थाने में चाकूबाजी करने वाला नबील तो आदतन अपराधी निकला! सामने आया 4 साल पुराना ब्लेड अटैक का मामला, पढ़िए ग्राउंड रिपोर्ट
जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने वाले नबील ने ऐसी वारदात पहली बार नहीं की है. उस पर 4 साल पहले भी ब्लेड से हमला करने का मामला दर्ज हुआ था.
जामा मस्जिद हमले में पकड़ा गया नबील पुलिस की गोलियां लगने के बाद अभी अस्पताल में भर्ती है. उसकी सर्जरी हो चुकी है और हालत धीरे-धीरे सुधर रही है. उसके फिट होने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी. इसके बाद कोर्ट में पेश करके उसे जेल भेजा जाएगा. जी न्यूज के रिपोर्टर शुभांग ठाकुर लगातार इस मामले की इन्वेस्टिगेशन कर रहे हैं. मंगलवार को उनकी जांच में कई हैरतअंगेज तथ्य सामने आए, जिसे आपको जानना चाहिए.
पुलिस में दहशत फैलाने की कर रहा था कोशिश!
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी नबील के पास पॉकेट नाइफ था. जिस अंदाज में उसने थाने में घुसकर पुलिसकर्मियों पर बेखौफ होकर चाकू से हमला किया, उससे लगता है कि वह एक तरह से दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था. अभी तक फेसबुक या इंस्टाग्राम पर उसका कोई सोशल मीडिया अकाउंट नहीं मिला है. लेकिन पुलिस लगातार उसके बारे में डिटेल खंगालने की कोशिश कर रही है.
नबील के बैकग्राउंड की जांच में पुलिस को पता चला है कि वह अपने पिता के साथ मजहबी किताबें छापने का काम करता था. आरोपी अपने पिता से मारपीट भी करता था. बाद में उनके पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. बाप की मौत के बाद भी उसमें कोई सुधार नहीं आया.
नशे के लिए मां-बहन की करता था पिटाई
वह बेरोजगार था और कोई काम नहीं करता था. जैसे-तैसे करके उसकी बहन और मां छोटा-मोटा काम करके घर को चला रही थी. लेकिन उन्हें सहयोग करने के बजाय वह उन्हें भी पीटता था. उसकी पिटाई से बचने और नशे की लत को पूरा करने के लिए मां-बहन उसे 200 रुपये रोजाना खर्च के लिए देती थीं. इसके बावजूद, वह उन पर हाथ छोड़ने में गुरेज नहीं करता था.
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या वह कोई ऐसी मजहबी धार्मिक किताबें या इंटरनेट पर उपलब्ध सामग्री पढ़ता था, जो उसे इस तरह के हमलों के लिए उकसाती हों. फिलहाल, अभी तक की जांच में कोई आतंकी एंगल सामने नहीं आया है. लेकिन उसके बैकग्राउंड के बारे में कई नई जानकारियां निकलकर सामने आ रही हैं.
चार साल पहले भी ब्लेड से किया था हमला
जी न्यूज की इन्वेस्टिगेशन में पता चला है साल 2022 में दरियागंज थाने में नबील के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज हुआ था. तब उसने लड़ाई झगड़े के दौरान ब्लेड से हमला किया था. इससे साफ साबित है कि थाने में घुसकर पुलिसकर्मियों पर हमला करना उसकी पहली वारदात नहीं थी. वह इस तरह के हमलों के लिए आदतन हो चुका है.
ये भी पढ़ें- जेम्स बॉन्ड और सिंघम भी इस सिपाही के आगे फेल! बाइक पर 15 KM पीछा कर दबोचा बदमाश, कई केस के खुले राज
हालांकि, उसके पड़ोसियों का दावा कुछ और ही है. जी न्यूज से बात करते हुए उन्होंने बताया कि नबील शांत किस्म का लड़का है और कभी लड़ाई झगड़ा नहीं करता था. उन्होंने बताया कि नबील घर का सबसे बड़ा बेटा हैं. उसके 2 भाई और एक बहन हैं. बहन की शादी हो चुकी हैं लेकिन कुछ दिन के लिए घर आई थी.
नबील के एनकाउंटर से समझ आया माजरा
पड़ोसियों ने इस बात को लेकर हैरानी जताई कि आखिर नबील ने थाने में घुसकर पुलिसवालों पर हमला कैसे कर दिया. कुछ लोगों ने बताया कि रविवार रात घर से लड़ाई की कुछ आवाजें आ रही थीं. लेकिन, यह पता नहीं चल रहा था कि आखिर हो क्या रहा है. इसके बाद मीडिया में पुलिस पर हमले और नबील के एनकाउंटर की खबरें देखीं तो माजरा समझ में आया.