बताया. जब रिपोर्टर वहां पहुंचा तो टोपी लगाए मशरूफ भाई नाम का व्यक्ति मिला. वह पूजन का सामान बेच रहा था. हमने उसका स्टिंग करते हुए पूछा कि क्या खुले पैसे मिलेंगे? इस पर उसने कहा कि जितने पैसे चाहिए, उतने मिल जाएंगे. उसने यह भी कहा कि वह एक ट्रक खुले पैसे दिलवा सकता है.

अपनी मॉडस ऑपरेंडी बताते हुए मशरूफ बोला, 'मैं रोज सुबह 7 बजे अनिल बनकर बैंक जाता हूं. वहां पर मेरी सेटिंग है. मैं जितने मांगता हूं, वहां पर उतने पैसे मिल जाते हैं. अगर एक ट्रक खुले पैसे मांगोगे तो वे भी मिल जाएंगे.  वहां से पैसे लाने के बाद पूजन की दुकान से उसकी सप्लाई करता हूं.' 

अब तक की पड़ताल से यह साबित हो चुका था कि बैंक कर्मियों और खुले पैसों की कालाबाजारी करने वालों के बीच गठजोड़ है. बैंक में खुल्ले पैसे आम आदमी के लिए नहीं हैं, लेकिन बिचोलियों के लिए उनके दरबार खुले हैं. लिखी हुई वेल्यू से ज्यादा कीमत पर खुले पैसे बेचकर लोगों की मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है. RBI के दावे तो खोखले साबित हो रहे हैं. पुलिस-प्रशासन भी इस सारे मसले पर चुप्पी साधे हुए है.

भोपाल की तरह एक स्टिंग ऑपरेशन पटना में भी किया गया, जहां पर जी न्यूज रिपोर्टर प्रशांत झा ने खुफिया कैमरे के जरिए पूरी पड़ताल की.

पटना में भी बैंकों में नहीं मिले छोटे नोट

ZEE MEDIA ने सोमवार को पटना के दो बैंको में छोटे नोटों की उपलब्धता का रियलिटी टेस्ट किया तो पाया किसी भी बैंक के पास 10 और 20 रूपये के नोट मौजूद नहीं है. जी मीडिया की टीम सबसे पहले पटना के एसके पुरी एरिया में बने कैनरा बैंक पहुंची. रिपोर्टर ने जब बैंक के कैश काउंटर से पता किया तो कैशियर ने ब्रांच में छोटे नोट होने से हाथ खड़ा कर दिया.

ये भी पढ़ें- भोपाल में खुलेआम बिक रही 7 दिन में गोरा करने का दावा करने वाली खतरनाक 'पाकिस्तानी क्रीम'! Zee मीडिया के खुलासे पर एक्शन में सरकार

बैंक स्टाफ ने कहा कि दीपावली के त्योहार पर बड़ी मात्रा में छोटे नोट ग्राहक ले गए. इसके बाद से करेंसी चेस्ट से ये नोट नहीं आये हैं. HIDDEN VIDEO लेकर ZEE की टीम बैंक मैनेजर के पास पहुंची तो उन्होंने कहा कि बैंक के पास अभी छोटे नोट नहीं आ रहे हैं. जैसे ही छोटे नोट आते हैं तो लोग तुरंत ले जाते हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि आरबीआई की ओर से इन छोटे नोट की सप्लाई भी कम हो रही है.

केनरा बैंक के मैनेजर अभिषेक कुमार ने दावा किया कि छोटे नोट देशभर में पूरी तरह चलन में हैं और कहीं कोई कमी नहीं है. लेकिन वे जो कह रहे थे, सचाई इसके ठीक उलट थी.

INDIAN BANK से भी छोटे नोट हुए लापता

इसके बाद ZEE MEDIA की टीम पटना के कोतवाली थाना के पास स्थित INDIAN BANK पहुंची. वहां पर बैंक मैनेजर विजय कुमार ने कहा कि डिमांड आने पर छोटे नोट पीछे से मंगवाकर आगे डिलीवर कर दिए जाते हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल बैंक में भी इन छोटे नोटों की कमी बनी हुई है. विजय कुमार ने यह भी कहा कि दीपावली से लेकर छठ तक बैंकों में छोटे नोटों की गड्डी की मांग होती है. लेकिन बैंको में 10, 20 और 50 के नोट नहीं मिल पा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- 7 साल में परिवार के 7 लोगों की मौत... आवाज उठाई तो फैक्ट्री में बुलाकर धमकाया, ZEE NEWS के ऑपरेशन 'काला पानी' से मचा हड़कंप

बैंक के बाहर निकलने पर कुछ जरूरतमंदों ने बताया कि छोटे नोट खरीदने के लिए वे पटना स्टेशन के पास जाते हैं. वहां पर प्रचुर मात्रा में छोटे नोट की गड्डियां उपलब्ध हैं. हालांकि, इसके लिए दस रुपये के 100 नोटों की गड्डी पर 1400 रुपये चुकाने पड़ते हैं.

रिजर्व बैंक के दावे साबित हुए हवा-हवाई

ZEE MEDIA की टीम जब स्टेशन के पास इस नोट के बाजार में पहुंची तो कैमरा देखकर छोटे नोट के दुकानदार भागने लगे. लेकिन वहीं मौजूद एक दुकानदार ने बताया कि 10 रूपये की गड्डी 1400 में देगा. उसने यह भी बताया कि 20 रुपये के नोट की गड्डी और 50 के नोट की गड्डी भी मौजूद है, लेकिन सबका कमीशन अलग अलग है.

कुल मिलाकर, इस पड़ताल से यह साबित हो गया कि रिजर्व बैंक भले ही देश में छोटे नोटों की उपलब्धता के बड़े-बड़े दावे कर रहा हो, लेकिन असल स्थिति इसके एकदम उल्टी है. छोटे नोटों और सिक्कों की कमी की वजह से लोगों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं. इसके बावजूद उनकी समस्या सुनने और सुलझाने वाला कोई नहीं है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES