SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Interview: 12वीं के स्टूडेंट ने साइलेंसर की गर्मी से बनाया ₹4000 का राइडिंग सूट, सर्दियों में बाइक चलाते वक्‍त नहीं लगेगी ठंड

जालंधर के 12वीं के छात्र प्रभगुण सिंह मिड्ढा ने बाइक साइलेंसर की हीट से ₹4000 का राइडिंग सूट बनाया. जानिए इसकी सुरक्षा, जुगाड़ मेला और आगे की प्लानिंग...

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 28, 2026, 11:38 IST | Updated: Nov 28, 2026, 12:31 IST
Image Credit: 12वीं के छात्र प्रभगुण सिंह मिड्ढा ने बाइक साइलेंसर की हीट से राइडिंग सूट बनाया.
Join

उत्तर भारत की सर्दियां बाइक चलाने वालों के लिए किसी बड़े इम्तिहान से कम नहीं होतीं. पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की सड़कों पर जब घना कोहरा, बर्फीली हवा और गिरता पारा लंबे सफर से टकराता है, तो हर किलोमीटर काटना मुश्किल हो जाता है. मार्केट में विदेशों से आने वाले हीटिंग सूट्स और जैकेट्स तो मिल जाते हैं, लेकिन उनकी भारी कीमत आम राइडर के बजट से बाहर होती है. ऊपर से बैटरी चार्ज करने या एक्स्ट्रा पावर पैक साथ लेकर चलने की टेंशन अलग रहती है. इसी प्रॉब्लम का जुगाड़ निकालते हुए जालंधर के आदर्श नगर स्थित एमजीएन स्कूल के 12वीं के छात्र प्रभगुण सिंह मिड्ढा ने एक कमाल का प्रोटोटाइप बनाया है. यह सूट बाइक के साइलेंसर से निकलने वाली उस एक्स्ट्रा हीट का इस्तेमाल करता है, जो यूं ही हवा में बर्बाद हो जाती है.

प्रभगुण का मानना है कि यह पूरा सूट सिर्फ ₹4,000 के खर्च में तैयार हो सकता है, जबकि विदेशी हीटेड राइडिंग गियर इससे कई गुना महंगे बिकते हैं. खास बात यह है कि इस सूट में न तो कोई भारी बैटरी लगी है और न ही बिजली से गर्म होने वाले तार या पार्ट्स. इस पूरे प्रोजेक्ट में उनके टीचर सुखदेव बंजारा ने उनका पूरा साथ दिया. प्रभगुण के इस आइडिया को भारत सरकार के साइंस एंड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट (DST) की इंस्पायर मानक अवॉर्ड स्कीम के तहत ₹10,000 की मदद भी मिली. इसके अलावा उन्होंने पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हुए जुगाड़ मेला 2026 में भी इसे दिखाया, जहां इन्वेस्टर्स और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने इसे बड़े स्तर पर बनाने में दिलचस्पी दिखाई. अभी यह शुरुआती मॉडल है और मार्केट में आने से पहले इसकी और टेस्टिंग होनी बाकी है.

इस अनोखे आइडिया के पीछे की सोच, बनाने के दौरान आई दिक्कतों, सेफ्टी फीचर्स, बोर्ड एग्जाम की पढ़ाई के साथ तालमेल और आगे के प्लान्स पर हमने प्रभगुण सिंह मिड्ढा से बात की.

रोज की एक आम प्रॉब्लम से निकला यह आइडिया

सवाल: इस अनोखे हीटिंग सूट को बनाने का ख्याल आपके दिमाग में कैसे आया?
प्रभगुण सिंह मिड्ढा: असल में, यह दिक्कत मैंने और मेरे टीचर ने अपने आसपास लोगों की लाइफ देखकर महसूस की थी. हमने देखा कि सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले दूध वाले हों या फिर लद्दाख और हिमाचल जैसे पहाड़ी इलाकों में बाइक से सफर करने वाले लोग, उनके पास कड़ाके की ठंड से बचने का कोई पक्का और सस्ता इंतजाम नहीं होता. हर किसी के पास कार खरीदने के पैसे नहीं होते. यहीं से हमें एक ऐसा हीटिंग सूट बनाने का आइडिया आया, जो बाइक के साइलेंसर की गर्मी को खींचकर राइडर को गर्म रख सके. हमारे पास एक साफ प्लान था, जिस पर हमने करीब एक से डेढ़ साल तक लगातार मेहनत की और अपना पहला मॉडल तैयार किया. इसके रिजल्ट काफी शानदार रहे हैं. हमने कुछ बाइकर्स पर इसका ट्रायल भी किया है और पहनने वाले हर शख्स ने इस मॉडल की तारीफ की है.

टेक और सेफ्टी: बिना भारी बैटरी के कैसे काम करता है यह सूट

₹4,000 में तैयारी और मॉडल बनाते वक्त आई चुनौतियां

सवाल: मार्केट में मिलने वाले हीटिंग गियर काफी महंगे होते हैं, आपने इसे ₹4,000 के बजट में कैसे तैयार किया और इस सफर में क्या दिक्कतें आईं.
प्रभगुण सिंह मिड्ढा: चूंकि यह अभी हमारा शुरुआती मॉडल है, इसलिए हमने इसमें एक नॉर्मल राइडिंग जैकेट का ही इस्तेमाल किया है. इसकी असली खासियत इसमें लगी ट्यूब्स की फिटिंग में है. हमने ऐसी सेटिंग की है कि जैकेट के अंदर वाले हिस्से में गर्मी पास करने वाली (कंडक्टिंग) ट्यूब रहे ताकि शरीर को गर्माहट मिले, जबकि बाहर वाला हिस्सा इंसुलेटिंग रहे ताकि गर्मी बाहर हवा में न निकले. इस पूरे सेटअप पर हमारा कुल खर्च करीब ₹4,000 आया है. अगर हम इन्वेस्टर्स की मदद से इसे बड़े पैमाने पर बनाना शुरू करते हैं, तो इसकी कीमत और भी कम हो सकती है. करीब एक महीने पहले IIT रोपड़ में हुए एक कॉम्पिटिशन में भी हमारे इस मॉडल को पहला इनाम मिला था.

