217 दिन... समंदर के सीने में खामोशी से छिपी रही परमाणु पनडुब्बी 'HMS वेंजेंस', खौफनाक विश्व रिकॉर्ड से मची खलबली!
ब्रिटेश का परमाणु पनडुब्बी 'HMS वेंजेंस' ने 217 दिनों समंदर के पानी में दफन रहकर अपने ही देश की 'HMS वैनगार्ड' सबमरीन के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया है. इससे पहले 'HMS वैनगार्ड' ने 205 दिनों के पानी के अंदर रहने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था.
ब्रिटेश की परमाणु पनडुब्बी 'HMS वेंजेंस' के 217 दिनों के 'खौफनाक वनवास' ने पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया है. ब्रिटिश परमाणु पनडुब्बी अपने मिशन के दौरान 217 दिनों तक समंदर के पानी में दफन रही और किसी को इसकी खबर तक नहीं लगी. इस दौरान ने पनडुब्बी ने सेटेलाइट के साथ भी कोई संपर्क नहीं रखा. पनडुब्बी पर तैनात कर्मियों ने ना खुली हवा में सांस ली और ना ही धूप के दर्शन किए. 'HMS वेंजेंस' ने अपने ही देश की 'HMS वैनगार्ड' सबमरीन के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया है. इससे पहले 'HMS वैनगार्ड' ने 205 दिनों के पानी के अंदर रहने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था. ब्रिटिश नेवी इस कारनामे से जहां काफी खुश है, वहीं दुनियाभर के एक्सपर्ट इसे लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं. इसमें कोई शक नहीं कि लगातार एक के बाद एक दो विश्व रिकॉर्ड हासिल करना, रॉयल नेवी की ताकत को दिखाता है. लेकिन एक्सपर्ट की नजरों में यह कारनामे सबमरीन में तैनात कर्मियों का शोषण को दिखाते हैं.
'काला पानी' की सजा से तुलना कर रहे एक्सपर्ट
एक्सपर्ट के अनुसार, किसी लंबे मिशन पर निकलने का मतलब है कि सबमरीन में ज्यादा से ज्यादा खाना-पानी और जरूरी सामान को रखा जाए, जिसका मिशन के दौरान इस्तेमाल किया जा सके. इससे जगह की काफी तंगी हो जाती है. सबमरीन में तैनात कर्मियों को महीनों तक अतिरिक्त सामान के बीच रहना पड़ता है. इस कारण से उन्हें ना सही से आराम करने का वक्त मिलता है और ना ही जगह. पनडुब्बी में तैनात कर्मी महीनों तक अपने परिवार से संपर्क नहीं कर पाते. इससे वे भारी मानसिक दबाव से गुजरते हैं. ऐसे में सबमरीन मिशन को लंबा करने से दिक्कतें काफी बढ़ जाती हैं. एक्सपर्ट के मुताबिक, लंबे पनडुब्बी मिशन उसके कर्मियों को 'काला पानी' की सजा देने की तरह है.
मिशन के दौरान दुनिया से कट जाते हैं नाविक
'द गार्डियन' से बातचीत में परमाणु पनडुब्बी विशेषज्ञ डेविड कलन ने रॉयल नेवी के परमाणु पनडुब्बियों के बारे में कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे. उन्होंने कहा था कि ब्रिटिश पनडुब्बियों में काम करना सबसे अधिक मानसिक दबाव वाले कार्यों में से एक माना जाता है. उन्होंने बताया था कि HMS वेंजेंस जैसी बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बियां अपने मिशन के दौरान महीनों तक 'रेडियो साइलेंस' (बिना कोई रेडियो सिग्नल भेजे) की स्थिति में रहती हैं, ताकि उनकी लोकेशन का पता न चल सके. ऐसे में क्रू का बाहरी दुनिया से संपर्क पूरी तरह कट जाता है.
उन्होंने बताया कि कुछ मिशन के दौरान पनडुब्बी में तैनात कर्मियों के परिजनों को हफ्ते में एक बार उनके लिए संदेश भेजने की सुविधा दी जाती है. उन्हें सिर्फ 120 शब्दों में अपना मैसेज पहुंचाना होता है. इन्हें फैमिलीग्राम (Familygrams) कहा जाता है. हालांकि, इन मैसेज को पहले रॉयल नेवी के अधिकारी चेक करते हैं. अगर मैसेज में कोई ऐसी बात है, जिससे कर्मी विचलित हो सकता है, तो उसे हटा दिया जाता है, जिससे मिशन प्रभावित ना हो.
महिला नाविकों ने यौन उत्पीड़न का किया खुलासा
हाल के कुछ वर्षों में ब्रिटिश पनडुब्बियों में तैनात महिला कर्मियों के यौन उत्पीड़न और भेदभाव के सनसनीखेज मामले सामने आए हैं. साल 2022 में रॉयल नेवी की पहली महिला पनडुब्बी चालक दल की सदस्य सोफी ब्रुक ने अपने अधिकारियों पर यौन शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने खुलासा किया था कि पनडुब्बी मिशन के दौरान लगातार उनका यौन शोषण होता रहा. ब्रुक के इस खुलासे के बाद रॉयल नेवी में पनडुब्बी मिशन से जुड़ी कई अन्य महिला कर्मियों ने भी अपने साथ हुए ऐसे ही अनुभवों को सार्वजनिक किया था. इन आरोपों पर साल 2024 में रॉयल नेवी के तत्कालीन प्रमुख एडमिरल सर बेन ने खुद सभी महिला कर्मियों से माफी मांगी थी.
रॉयल नेवी के लिए क्यों जरूरी लंबे पनडुब्बी मिशन?
दरअसल, नाटो देश का अहम सदस्य होने के कारण यूरोप की सामूहिक सुरक्षा में ब्रिटेन अपनी अहम भूमिका निभाता है. मौजूदा वैश्विक उथल-पुथल के बीच ब्रिटेन पर अपनी और यूरोप की सुरक्षा को लेकर दबाव बढ़ा है. यही वजह है कि वह एक के बाद लगातार लंबे परमाणु पनडुब्बी मिशन कर रहा है. रॉयल नेवी का मकसद है कि देश की कम से कम एक परमाणु हथियारों से लैस बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी हर समय समुद्र में गश्त करती रहे. समुद्री मिशन के दौरान परमाणु पनडुब्बी की सटीक लोकेशन गोपनीय रखी जाती है. इस रणनीति का मकसद संभावित दुश्मन को यह संदेश देना है कि अगर ब्रिटेन पर परमाणु हमला होता है, तो वह जवाबी कार्रवाई करने में सक्षम रहेगा.
ये भी पढ़ें- एक्सपायर्ड मिसाइलों से ईरान पर प्रहार: क्या अमेरिका के आ गए इतने बुरे दिन? US अफसर के कबूलनामे से उठे सवाल