प्रोटोटाइप बनाते वक्त कई टेक्निकल अड़चनें भी आईं. शुरुआत में कई बार पानी लीक होने की समस्या हुई, जिसे हमने सही वॉल्व लगाकर ठीक किया. कई बार पानी का प्रेशर कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता था. लेकिन हर दिक्कत ने हमें कुछ नया सिखाया और हम धीरे-धीरे मॉडल को बेहतर बनाते गए.

टीचर का साथ और 12वीं की पढ़ाई के बीच बैलेंस

सवाल: इस प्रोजेक्ट में आपके टीचर सुखदेव सिंह बंजारा जी की क्या मदद रही, और 11वीं-12वीं की पढ़ाई के प्रेशर के बीच आपने इसके लिए टाइम कैसे निकाला.
प्रभगुण सिंह मिड्ढा: सुखदेव सर ने एक गाइड के साथ-साथ एक सच्चे दोस्त की तरह मेरा साथ दिया. उन्होंने कंधे से कंधा मिलाकर इस प्रोजेक्ट पर काम किया. कई बार स्कूल की छुट्टी होने के बाद भी वे मेरे साथ रुके ताकि हम अपने एक्सपेरिमेंट पूरे कर सकें. उनके लगातार सपोर्ट के बिना यह मुमकिन नहीं था.

मैं इस प्रोजेक्ट पर 11वीं क्लास से काम कर रहा हूं. जब किसी चीज को लेकर आपके अंदर जुनून होता है, तो टाइम अपने आप निकल आता है. 11वीं और 12वीं में कई दिन स्कूल में हाफ-डे होते थे, लेकिन मैं छुट्टी के बाद भी स्कूल की आखिरी घंटी बजने तक रुककर लैब में काम करता था. पढ़ाई और प्रोजेक्ट के बीच बस सही टाइम मैनेजमेंट की जरूरत होती है.

जुगाड़ मेला 2026 का रिस्पॉन्स और आगे का बड़ा प्लान

सवाल: जुगाड़ मेला 2026 में इन्वेस्टर्स का कैसा रिस्पॉन्स रहा, और क्या आप इसे सिर्फ सर्दियों तक रखेंगे या आगे कुछ और भी प्लान है?
प्रभगुण सिंह मिड्ढा: जुगाड़ मेला में हमें कई इन्वेस्टर्स से मिलने का मौका मिला और उनका रिस्पॉन्स बेहद पॉजिटिव रहा. फिलहाल यह सूट सिर्फ सर्दियों में काम करता है, लेकिन अब हम इसे एक कदम आगे ले जाने पर रिसर्च कर रहे हैं. हम एक ऐसा थर्मोस्टेट सिस्टम बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जो साइलेंसर की गर्मी को खींचकर पानी को ठंडा करने की पावर में बदल सके. इससे यही सूट सर्दियों में गर्मी और गर्मियों में ठंडक देने के काम आ सकेगा. इन्वेस्टर्स ने हमें भरोसा दिया है कि अगर हम यह डबल-यूज वाला मॉडल तैयार कर लेते हैं, तो वे प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए ₹40,000 से ₹50,000 तक की शुरुआती फंडिंग देंगे. IIT रोपड़ में भी एक्सपर्ट्स ने हमें इसी दिशा में आगे बढ़ने की सलाह दी थी.

इंफोग्राफिक के जरिए आप समझ सकते हैं कि यह टेक्नोलॉजी कैसे काम करती है और बाइक के साइलेंसर के जरिए कैसे जैकेट हीट करती है.


 

सवाल: देश के बाकी स्टूडेंट्स को आप क्या मैसेज देना चाहेंगे ताकि वे भी कुछ नया करने के लिए मोटिवेट हों.
प्रभगुण सिंह मिड्ढा: मैं अपने साथी स्टूडेंट्स से यही कहूंगा कि वे अपनी क्रिएटिविटी को ज़िंदा रखें और सिर्फ बनी-बनाई लकीर पर न चलें. दुनिया में हमेशा उन्हीं लोगों की कद्र होती है जो कुछ नया सोचने की हिम्मत रखते हैं. आप दुनिया के किसी भी बड़े साइंटिस्ट, मैथमेटिशियन या एंटरप्रेन्योर को देख लें, उन सभी में क्रिएटिव सोच सबसे खास होती है.

मेरा मानना है कि हम जो भी नॉलेज हासिल करते हैं, उसे सिर्फ रटने के बजाय 'फर्स्ट प्रिंसिपल्स' यानी बुनियादी सिद्धांतों के आधार पर समझना चाहिए. जब आप किसी चीज़ की जड़ तक जाकर सोचते हैं और उस नॉलेज को प्रैक्टिकल लाइफ में लागू करते हैं, तभी असली इनोवेशन जन्म लेता है. यही सोच आपको एक बड़ा साइंटिस्ट या कामयाब एंटरप्रेन्योर बना सकती है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES